Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 मुंबई में एक की मौत; सिवनी में 5 लोगों का हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू

नई दिल्ली। मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। उत्तर-पश्चिमी राज्यों में अब तक सामान्य से 46% ज्यादा बारिश हुई है। देश के पूर्वी, मध्य, उत्तर-पश्चिम व पश्चिमी राज्यों में 4 दिन मानसून सक्रिय रहेगा।

मौसम विभाग के अगले 24 घंटे में 19 राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है। भारी बारिश के चलते हिमाचल प्रदेश के शिमला में बाढ़ जैसे हालात हैं। मौसम विभाग ने हिमाचल में 4 दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

इधर, महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे और सतारा में जोरदार बारिश हुई। मुंबई और ठाणे में रेल पटरियों, बाजारों और सड़कों पर करीब 3 फीट तक पानी भर गया है। गोरेगांव में एक 30 साल के शख्स की मौत हो गई। उस पर पेड़ गिर गया था। महाबलेश्वर और मुंबई के विक्रोली में पहाड़ धंसने की दो घटनाएं हुईं। हालांकि यहां कोई नुकसान नहीं हुआ।

मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के खरपडियां गांव में 6 लोग नदी के बीच फंस गए। इन्हें हेलिकॉप्टर की मदद से निकाला गया। इनमें 1 महिला और 5 पुरुष शामिल हैं। ये मवेशी चराने गए थे। अचानक पानी बढ़ने से नदी में फंस गए थे। दो दिन पहले हिमाचल के मंडी जिले में 48 घंटे में लैंडस्लाइड की दो घटनाएं हुईं। इसके चलते चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे-21 दो जगहों पर घंटों बंद रहा। इस रूट पर लगा जाम 20 घंटे बाद खुला।

छत्तीसगढ़: बारिश पर ब्रेक, बढ़ेगा तापमान
छत्तीसगढ़ में बीते तीन दिनों से जमकर बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटे में कुछ जगह भारी तो कई स्थानों पर मध्यम बारिश हुई है। कई इलाकों में बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस गया, जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में आज से बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी और अधिकतम तापमान 4 डिग्री तक बढ़ेगा।

राजस्थान: भारी बारिश का अलर्ट, बीसलपुर बांध का लेवल बढ़ा
राजस्थान में मानसून एक्टिव होने के साथ ही तेज बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज राज्य के दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण पूर्वी हिस्से में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई है। इसके अलावा शुक्रवार को राज्य के पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश होने का भी अलर्ट जारी किया है।

मध्यप्रदेश: दो दिन तेज बारिश, कटनी-मंडला समेत 12 जिलों में अलर्ट
मध्यप्रदेश में मानसून एक्टिव होने के बाद तेज बारिश का दौर जारी है। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले दो दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में 24 जून को मानसून एक्टिव हुआ था। एक ही दिन में मानसून ने प्रदेश को कवर कर लिया था। इसके बाद प्रदेशभर में तेज बारिश हो रही है।

उत्तर प्रदेश: 29 जिलों में आज अलर्ट, जून में मानसून में भी कम बरसात
उत्तर प्रदेश के 29 जिलों में बुधवार को मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। यूपी में मानसून ने 4 दिन पहले जोरदार बारिश के साथ एंट्री की थी। लेकिन, बीते दो दिनों से उम्मीद से कम बारिश हुई। 1 से 27 जून के बीच पूर्वी यूपी में 83.8 मिमी बारिश हो जानी चाहिए थी, लेकिन अभी तक एवरेज 34.4 मिमी बारिश हो सकी।

हिमाचल प्रदेश: नॉर्मल से 135% ज्यादा बारिश; 15 की मौत, 24 घायल
हिमाचल में मानसून ने धमाकेदार शुरुआत की है। प्रदेश में बीते 7 दिन में नॉर्मल से 135% ज्यादा बारिश हुई है। राज्य में 21 से 27 जून तक औसत 27 मिलीमीटर बारिश होती है, लेकिन इस दौरान 63.4 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। मानसून सीजन के दौरान 15 लोगों की मौत भी हुई है।

 

tranding