0 अजित गुट के एनसीपी पर दावे को लेकर जवाब मांगा गया
मुंबई। चुनाव आयोग ने गुरुवार को एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार के गुट को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार की ओर से दायर याचिका पर जारी किया गया है। आयोग ने एनसीपी पार्टी को लेकर शरद पवार से अपना पक्ष रखने के लिए कहा है।
दरअसल, अजित पवार ने 30 जून को 40 विधायकों, विधानपार्षदों और सांसदों के समर्थन के साथ एनसीपी के नाम और सिंबल पर दावा किया था। उन्होंने सभी विधायकों के दस्तखत वाले हलफनामे चुनाव आयोग को सौंपे थे। उन्होंने आयोग से दावा किया था कि असली एनसीपी वही हैं।
अजित पवार 2 जुलाई को शिंदे सरकार में शामिल हुए थे
2 जुलाई को अपने चाचा शरद पवार को छोड़कर अजित पवार महाराष्ट्र की शिंदे सरकार में शामिल हो गए और उन्होंने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। इसके अलावा 8 अन्य विधायकों छगन भुजबल, धनंजय मुंडे, अनिल पाटिल, दिलीप वलसे पाटिल, धर्मराव अत्राम, संजय बनसोड़े, अदिति तटकरे और हसन मुश्रीफ ने भी मंत्री पद की शपथ ली थी। एनसीपी के 9 मंत्रियों को मिलाकर महाराष्ट्र में अब 29 कैबिनेट मंत्री हो गए।