Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 भारत की दूसरी जीत, बुमराह ने झटके 4 विकेट
नई दिल्ली। भारत ने वनडे वर्ल्ड कप-2023 में लगातार दूसरी जीत दर्ज कर ली है। टीम ने अफगानिस्तान को 8 विकेट से हराया। भारत ने पहला मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 6 विकेट से जीता था। इस जीत के साथ टीम इंडिया के 4 पॉइंट्स हो गए और टीम पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर पहुंच गई।

बुधवार को अरुण जेटली स्टेडियम में अफगानिस्तान ने पहले बैटिंग करते हुए 8 विकेट पर 273 रन बनाए। टीम इंडिया ने 35 ओवर में ही टारगेट हासिल कर लिया। भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने 63 गेंद पर शतक लगाया। उन्होंने 131 रन की पारी खेली। पहली पारी में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने 4 विकेट लिए।

विराट की फिफ्टी, चौके से फिनिश किया मैच
विराट कोहली ने 56 गेंद पर 55 रन की नॉट आउट पारी खेली। उन्होंने 35वें ओवर की आखिरी गेंद पर चौका लगाकर भारत को 8 विकेट से मैच जिताया। विराट ने पारी में 6 चौके लगाए और श्रेयस अय्यर के साथ 68 रन की पार्टनरशिप भी की। श्रेयस 25 रन बनाकर नॉट आउट रहे।

रोहित ने 84 बॉल पर 131 रन बनाए
भारत से ओपनिंग करने आए कप्तान रोहित शर्मा ने शुरुआती ओवरों में ही अटैक करना शुरू कर दिया। उन्होंने 30 गेंद पर फिफ्टी और 63 गेंद पर सेंचुरी लगाई। वह 84 गेंद पर 131 रन बनाकर आउट हुए, इस पारी में उन्होंने 16 चौके और 5 छक्के लगाए।

7 वर्ल्ड कप शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बने रोहित
रोहित शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ 63 बॉल पर शतक लगाया। वह वनडे वर्ल्ड कप में 7 सेंचुरी बनाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बने। उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा, जिनके नाम 44 पारियों में 6 शतक हैं। रोहित ने 2015 में एक और 2019 में 5 शतक लगाए थे। ये रोहित के वनडे करियर का 31वां शतक है। वनडे में सबसे ज्यादा शतक के मामले में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के रिकी पॉन्टिंग को पीछे छोड़ा, जिनके नाम 30 शतक हैं। सबसे ज्यादा शतक के मामले में रोहित तीसरे नंबर पर पहुंचे। सचिन तेंदुलकर पहले (49 शतक) और विराट कोहली दूसरे (47 शतक) नंबर पर हैं। रोहित ने अपनी फिफ्टी भी 30 गेंद पर ही पूरी कर ली थी। उन्होंने 63 गेंद पर शतक लगाया। वह भारत के लिए सबसे कम गेंदों पर वर्ल्ड कप शतक लगाने वाले खिलाड़ी बने। उन्होंने कपिल देव का 40 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 1983 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 72 गेंद पर शतक लगाया था।

ईशान 47 रन बनाकर आउट हुए
रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग करने उतरे ईशान किशन ने 47 रन बनाए। उन्हें राशिद खान ने आउट किया। ईशान ने रोहित के साथ 156 रन की पार्टनरशिप की।