Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 कांग्रेस सांसद ने कहा-पीएम मोदी वहां नहीं गए, जैसे वो देश का हिस्सा ही नहीं
आइजॉल। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के मिजोरम दौरे का मंगलवार 17 अक्टूबर को दूसरा दिन था। यहां उन्होंने कहा कि कुछ दिनों पहले मैं भारत जोड़ो यात्रा से कन्याकुमारी से कश्मीर तक चला। इसका आइडिया भाजपा और आरएसएस की ओर से देश में फैलाई गई विचारधारा से लड़ना था।

अगर हम देश में ध्यान से देखें तो भाजपा की आइडियोलॉजी साफ नजर आएगी। मणिपुर में जो हो रहा है, उससे पता चलता है कि बीजेपी की आइडियोलॉजी क्या कर सकती है। वहां सैकड़ों लोग मार दिए गए, महिलाओं से छेड़ाछाड़ हुई, उनका रेप हुआ। बच्चों को मार दिया गया, लोगों के घर जलाए जा रहे हैं। इसके बाद भी पीएम ने मणिपुर का दौरा नहीं किया।

ऐसा लगता है कि पीएम के लिए मणिपुर देश का हिस्सा नहीं है। इसलिए वे मणिपुर को महत्व नहीं दे रहे हैं। राहुल ने मिजोरम के लुंगलेई में जनसभा को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं। वे दो दिन (16-17 अक्टूबर) के मिजोरम दौरे पर हैं।

राहुल ने कहा कि यहां आकर मेरी पुरानी यादें ताजा हो जाती हैं, जब मैं 1986 में यहां आया था। तब मिजोरम हिंसा से शांति और सद्भाव की ओर बढ़ रहा था। 1987 में आपको राज्य का दर्जा मिला, यह लंबा सफर था। यहां कई युवा बैठे हैं, जिन्होंने मिजोरम में हिंसा नहीं देखी, लेकिन पुरानी पीढ़ी को हिंसा की कीमत पता है।
मिजो नेशनल फ्रंट (एनएमएफ) का रिकॉर्ड सबके सामने है। राज्य में बेरोजगारी बढ़ रही है। नशीली दवाओं पर नकेल कसने में सरकार विफल है, जिसके चलते पांच साल में 250 युवाओं की जिंदगी खत्म हो गई। एनएमएफ खुले तौर पर उन लोगों का समर्थन करती है, जो मिजोरम के विचार पर हमला कर रहे हैं।

राहुल ने कांग्रेस नेताओं की बैठक लेने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस की
राहुल गांधी ने दौरे के दूसरे दिन मंगलवार यानी 17 अक्टूबर की सुबह मिजोरम के कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक की। इसके बाद सुबह 11 बजे आइजोल में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। कांग्रेस नेता ने कहा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) चाहता है कि देश एक विचार (आइडियोलॉजी) और एक संगठन से चले। हम इसका विरोध करते हैं। हम अधिकार बांटने (विकेंद्रीकरण) पर विश्वास करते हैं, जबकि भाजपा मानती है कि सारे फैसले दिल्ली में होने चाहिए। भाजपा भारत के संस्थागत ढांचे पर कब्जा करने की कोशिश कर रही है।

राहुल ने कहा कि अमित शाह का बेटा क्या करता है? राजनाथ सिंह का बेटा क्या करता है? आखिरी बार मैंने सुना था कि अमित शाह का बेटा इंडियन क्रिकेट टीम चलाता है। भाजपा के नेताओं को देखिए, उनके बच्चे क्या कर रहे हैं। भाजपा में अनुराग ठाकुर जैसे कई परिवारवाद के नेता हैं। भारत राज्यों का संघ है, जहां सभी संस्कृतियों, धर्मों, इतिहासों को बचाने की जरूरत है। कांग्रेस ने देश के मूलभूत ढांचे को बनाने में मदद की और हमेशा इसे बचाने की कोशिश की। मुझे मिजोरम आना पसंद है। 16 अक्टूबर की पदयात्रा में आइजॉल के लोगों ने भरपूर सपोर्ट किया। 'भारत जोड़ो यात्रा' की थीम पर हमने ये यात्रा की।
छत्तीसगढ़, राजस्थान, मध्यप्रदेश, तेलंगाना और मिजोरम, हम हर राज्य में जीत हासिल करेंगे। जब मैं मध्यप्रदेश जाता हूं तो मुझे भाजपा के खिलाफ भारी जनाक्रोश दिखता है, जब मैं छत्तीसगढ़ और राजस्थान जाता हूं तो वहां हमारी सरकार के किए गए काम के लिए भारी समर्थन देखता हूं।
राहुल ने कहा कि पीएम ने आज तक मणिपुर का दौरा क्यों नहीं किया? राज्य में चार महीने से उथल-पुथल में है और सरकार का इस पर कोई कंट्रोल नहीं है। मेरे लिए चौंकाने वाला है। पीएम मोदी ये क्यों नहीं मानते कि मणिपुर जाकर वहां के हालात को शांत करना उनकी जिम्मेदारी है।
भाजपा-आरएसएस को मिजोरम में जड़ें जमाने के लिए जेडपीएम-एनएनएफ मदद कर रही है, लेकिन कांग्रेस कभी ऐसा नहीं करेगी। क्योंकि हमारी विचारधारा उनसे बिल्कुल अलग है। भाजपा की पॉलिसीज देखने से पता चलता है कि वे छोटे और मध्यम व्यवसायों को खत्म करने और उन पर हमला करने के लिए बनाईं गई हैंं। अडाणी और 3-4 बड़े व्यापारियों को मदद देने के लिए नोटबंदी की गई, जीएसटी और कृषि कानून को लाया गया।

tranding
tranding