Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

दुर्ग/रायपुर/गरियाबंद। दुर्ग में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी गजेंद्र यादव के केंद्रीय चुनाव कार्यालय गंजपारा के पास एक युवक को 35 हजार रुपए के साथ पुलिस ने पकड़ा है। पकड़ा गया युवक भाजपा कार्यकर्ता है और उसने 40-50 महिलाओं को पैसा बांटने के लिए बुलाया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक गंजपारा दुर्ग में भाजपा के विधानसभा प्रत्याशी गजेंद्र यादव का केंद्रीय चुनाव कार्यालय है। फ्लाइंग स्क्वायड की टीम को गुरुवार दोपहर 12-1 बजे के बीच किसी ने शिकायत की थी। भाजपा कार्यालय में रुपए बंट रहे हैं। फ्लाइंग स्क्वायड टीम से जागेश्वर कौशल अपनी टीम के साथ वहां पहुंचे।

गरियाबंद में मतदान दल से भरी बस हादसे का शिकार
गरियाबंद जिले में मतदान दल को लेकर जा रही बस सड़क हादसे का शिकार हो गई। बस पर सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। मिली जानकारी के मुताबिक हादसा बारुका नाके के पास हुआ है। हादसे में बस के सामने का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। बस में 25 मतदान कर्मी सवार थे।

धमतरी के खल्लारी में आईईडी ब्लास्ट
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में पोलिंग टीम को लेकर जा रही बस हादसे का शिकार हो गई। वहीं नक्सलियों ने मतदान से एक दिन पहले धमतरी के खल्लारी में आईईडी ब्लास्ट किया है। हालांकि अभी आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं हुई है। दूसरी ओर बिलासपुर में प्रत्याशी अपने पक्ष में वोट देने की गुहार मतदाताओं से लगा रहे हैं, लेकिन वो खुद को ही वोट नहीं दे पाएंगे। ये प्रत्याशी जिन सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं, वहां से वे खुद ही मतदाता नहीं हैं।

प्रदेश में 700 संगवारी मतदान केंद्र बनाए गए हैं
प्रदेश में दूसरे चरण के लिए 1 करोड़ 63 लाख 14 हजार 479 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 81 लाख 41 हजार 624 पुरुष मतदाता, 81 लाख 72 हजार 171 महिला मतदाता और 684 तृतीय लिंगी मतदाता शामिल हैं। प्रदेश में 700 संगवारी मतदान केंद्र हैं, जहां सिर्फ महिला मतदान कर्मी ही पदस्थ रहेंगी।

रायपुर में 9 हजार से अधिक कर्मचारी कराएंगे मतदान

रायपुर विधानसभा चुनाव 2023 अंतर्गत 17 नवंबर को मतदान प्रक्रिया पूरी कराने जिले के सभी 1878 मतदान केन्द्रों के लिए आज मतदान दल बीटीआई ग्राउंड परिसर और इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर सेजबहार के वितरण केन्द्रों से मतदान सामग्री के साथ निर्धारित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना हुए। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सर्वेश्वर भुरे ने अन्य रिटर्निंग अधिकारियों की उपस्थिति में सेक्टर अधिकारियों के साथ मतदान दलों को रवाना किया। मतदान दलों में 8 हजार 161 मतदान कर्मी एवं लगभग डेढ़ हजार रिजर्व मतदान कर्मी जिले में मतदान संपन्न करायेंगे। जिले की सातों विधानसभाओं में मतदान के लिए कुल 3 हजार 413 वैलेट यूनिट, 2120 कंट्रोल यूनिट और 2296 वीवी पेट मशीनों का उपयोग किया जाएगा। मतदान के लिए 3 हजार से अधिक सुरक्षा कर्मियों की भी तैनाती की गई है। आज सुबह वितरण केन्द्रों से मतदान दलों में शामिल पीठासीन अधिकारी, तीन मतदान अधिकारी को जरुरी सामग्रियों के साथ मतदान केन्द्रों के लिए वाहनों से रवाना किया गया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत अग्रवाल की मौजूदगी में सभी मतदान केन्द्रों के लिए सुरक्षा बल भी रवाना हुए। दूरस्थ मतदान केन्द्रों के मतदान दलों को पहले रवाना किया गया।

गरियाबंद में मतदान कर्मी रवाना
गरियाबंद जिले में दो विधानसभा राजिम और बिंद्रानवागढ़ विधानसभा में कुल 573 मतदान केंद्र है। मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद जिले में कुल 4 लाख 54 हजार 559 मतदाता हैं। इसमें पुनरीक्षण के बाद 15 हजार 739 मतदाताओं की वृद्धि हुई है। इसके साथ ही ईपी अनुपात में 2.3 प्रतिशत की भी वृद्धि हुई है। जिला प्रशासन ने बिंद्रानवागढ़ के 9 संवेदनशील मतदान केंद्र में पोलिंग पार्टियों को प्राथमिकता से रवाना करना शुरू कर दिया है। बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के 9 मतदान केंद्र 75- कामरभौदी, 77-आमामोरा, 78-ओढ़, 90-बड़े गोबरा, 114-गंवरगांव, 118-गरीबा, 120-नागेश, 121-साहबीनकछार और 122-कोदोमाली में सुबह 7 बजे से 3 बजे तक मतदान होगा। बाकी 69 विधानसभा क्षेत्रों में सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक वोट डाले जाएंगे।

पहली बार सड़क मार्ग से जाएंगे मतदान कर्मी
आमामोरा और ओण्ड में 15 साल बाद पहली बार सड़क मार्ग से मतदान दल भेजा जाएगा। इसके पहले हेलीकॉप्टर से दल जाता था। जिले की राजिम में 274 और बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा में 299 मतदान केंद्र बनाए गए है। इस तरह कुल 573 मतदान केंद्रों में मतदान होना है।

जांजगीर चांपा में 7 लाख से ज्यादा लोग करेंगे मतदान
जांजगीर चांपा जिले के तीनों विधानसभा अकलतरा, जांजगीर और पामगढ़ में दूसरे चरण का चुनाव 17 नवंबर को होना है। जिले में कुल 7 लाख 92 हजार 450 मतदाताओं के लिए कुल 811 बूथ बनाए गए हैं। इसमें 209 बूथ संवेदन शील, 602 सामान्य बूथ है। इसके लिए शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में ईवीएम मशीनों और सामग्रियों का वितरण किया जा रहा है। जिले में कुल 4200 अधिकारियों कर्मचारियों की सभी मतदान केंद्र में लगाए गए है। सभी मतदान केंद्र में पहुंचने के लिए कुल 300 वाहन अधिग्रहण किया गया है, जिसमे सभी वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगाए गए है। जिसकी निगरानीन के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है।

गरियाबंद में महिला मतदानकर्मी पोलिंग सामग्री की जांच कर रही हैं।