Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 शपथ ग्रहण के बाद साय ने मंत्रालय पहुंचकर मुख्यमंत्री का कार्यभार संभाला

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरिमामय उपस्थिति में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री   विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ के चौथे मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ अरुण साव और विजय शर्मा ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने तीनों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। 

राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केन्द्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, केन्द्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री रामदास अठावले, राज्यसभा सांसद व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा विशेष रूप से मौजूद थे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उप मुख्यमंत्री द्वय अरुण साव व विजय शर्मा ने हिन्दी में शपथ ली।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह एवं भूपेश बघेल, पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, पूर्व सांसद ओम माथुर सहित नवनिर्वाचित विधायक, अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रदेशभर से आए बड़ी संख्या में हजारों लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने किया।

शपथ ग्रहण से पहले समारोह स्थल पर उत्साह का माहौल देखने को मिला। गीत-संगीत के कार्यक्रम हुए। शपथ ग्रहण में नवनिर्वाचित विधायकों के लिए अलग से मंच बनाया गया था। इस मौके पर साजा के विधायक ईश्वर साहू के पहुंचने पर लोगों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। श्री साहू ने मंच से सभी का अभिवादन स्वीकार किया। 
समारोह स्थल पर बस्तर, रायगढ़, कोरबा व अन्य जिलों के आए नृत्य दलों ने लोगों का उत्साह बढ़ाया। 

पीएम मोदी ने पूर्व सीएम बघेल का हालचाल पूछा
शपथ ग्रहण के बाद पीएम मोदी ने पूर्व सीएम भूपेश से चर्चा कर हालचाल पूछा। इसके बाद वे मंच से अन्य नेताओं के साथ निकल गए। 

शपथ ग्रहण के पूर्व साय ने की पूजा अर्चना 
शपथ ग्रहण से पहले सीएम विष्णुदेव साय ने अपने परिजनों के साथ पूजा अर्चना की। इसके बाद वे अरुण साव के साथ प्रदेश प्रभारी ओम माथुर से मिलने प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचे थे। उनके साथ शिष्टाचार मुलाकात कर चर्चा की। 

सीएम साय ने मंत्रालय में विधिवत पूजा-अर्चना कर कामकाज संभाला
छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज यहां मंत्रालय महानदी भवन में विधिवत पूजा अर्चना कर कार्यभार संभाला। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री द्वय अरुण साव और विजय शर्मा भी उनके साथ थे। यह पहली बार हो रहा है कि मुख्यमंत्री ने कार्यभार ग्रहण करने के पूर्व विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री साय की धर्म में गहरी आस्था है। उन्होंने शपथ ग्रहण से पहले सुबह रायपुर स्थित अपने घर में पूजा-अर्चना की और रायपुर के भगवान जगन्नाथ मंदिर में भी पूजा अर्चना की थी।

मुख्यमंत्री श्री साय के मंत्रालय पहुंचने पर मुख्य सचिव अमिताभ जैन, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा ने उनका पुष्प गुच्छ भेंटकर आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यभार सम्हाले के बाद अपने कार्यालय कक्ष में मंत्रालय के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों से परिचय भी लिया। विभिन्न विभागों के सचिवों और वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को नए दायित्व के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी।

 

tranding
tranding
tranding