Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 सेंसेक्स ने 72,561 और निफ्टी ने 21,834 का स्तर छुआ
0 वोडा-आइडिया दो दिन में 23% चढ़ा

मुंबई। नए साल के पहले दिन यानी 1 जनवरी 2024 को शेयर बाजार ने नया ऑलटाइम हाई बनाया। सेंसेक्स 72,561 और निफ्टी 21,834 के स्तर पर पहुंच गया। हालांकि इसके बाद इसमें थोड़ी गिरावट देखने को मिली और सेंसेक्स 31 अंक की बढ़त के साथ 72,271 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी में भी 10 अंक की बढ़त रही, यह 21,741 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 19 में गिरावट और 13 में तेजी देखने को मिली है।

वहीं वोडाफोन आइडिया के स्टॉक में लगातार दूसरे कारोबारी दिन तेजी देखने को मिली है। यह 5.94% के तेजी के साथ 16.95 रुपए पर बंद हुआ। दो दिन में यह स्टॉक करीब 23% बढ़ा है। अडाणी ग्रुप के सभी 9 शेयरों में भी तेजी रही।

बीते साल सेंसेक्स 18% और निफ्टी 19% चढ़ा
बीते साल यानी 2023 में शेयर बाजार में अच्छी तेजी देखने को मिली है। सेंसेक्स 18.10% और निफ्टी 19.42% चढ़ा। दोनों ही इंडेक्स पर सबसे ज्यादा चढ़ने वाला शेयर टाटा मोटर्स रहा। टाटा मोटर्स ने 2023 में निवेशकों के पैसों को करीब दो गुना कर दिया। 2 जनवरी को यह शेयर 394 रुपए का था, जो 2023 के आखिरी कारोबारी दिन यानी 29 दिसंबर को बढ़कर 779 रुपए का हो गया था। वहीं मिडकैप और स्मॉल कैप इंडेक्स करीब 45% चढ़े।

शनिवार और रविवार के अलावा 2024 में 14 दिन नहीं होगा कारोबार
2024 में शनिवार और रविवार के अलावा 14 दिन शेयर बाजार में कारोबार नहीं होगा। शेयर बाजार 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर, 8 मार्च को महा शिवरात्रि, 25 मार्च को होली, 29 मार्च गुड फ्राइडे, 11 अप्रैल ईद, 17 अप्रैल रामनवमी, 1 मई महाराष्ट्र दिवस, 17 जून बकरीद, 17 जुलाई मुहर्रम, 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस, 2 अक्टूबर महात्मा गांधी जयंती, 1 नवंबर पर दिवाली, 15 नवंबर गुरुनानक जयंती और 25 दिसंबर को क्रिसमस पर शेयर बाजार बंद रहेगा।

2023 के आखिरी कारोबारी दिन शेयर बाजार में रही थी गिरावट
इससे पहले साल 2023 के आखिरी कारोबारी दिन यानी 29 दिसंबर को शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स करीब 170 अंक की गिरावट के साथ 72,240 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी में भी 47 अंक की गिरावट रही, यह 21,731 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 17 में गिरावट और 13 में तेजी देखने को मिली थी।