Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 भाजपा के दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के समापन में बोले पीएम मोदी

नई दिल्ली। दिल्ली के भारत मंडपम में भाजपा का दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन रविवार 18 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के साथ खत्म हो गया। पीएम ने अपने 64 मिनट के भाषण में कार्यकर्ताओं को ऊर्जा से काम करने का मंत्र दिया। वहीं, कांग्रेस समेत विपक्ष पर निशाना साधते हुए 10 साल की अपनी सरकार की उपलब्धियां भी बताईं।

मोदी ने कहा कि कांग्रेस देश को बांटने में लगी है। उन्होंने सेना पर सवाल उठाए और राफेल की राह में भी रोड़े अटकाए। प्रधानमंत्री जैन संत विद्यासागर जी महाराज की बात करते हुए भावुक भी हो गए। अधिवेशन में यूपीए सरकार के 10 साल के कार्यकाल के दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था पर एक श्वेत पत्र जारी किया गया। इसके अलावा राम जन्मभूमि पर रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन करते हुए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने श्रीराम मंदिर निर्माण पर प्रस्ताव पेश किया।

कार्यकर्ताओं के लिए अगले 100 दिन नई उमंग नए जोश के हैं
राष्ट्रीय अधिवेशन में उपस्थित और देश के कोने-कोने से जुड़े भाजपा कार्यकर्ताओं का मैं अभिनंदन करता हूं। भाजपा का कार्यकर्ता साल के हर दिन चौबीसों घंटे देश की सेवा के लिए कुछ ना कुछ करता ही रहता है। अब अगले 100 दिन नई ऊर्जा, नई उमंग, नए उत्साह, नया विश्वास, नए जोश के साथ काम करने के हैं। आज 18 फरवरी है। देश के नए युवा जो 18 वर्ष के हुए हैं, वो 18वीं लोकसभा का चुनाव करेंगे। अगले 100 दिन हर नए वोटर, हर लाभार्थी, हर वर्ग-हर समाज, हर एक तक पहुंचना है। सबका विश्वास हासिल करना है। सबका प्रयास होगा देश की सेवा के लिए सबसे ज्यादा सीटें भी भाजपा को ही मिलें।

विद्यासागर जी का समाधि लेना व्यक्तिगत क्षति
आज मैं देशवासियों की तरफ से संत शिरोमणि आचार्य श्री 108 पूज्य विद्यासागरजी महाराज को आदरपूर्वक नमन करते हुए श्रद्धांजलि देता हूं। उनके समाधिस्थ होने की सूचना मिलने के बाद अनुयायी और हम सभी शोक में हैं। मेरे लिए यह व्यक्तिगत क्षति जैसा है। बरसों तक मुझे व्यक्तिगत रूप से अनेक बार उनसे मिलने का अवसर मिला। कुछ दिन पहले मैं प्रवास कार्यक्रम को बदलकर सुबह सुबह उनके पास पहुंचा। तब पता नहीं था कि मैं दोबारा उनसे नहीं मिलूंगा। उनके दर्शन नहीं कर पाऊंगा। मेरा सौभाग्य रहा है कि पिछले 50 से भी ज्यादा वर्षों से मुझे देश की आध्यात्मिक मूर्तियों के निकट रहने और आशीर्वाद पाने का मौका मिला। वे दिगंबर परंपरा से थे। उनका जीवन कैसा होता है, हम जानते हैं। मुझसे जुड़ी शायद ही ऐसी कोई महत्वपूर्ण घटना नहीं होगी, जो उन्हें पता न हो। 24 घंटे के भीतर-भीतर एनालिसिस करके मुझे उनका संदेश आता था। इसे पता चलता है कि वे कितने जागरूक थे। उनके सिद्धांत और उनका आशीर्वाद ऐसे ही भारत भूमि को प्रेरणा देता रहेगा।

देश के सपने भी विराट होंगे और संकल्प भी विराट होंगे
पिछले 10 साल में भारत ने जो गति हासिल की है। बड़े लक्ष्यों को हासिल करने का जो हौसला पाया है, वो अभूतपूर्व है। ये मैं नहीं, पूरी दुनिया गाजे-बाजे के साथ बोल रही है। हर देशवासी को एक बड़े संकल्प के साथ जोड़ दिया है। ये संकल्प है विकसित भारत का। अब देश ना छोटे सपने देख सकता है और ना छोटे संकल्प ले सकता है। सपने भी विराट होंगे और संकल्प भी।

जिन्हें किसी ने नहीं पूछा, हमने उन्हें पूछा और पूजा
10 साल में जो हासिल किया, वो पड़ाव मात्र है। मंजिल तक पहुंचने का नया विश्वास है। अभी हमें देश के लिए, कोटि-कोटि भारतीयों का जीवन बदलने के लिए बहुत कुछ हासिल करने का संकल्प लेना है। बहुत से निर्णय अभी बाकी हैं। आज भाजपा युवा शक्ति, नारी शक्ति, गरीब और किसान की शक्ति को विकसित भारत के निर्माण की शक्ति बना रही है।पहले लोगों को लगता था कि सरकारें बदलती हैं, व्यवस्था नहीं बदलती। हमने सच्चे अर्थों में हर व्यवस्था को पुरानी सोच-पुरानी अप्रोच से बाहर निकाला। जिन्हें किसी ने नहीं पूछा, हमने उन्हें पूछा और पूजा है।

पहले की सरकारों ने महिलाओं की नहीं सोची
आदिवासियों के लिए पीएम जनधन योजना लाए। पीएम विश्वकर्मा योजना लाए। रेहड़ी पर काम करने वाले लाखों साथियों के लिए किसी ने नहीं सोचा, हमने उनके लिए योजना बनाई। पहले की सरकारों ने महिलाओं के जीवन में आने वाली परेशानियों की चिंता नहीं की। हमारे यहां बेटियों को गर्भ में मार डालने की विराट समस्या थी। हमने उनके लिए सामाजिक चेतना, कड़े कानून का सहारा लिया। पहली बार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का जन आंदोलन चला। हमने पोषण अभियान चलाया, ताकि गर्भवतियों को मदद मिले। मातृ वंदन योजना के तहत सवा तीन करोड़ बहनों को मदद मिली। सुरक्षित मातृत्व अभियान के लिए 5 करोड़ गर्भवती महिलाओं का हेल्थ चेकअप कराया। माता और शिशु के खतरों को कम करने के लिए प्रयास किए। हमने रेप में फांसी की सजा सुनिश्चित की।

पहला प्रधानमंत्री हूं, जिसने शौचालय के बारे में सोचा
पहला प्रधानमंत्री हूं, जिसने शौचालय के बारे में सोचा। महिलाओं के खिलाफ अपशब्द बोलने वालों के लिए कानून लाए। 3 करोड़ से ज्यादा महिलाओं के नाम घर रजिस्टर्ड कराकर उन्हें घर की मालकिन बनाया। 12 करोड़ महिलाओं के लिए शौचालय बनाया। 1 रुपए में सुविधा सैनिटरी पैड दिए। बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त करने के लिए, बेटी को नौकरी करने में आसानी हो, इसके लिए कदम उठाए। एक करोड़ लखपति बहनें बनाई। प्रेग्नेंसी लीव को 26 हफ्ते का कर दिया। हमने सैन्य स्कूलों के दरवाजे बेटियों के लिए खोल दिए। आने वाले समय में उनके लिए अवसर ही अवसर हैं।

जो काम सदियों से लटके थे, उनका समाधान करने का साहस दिखाया
जो काम सदियों से लटके थे, हमने उनका समाधान करने का साहस दिखाया। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कर 5 सदियों का इंतजार खत्म किया। 500 साल बाद गुजरात में स्वर्ण पताका फहरी, 7 दशक बाद देश को 370 से मुक्ति मिली, 6 दशक बाद राजपथ कर्तव्य पथ बना, 4 दशक बाद वन रैंक-वन पेंशन मिली, 3 दशक बाद लोकसभा-विधानसभा में महिलाओं को आरक्षण मिला। हमने तीन तलाक का कानून बनाया, नई संसद बनाई।

तीसरे टर्म में भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक ताकत बनाएंगे
विपक्ष के हमारे दल भले ही योजनाओं को पूरा करना ना जानते हों, लेकिन झूठे वादे करने में इनका कोई जवाब नहीं। एक वादा करने से ये सारे राजनीतिक दल घबराते हैं। हमारा वादा विकसित भारत का है। इन लोगों ने स्वीकार कर लिया है, ये लोग भारत को विकसित नहीं बना सकते। सिर्फ भाजपा पार्टी है और एनडीए गठबंधन है, जिसने ये सपना देखा। 2047 तक भारत को विकसित बनाने के लिए हम काम करेंगे। हमने तीसरे टर्म में भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक ताकत बनाने का संकल्प लिया है। ये मोदी की गारंटी है।

हम अर्थव्यवस्था 5वें पायदान पर ले आए
भारत को वन बिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने में 60 साल लगे। 2014 के बाद टू ट्रिलियन मार्क भी बहुत बड़ा रहा था। 10 साल में हमने अर्थव्यवस्था में 2 ट्रिलियन डॉलर और जोड़ दिए। एक के लिए 60 साल और 10 साल में दो और जोड़ दिए। 11 से 10 नंबर पर आने में उनका दम भर गया, हम 5 पर ले आए। आज इन्फ्रा बजट 11 लाख करोड़ को पार कर चुका है। इसी वजह से गरीबों के करोड़ों घर बन रहे, घर-घर पानी पहुंच रहा है, मेडिकल कॉलेज, अस्पताल, गांव तक सड़कें बन रही हैं। जब टॉप 3 में पहुंचेंगे, तब आप कल्पना कर सकते हैं कि विकास के लिए हमारे पास कितनी ज्यादा पूंजी होगी। भारत के टॉप 3 इकोनॉमी में आने का मतलब है कि हर परिवार की आय बढ़ेगी।

दुनिया का हर देश, हर शक्ति जानती है, आएगा तो मोदी ही
आज हर महाद्वीप में भारत का सम्मान और ताकत बढ़ रही है। हर देश संबंध बनाने पर जोर दे रहा है। इन सबके बीच वो देश हमारी सरकार से बातचीत के लिए आते हैं। चुनाव बाकी है, लेकिन मेरे पास जुलाई, अगस्त, सितंबर के निमंत्रण दे रहे हैं। दुनिया के बाकी देश भी भाजपा की वापसी को लेकर आश्वस्त हैं। दुनिया का हर देश, हर शक्ति जानती है, आएगा तो मोदी ही। कांग्रेस से देश को बचाना, बच्चों को, युवाओं को बचाना भाजपा के हर कार्यकर्ता का दायित्व है।

सेना की हर उपलब्धि पर कांग्रेस ने सवाल उठाए
कांग्रेस अस्थिरता की जननी है, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की जननी है। 70 के दशक में जब देश में गुस्सा बढ़ा तो उसने अस्थिरता का सहारा लिया। हर सरकार को अस्थिर करने का प्रयास किया। आज भी साजिशें कर रहे हैं। जो गठबंधन बनाया, उसका भी यही काम है। ये कभी भाषा तो कभी क्षेत्र के आधार पर देश को बांटने में लगे रहे। सबसे बड़ा पाप ये रहा कि देश की सेनाओं का मनोबल तोड़ने में भी पीछे नहीं रहे। सुरक्षा और सामरिक शक्ति को कम करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। सेना ने उपलब्धि हासिल की तो कांग्रेस ने हर बार सवाल उठाया। उन लोगों ने पूरी कोशिश की कि देश को राफेल ना मिल पाए। कहा कि HAL को खत्म किया जा रहा है। फोटो तक खिंचवा ली थी। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक पर सवाल उठाए और सबूत मांगे।

tranding
tranding
tranding