Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 विपक्षी सदस्य नारेबाजी करते हुए गर्भगृह में जाकर निलंबित हो गए
0 विपक्ष ने स्थगन पेश कर कहा ‘अमृतकाल विषकाल बन रहा‘

रायपुर। विधानसभा में मंगलवार को प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर विपक्ष ने स्थगन प्रस्ताव पेश करते हुए चर्चा की मांग की। इस पर स्पीकर डॉ. रमन सिंह के स्थगन की सूचना को अग्राह्य कर दिया। इस पर विपक्षी सदस्यों ने चर्चा कराए जाने की मांग करते हुए सदन में जमकर हंगामा किया। इस पर आसंदी ने 5 मिनट के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित की। दोबारा कार्यवाही शुरू होने पर विपक्षी सदस्य फिर से हंगामा मचाते हुए गर्भगृह में जाकर नारेबाजी कर स्वयं निलंबन हो गए। इसके बाद स्पीकर ने फिर सदन को स्थगित कर दी। आखिर में निलंबन समाप्त करने के बाद सदन की कार्यवाही पुन: शुरू हुई।

इससे पहले उमेश पटेल और विक्रम मंडावी ने कहा कि विधानसभा के पास ही हत्या हो गई। उत्तरप्रदेश से पिस्टल लाया गया। कवर्धा में हत्या हो रही है। वहीं विक्रम मंडावी ने कहा कि बीजापुर, दंतेवाड़ा, सुकमा में हत्याएं हुई है। नारायणपुर में दुर्ग के एक व्यापारी को बाजार में काट दिया गया। हमारी सरकार में भी घटनाएं होती थी, लेकिन हर दिन इस तरह से घटनाएं नहीं हुई। सुरक्षा राज्य की सबसे बड़ी चीज़ है। ना रायपुर ना दुर्ग ना बस्तर ना सरगुजा कही भी कोई सुरक्षित नहीं है।

वहीं लालजीत राठिया ने कहा कि राज्य में हत्या, अपहरण के मामले बढ़ रहे हैं। अनिला भेड़िया ने कहा कि इस तरह का माहौल पूरे राज्य में है। वहीं कांग्रेस सदस्य सावित्री मंडावी ने कहा कि अपराध बढ़ने से जनता में नाराज़गी है। कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि भाजपा का अमृत काल नागरिकों के लिए विषकाल बन रहा है। द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ को धान का कटोरा कहा जाता था, आज अपराध का गढ़ के रूप में पहचाना जा रहा है। रामकुमार यादव ने कहा कि सरकार बदलने के बाद मर्डर का तरीक़ा बदल गया है। गला रेतकर हत्या हो रही है। घर में जलाकर मारा जा रहा है।

हर्षिता बघेल ने कहा कि कवर्धा में एसपी कार्यालय के सौ मीटर की दूरी पर एक माँ बेटी को मार दिया गया। नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर चरणदास महंत ने कहा कि कवर्धा में ही छह हत्या हो गई। भाजपा के अमृतकाल में ये क्या हो रहा है। जब गृहमंत्री के ज़िले में ऐसा भय का माहौल हो तो प्रदेश में उसका व्याप्त होना लाज़मी है। मनेंद्रगढ़ में एक महिला को गोली मारकर मार दिया गया। विधानसभा थाने के क़रीब गोली चल गई। साधु-संतों पर हमला हो रहा है। थाने के भीतर महिला ज़हर पी रही है। इस पर चर्चा होनी चाहिए। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने इस पर स्थगन पर चर्चा कराने की मांग की। वहीं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि इस मामले में सदन में पूर्व में मंत्री ने इस पर अपना वक्तव्य दे चुके हैं, इसलिए इसे अग्राह्य किया जाता है। इसके बाद विपक्षी सदस्य जमकर नारेबाजी करने लगे।