Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 छत्तीसगढ़ की 6 सीटों के उम्मीदवार घोषित 

रायपुर। कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस की पहली लिस्ट में छत्तीसगढ़ की 6 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। इनमें पूर्व सीएम भूपेश बघेल का भी नाम हैं। उन्हें राजनांदगांव से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू महासमुंद से व डॉ. शिवकुमार डहरिया जांजगीर-चांपा से चुनाव लड़ेंगे। वहीं कोरबा से ज्योत्सना महंत को प्रत्याशी बनाया गया है। रायपुर सीट से पूर्व विधायक विकास उपाध्याय को व दुर्ग से वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेंद्र साहू को उम्मीदवार घोषित किया गया है।

लिस्ट में पूर्व सीएम सहित 2 पूर्व मंत्री, एक पूर्व विधायक और कोरबा सांसद का नाम शामिल है। रायपुर से पूर्व विधायक विकास उपाध्याय को उम्मीदवार बनाया गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल राजनांदगांव से भाजपा के संतोष पांडेय के सामने चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस ने अपने पहली लिस्ट में पूर्व मुख्यमंत्री और दो पूर्व मंत्रियों को मैदान में उतारकर संदेश दिया है कि जो काम उन्होंने किए हैं, उसके आधार पर वे जनता के बीच जाएं और वोट मांगे।

टिकट वितरण में भूपेश की पसंद
राजेंद्र साहू को टिकट देकर भूपेश बघेल ने यह जता दिया कि टिकट वितरण में उनकी पसंद का ख्याल रखा गया है। राजेंद्र साहू के कारण ताम्रध्वज साहू को महासमुंद शिफ्ट होना पड़ा। ज्योत्सना महंत का मुकाबला सरोज पांडेय से जरूर है, लेकिन ये चुनाव वास्तव में ज्योत्सना महंत के पति चरणदास महंत और सरोज पांडेय के बीच ही होगा।

जातिगत समीकरण भी साधा
कांग्रेस ने डॉ. शिव डहरिया और ताम्रध्वज साहू को टिकट देकर जातिगत समीकरण तो साधा ही है। साथ ही संदेश भी दिया है कि जिन बड़े विभागों को कांग्रेस के मंत्रियों ने संभाला था, उन्हें मैदान में उतार कर अब भाजपा को पटखनी देनी चाहिए।

कोरबा में दिलचस्प हुआ मुकाबला
कोरबा में मुकाबला दिलचस्प हो गया है। कांग्रेस ने ज्योत्सना महंत को दोबारा चुनाव मैदान में उतारा है। चरणदास महंत कांग्रेस में उस क्षेत्र के सबसे बड़े नेता हैं और सरोज पांडेय भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव। भाजपा के ग्लेमर और कांग्रेस बड़े चेहरे के बीच यह मुकाबला है। हालांकि पिछली बार मोदी लहर में भी ज्योत्सना महंत ने चुनाव जीतकर सभी को चौंकाया था।

6 सीटों के घोषित प्रत्याशी 
प्रत्याशी                     सीट
भूपेश बघेल               राजनांदगांव
ताम्रध्वज साहू          महासमुंद
डॉ. शिव डहरिया        जांजगीर-चांपा
ज्योत्सना महंत        कोरबा
विकास उपाध्याय      रायपुर
राजेंद्र साहू                 दुर्ग