Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की शेष बची 4 लोकसभा सीटों के लिए प्रत्याशी घोषित

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने बाकी बची 4 लोकसभा सीटों के लिए मंगलवार रात प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। इस लिस्ट में पीसीसी चीफ दीपक बैज का नाम नहीं है। कयास लगाए जा रहे थे कि उन्हें कांकेर से टिकट मिल सकता है, लेकिन वहां से बीरेश ठाकुर को प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं बिलासपुर से देवेंद्र यादव को उम्मीदवार घोषित किया है। सरगुजा से शशि सिंह और रायगढ़ से डॉ. मेनका देवी सिंह को टिकट दिया गया है। इससे पहले शनिवार को आई सूची में बस्तर सीट से पूर्व मंत्री कवासी लखमा को लोकसभा उम्मीदवार घोषित किया था।

सरगुजा लोकसभा से शशि सिंह को मैदान में उतारा गया है। शशि सिंह पूर्व मंत्री स्वर्गीय तुलेश्वर सिंह की बेटी हैं। उनके दादा पूर्व सांसद, पूर्व विधायक खेल साय सिंह हैं। अभी वर्तमान में शशि सिंह जिला पंचायत में सभापति हैं।

कांकेर से बीरेश ठाकुर को उतारा गया है। बीरेश ठाकुर 2019 में कांकेर लोकसभा से 6914 वोट से चुनाव हारे थे। वे वर्तमान में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने जनपद सदस्य पद से अपनी राजनीति की शुरुआत की। 3 बार भानुप्रतापपुर जनपद पंचायत के कोरर से जनपद सदस्य रहे। 2015 में कच्चे से जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुए। 2010 से 2022 तक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य रहे।

बिलासपुर से देवेंद्र यादव प्रत्याशी बनाए गए हैं। देवेंद्र यादव 2018 में पहली बार कांग्रेस की टिकट पर भिलाई नगर के विधायक बने थे। देवेंद्र यादव ने छात्र राजनीति के रूप में एनएसयूआई अध्यक्ष और राष्ट्रीय महासचिव भी रहे हैं। 25 वर्ष की उम्र में देश के सबसे कम उम्र के महापौर बनने का रिकॉर्ड भी देवेंद्र यादव के नाम है। 2016 में वे महापौर नगर पालिका निगम भिलाई रहे।

रायगढ़ से डॉ मेनका देवी सिंह को मैदान में उतारा है। डॉ.मेनका देवी सिंह रायगढ़ लोकसभा सीट से कांग्रेस की अनुसूचित जनजाति (एसटी) प्रत्याशी हैं। चार दशकों से कांग्रेस पार्टी से जुड़ी हुई हैं और समाजसेवा में योगदान दे रही हैं। उन्हें 2014 में रायगढ़ लोकसभा सीट से कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाया था लेकिन बाद में उनका नाम बदल दिया गया। डॉ. मेनका देवी सिंह के पिता स्व. राजा नरेश चंद्र सिंह सारंगढ़ राज्य के अंतिम शासक थे और भारतीय संघ में विलय के बाद लोकतांत्रिक तरीके से जनसेवा में लगे रहे। सारंगढ़ स्टेट आजादी से पहले देश के महत्वपूर्ण रियासतों में से एक था। डॉ.मेनका देवी सिंह की माता स्व.ललिता देवी पुसौर विधानसभा से 1969 में निर्विरोध विधायक चुनी गई थीं। उनकी बहनें पुष्पा देवी सिंह, कमला देवी सिंह और रजनी देवी भी सांसद-विधायक जैसे पदों पर रहीं हैं।

8 मार्च को आई थी कांग्रेस की पहली लिस्ट
इससे पहले शुक्रवार (8 मार्च) को कांग्रेस ने अपनी पहली लिस्ट जारी की थी। इनमें 39 सीटों से प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया गया था। वहीं छत्तीसगढ़ की 11 सीटों पर 6 प्रत्याशी घोषित हुए थे। लिस्ट में पूर्व सीएम सहित 2 पूर्व मंत्री, एक पूर्व विधायक और कोरबा सांसद का नाम शामिल था।

11 सीटों पर भाजपा-कांग्रेस के प्रत्याशी आमने-सामने
सीट                 भाजपा प्रत्याशी             कांग्रेस प्रत्याशी
रायपुर             बृजमोहन अग्रवाल        विकास उपाध्याय
दुर्ग                   विजय बघेल                  राजेंद्र साहू
बिलासपुर         तोखन साहू                   देवेंद्र यादव
राजनांदगांव      संतोष पांडेय                 भूपेश बघेल
महासमुंद          रूपकुमारी चौधरी           ताम्रध्वज साहू
कांकेर               भोजराज नाग                 बीरेश ठाकुर
बस्तर               महेश कश्यप                   कवासी लखमा
जांजगीर           कमलेश जांगड़े               शिवकुमार डहरिया
कोरबा             सरोज पांडेय                 ज्योत्सना महंत
रायगढ़            राधेश्याम राठिया            डॉ. मेनका देवी सिंह
सरगुजा           चिंतामणि महाराज          शशि सिंह