Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 राजनांदगांव में सभा, साथ ही कांकेर में बीरेश ठाकुर के पक्ष में करेंगी चुनाव प्रचार

रायपुर। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के दौरे के बाद अब पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी का दौरा लगभग तय माना जा रहा है। संभावना है कि प्रियंका 21 अप्रैल को चुनाव प्रचार करने छत्तीसगढ़ दौरे पर आ सकती हैं।प्रियंका राजनांदगांव और कांकेर लोकसभा सीट पर सभा करेंगी, हालांकि अभी उनके दौरे की आधिकारिक जानकारी आनी बाकी है।

प्रियंका गांधी 21 अप्रैल को राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समर्थन में बड़ी आम सभा करेंगी। इस आम सभा के बाद वो कांकेर भी जाएंगी। वहां कांग्रेस प्रत्याशी बीरेश ठाकुर के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगी।

पहले 20 अप्रैल को आने वाली थीं प्रियंका
प्रियंका गांधी पहले 20 अप्रैल को छत्तीसगढ़ के दौरे पर आने वाली थीं। राजनांदगांव में उनकी सभा को लेकर तैयारियां भी शुरू कर दी गई थीं, लेकिन अब उनका दौरा एक दिन आगे बढ़ गया है।

खरगे की दो सभाओं का प्रस्ताव
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की दो संसदीय क्षेत्रों में चुनावी जनसभाओं का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इनमें जांजगीर और रायगढ़ लोकसभा क्षेत्रों में स्थानीय समीकरणों के आधार पर राष्ट्रीय अध्यक्ष की सभा कराने पर जोर दिया गया है। इसी तरह कांकेर लोकसभा क्षेत्र में भी जल्द ही कम से कम एक सभा कराने का प्रस्ताव है। इधर, खरगे के चुनावी दौरे को लेकर भी हरी झंडी का इंतजार किया जा रहा है।

राहुल गांधी बस्तर में चुनावी सभा कर चुके हैं
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने भी अपनी चुनावी सभाओं की शुरुआत कर दी है। 13 अप्रैल को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बस्तर से चुनावी सभाओं का शंखनाद किया था। इसी दिन पार्टी के युवा नेता कन्हैया कुमार ने भी बिलासपुर लोकसभा के मस्तूरी में बड़ी चुनावी सभा की थी।