Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 कहा- कांग्रेस की कमीशनखोरी पर भाजपा ने लगाई लगाम 
0 यूपी के सीएम ने राजनांदगांव, कोरबा व बिलासपुर में सभाएं की

राजनांदगांव/कोरबा/बिलासपुर। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को राजनांदगांव, बिलासपुर व कोरबा में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में तीन चुनावी सभा की। कोरबा में उन्होंने जनसभा को संबोधित किया और कहा कि, नक्सलवाद के साथ कांग्रेस का आंतरिक समझौता था। कांग्रेस के राज में कमीशनखोरी जमकर होती थी। कांग्रेस की कमीशनखोरी को लगाम लगाने का काम बीजेपी ने किया है।

इससे पहले सीएम योगी ने राजनांदगांव में कहा कि भुनेश्वर साहू के पिता को विधायक बनाकर भुनेश्वर को जनता ने सच्ची श्रद्धांजलि दी। भुनेश्वर की एक ही गलती थी कि उसने लव जिहाद का विरोध किया था, कांग्रेस सरकार की तुष्टीकरण की नीति का विरोध किया था। सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस घोटाले का नाम है, कांग्रेस आतंकवाद का नाम है। कांग्रेस नक्सलवाद का नाम है। कांग्रेस ने युवाओं को आतंकवाद के नाम पर, उग्रवाद के नाम पर उकसाने का कार्य किया है। योगी ने कहा कि 102 लोकसभा सीटों पर चुनाव हुए हैं। पूरे देश के अंदर एक ही लहर है, एक ही आवाज है- फिर एक बार मोदी सरकार। इसी आवाज को छत्तीसगढ़ में भी हमें गुंजाना है। जो लोग जातिवाद के नाम पर और अन्य आधार पर यहाँ लोगों को बाँटना चाहते हैं, उनको दरकिनार करिए। 

मुख्यमंत्री योगी ने  रविवार को राजनांदगांव संसदीय क्षेत्र के ग्राम कुमरदा में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अयोध्या में 500 वर्षों का इंतजार समाप्त करके प्रभु श्रीरामलला का फिर से अयोध्या में आगमन हुआ है। क्या यह काम कांग्रेस के लोग कर पाते? जब भगवान राम को 14 वर्ष का वनवास हुआ था तो उन्होंने इसी छत्तीसगढ़ की तरफ रुख किया क्योंकि ननिहाल नजदीक था। पहले चित्रकूट आए और फिर दंडकारण्य होते हुए पंचवटी की तरफ गए। उस समय भी उनके सामने चुनौती थी कि रावण के कुछ राक्षस इस पूरे क्षेत्र में यहाँ के ऋषि-मुनियों को परेशान करते थे, सभ्य समाज को प्रताड़ित करते थे उनकी सुरक्षा का दायित्व प्रभु राम ने अपने कंधे लिया। निसिचर हीन करहुँ मही का संकल्प लेकर उन्होंने इसी धरती पर इसको निशिचरहीन करने का जो संकल्प लिया उसी का परिणाम था कि लंका के राजा रावण को भी अंततः अपने पूरे खानदान के साथ दूसरे लोक के लिए प्रस्थान करना पड़ा था।

योगी ने कहा कि आज अगर अयोध्या में रामलला का प्रगटीकरण हुआ है, फिर से रामलला 500 वर्षों का इंतजार समाप्त करते हुए अयोध्या आए हैं तो प्रधानमंत्री मोदी के कारण आए हैं। कांग्रेस के लोग तो कहते थे कि राम हुए ही नहीं, जब राम हुए ही नहीं तो गांधी जी क्यों कहते थे हे राम, अंत में उन्होंने कहा था रघुपति राघव राजा राम। गांधीजी के नाम पर जिन लोगों ने जीवनभर सत्ता पर काबिज रहे, वे राम के अस्तित्व पर प्रश्न खड़ा कर रहे थे। यह भारत के अस्तित्व पर प्रश्न खड़ा करने की कांग्रेस की कुचेष्टा थी। अभी देश प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है और देशवासियों ने 10 वर्ष में बदलते हुए भारत को देखा होगा। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जब भी अवसर मिला, कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को पूरी तरह लूटने का कोई मौका नहीं छोड़ा। भाजपा की सरकारों ने, डॉ. सिंह की सरकार रही हो, चाहे वर्तमान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार हो, यहां के गरीबों के लिए, पिछड़ों के लिए, वनवासी आदिवासियों के लिए, उनके सम्मानजनक स्थान के लिए कार्य किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में, अटल जी के नेतृत्व में जो योजनाएँ बनाई गई थीं, कांग्रेस ने अपने 5 वर्ष के शासनकाल में उन्हें पूरी तरह समाप्त करने का प्रयास किया। 

सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस ने यहां के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को अपना प्रत्याशी बना कर चुनाव में उतारा है। यानी, जिनके ऊपर पहले से ही शराब, कोयला, पब्लिक सर्विस कमीशन, डीएमएफ, गौठान और महादेव एप के घोटालों का आरोप है, और फिर भी पूरी ठसक के साथ चुनाव लड़ने का दुस्साहस कर रहा है, इसका मतलब यह है कि वह यह मानकर चलता है कि हम कितना भी बड़ा अपराध करेंगे तो हम लोग समाज की आँखों में धूल झोंककर सत्ता पा लेंगे। लेकिन, अब ऐसा नहीं होने वाला है। यह नया भारत है। नए भारत में घोटालेबाज नहीं चलेंगे। भूपेश बघेल ने तो अपने शासनकाल में गोबर का भी घोटाला कर डाला! योगी ने कहा कि भुनेश्वर साहू के साथ जिस प्रकार की बर्बरता हुई थी, उसके पिता ईश्वर साहू को विधायक बनाकर लव जिहाद का विरोध करने के लिए छत्तीसगढ़ की जनता का अभिनंदन है। कांग्रेस सरकार की तुष्टीकरण की नीति का विरोध किया था। यहां पर तो गौ माता को भी तस्करों के हवाले कर दिया गया था। कसाइयों के हवाले कर दिया गया था। पूरी तरह छूट दे दी गई थी। भूपेश बघेल की सरकार ने 18 लाख गरीबों को छत्तीसगढ़ के अंदर मकान से वंचित किया था क्योंकि प्रधानमंत्री श्री मोदी पैसा देना चाहते थे पर बघेल उसको लेना नहीं चाहते थे। इन गरीबों को मकान नहीं मिले ते इसका दोष भी अगर किसी के ऊपर है तो कांग्रेस की सरकार पर है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार छत्तीसगढ़ में डॉ. रमन सिंह के मुख्यमंत्रित्व में रही हो या केंद्र में श्रद्धेय अटल की सरकार रही हो या फिर पिछले 10 वर्ष में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सरकार, जिस मजबूती के साथ छत्तीसगढ़ को उसकी पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध दिखाई देती है, वह अभिभूत करने वाली है और इसलिए आज हम सब आपके पास अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर आए हैं। योगी ने कहा कि जिन गरीबों को खाद के लिए पैसा मिलना चाहिए था, यूरिया दुनिया के अंदर 3 हजार रुपए में मिल रही है वही भारत में मोदी सरकार वही खाद 300 रुपए में किसानों को दे रही है। छत्तीसगढ़ भाजपा की पहली सरकार थी, जिसने 1 रुपए किलो चावल यहाँ के गरीबों, आदिवासी वनवासियों को देना प्रारंभ किया था और अब प्रधानमंत्री मोदी नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पिछले 4 वर्ष से 80 करोड़ भारतीयों को फ्री में राशन की सुविधा का लाभ प्रदान कर रही है। कांग्रेस की सरकार के समय किसान आत्महत्या करता था। महिलाओं के सामने अपनी सुरक्षा का संकट था। श्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 80 करोड़ गरीबों को फ्री में राशन की सुविधा का लाभ, 60 करोड़ गरीबों को 5 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज का लाभ दिया गया। 50 करोड़ गरीबों के लिए जनधन अकाउंट खोल दिए गए। जो पैसा कमीशनखोरी कांग्रेसियों की प्रवृत्ति का हिस्सा थी, मोदी ने जनधन अकाउंट खोल करके पूरी तरह उस पर रोक लगाने का काम किया। 12 करोड़ अन्नदाता किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ, 12 करोड़ गरीबों के घर में शौचालय का निर्माण, 10 करोड़ महिला स्वयंसेवी समूह को आर्थिक स्वावलंबन के मार्ग पर अग्रसर करने का कार्य, 10 करोड़ गरीबों के घर में उज्ज्वला योजना का रसोई गैस का सिलेंडर भी पहुंचा दिया गया। 4 करोड़ गरीबों के मकान मोदी जी के नेतृत्व में देश में बने। ढाई करोड़ गरीबों के घर में बिजली पहुँची, हर घर नल की योजना लागू हुई, यह सभी कार्य मोदी के नेतृत्व में हुए।

कांग्रेस समस्या है, जिसका बीजेपी समाधान है
बिलासपुर में सभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि गरीब के लिए आवास है, आपकी आस्था के लिए अयोध्या में राम मंदिर है। कांग्रेस का पेट इतना बड़ा है, जो कभी भरने वाला नहीं है। कांग्रेस समस्या है, जिसका बीजेपी समाधान है। सही वोट तो सही सरकार, सही सरकार तो सही निर्णय। गलत वोट से घोटाले होते हैं, कोयला, शराब और पीएससी घोटाला होता है। घोटालों की श्रृंखला कांग्रेस की पहचान बन चुकी है।

पाकिस्तान के लोग भूखे मर रहे हैं 
बीजेपी ने कश्मीर से धारा 370 हटा दी है। अब आतंकवाद पनप नहीं पाएगा। पाकिस्तान की आबादी यूपी से भी कम है, लेकिन वहां के लोग भूखों मर रहे हैं। यहां मोदी जी देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त चावल दे रहे हैं।

जहां हुए बलिदान मुखर्जी वह कश्मीर हमारा है 
कांग्रेस ने कई संशोधन के माध्यम से कश्मीर के लिए विशेष प्रावधान कर दिया। उसी के खिलाफ भारतीय जन संघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कश्मीर को भारत का हिस्सा बनने के लिए कई आंदोलन किए। इसीलिए भारतीय जन संघ और भारतीय जनता पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता नारा लगाता था जहां हुए बलिदान मुखर्जी, वह कश्मीर हमारा है।

कांग्रेस ने राम के नाम को नकार दिया था 
कांग्रेस ने राम के नाम को नकार दिया। 1947 में देश की सत्ता कांग्रेस के हाथ में आई। कांग्रेस ने देश को समृद्धि की ओर ले जाने की बजाय अव्यवस्था, अराजकता, जातिवाद, भाषावाद, क्षेत्रवाद, आतंकवाद, नक्सलवाद की ओर धकेल दिया।

'पहले ननिहाल में ही बच्चा आता है, यहां मंदिर पहले बना था'
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, जब रायपुर में राम मंदिर बन रहा था तब भी मैं यहां आया था। सबसे पहले बच्चा ननिहाल आता है। भगवान राम का मंदिर भी छत्तीसगढ़ में पहले बना था। मैंने रमन सिंह से रायपुर में कहा था, आपने यहां भव्य राम मंदिर बनाया है अब जल्द ही अयोध्या में भी बन जाएगा।

प्रभु राम की धरती से संदेश लेकर आए हैं 
योगी ने कहा कि प्रभु राम की धरती से संदेश लेकर उनके ननिहाल हम आए हैं। ये बताने आए हैं कि, अयोध्या में रामलला आ गए हैं। राम राज की स्थापना मोदीजी के नेतृत्व में होने जा रही है। इसके लिए मोदीजी को जिताना जरूरी है।

कांग्रेस ने गोबर में भी यहां घोटाला कर दिया 
एक तरफ फ्री में राशन, दूसरी तरफ कांग्रेस ने घोटाले पर घोटाला किया। शराब, कोयला यहां तक की गोबर में भी उन्होंने घोटाला कर दिया। कांग्रेस ने भगवान को भी नहीं छोड़ा महादेव एप के नाम पर भी घोटाला कर दिया।

भूपेश सरकार ने गरीब का मकान नहीं बनाया 
12 करोड़ किसानों को सम्मान निधि का लाभ, 12 करोड़ शौचालय का निर्माण, 10 करोड़ महिलाओं को आर्थिक स्वावलंबन के साथ जोड़ने का काम बीजेपी ने किया। 10 करोड़ गरीब परिवारों को रसोई गैस कनेक्शन का काम बीजेपी ने किया। छत्तीसगढ़ में भूपेश सरकार ने किसी गरीब का मकान नहीं बनाया। अब छत्तीसगढ़ में बीजेपी सरकार 18 लाख गरीबों को एक-एक आवास उपलब्ध कराएगी।

अब कोई कांग्रेसी दलाल डकैती नहीं डाल पाएगा 
कांग्रेसी तो कमीशन खाने के आदी हैं। उनकी कमीशनखोरी को लगाम लगाने के लिए, पीएम मोदी ने जन-धन अकाउंट खोले हैं। दिल्ली और रायपुर से अगर पैसा आपको भेजा जाएगा तो उसमें कोई कांग्रेसी दलाल डकैती नहीं डाल पाएगा।

कांग्रेस के राज में जनता भूखे मरती थी
योगी ने कहा कि, मोदीजी 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन का लाभ दे रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भी बीजेपी के शासन में मुफ्त चावल मिल रहा है। कांग्रेस के राज में जनता भूखे मरती थी। पाकिस्तान की 23 करोड़ की आबादी भी अभी भूखे मर रही है।

भारतीय सेना पाकिस्तान के अंदर घुसकर मारेगी 
2014 के पहले किसान आत्महत्या करता था। जवान पलायन करता था। बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं थी। आतंकवादी कहीं भी घुसकर बम विस्फोट करते थे। अब कुछ भी होता है तो पाकिस्तान पहले सफाई दे देता है कि हमने कुछ नहीं किया। उसे पता है कि अगर किसी भी धमाके में पाकिस्तान का हाथ आया तो भारतीय सेना घर में घुसकर मारेगी।

tranding