Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 असम में सबसे ज्यादा 75.30%, सबसे कम महाराष्ट्र में 55.21%
0 बिहार-छत्तीसगढ़ में 3 की मौत
0 बंगाल के मुर्शिदाबाद में भाजपा-टीएमसी में झड़प
0 यूपी के संभल में पुलिस ने लोगों पर लाठीचार्ज किया
0 पीएम मोदी ने अहमदाबाद में मतदान किया

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में 10 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 93 लोकसभा सीटों पर मंगलवार शाम 6 बजे तक 61.78 फीसदी मतदान हुआ। असम में सबसे ज्यादा 75.30 प्रतिशत और महाराष्ट्र में 55.21 फीसदी वोटिंग हुई। छत्तीसगढ़ में शाम 6 बजे तक 67.24 प्रतिशत मतदान हुआ।
चुनाव आयोग के मुताबिक दोपहर तीन बजे तक 53.60% वोटिंग हुई थी। सबसे ज्यादा पश्चिम बंगाल में 63.11% वोटिंग हुई और सबसे कम महाराष्ट्र में 42.63% लोगों ने वोट डाले गए थे। बिहार में वोटिंग के दौरान पीठासीन अधिकारी और होमगार्ड जवान की मौत हो गई है। छत्तीसगढ़ के जशपुर में मतदान करने पहुंचे एक बुजुर्ग वोटर की मौत हो गई। वहीं, पश्चिम बंगाल में मुर्शिदाबाद के भाजपा कैंडिडेट और टीएमसी समर्थक के बीच झड़प हुई है। यूपी के संभल में पुलिस ने लोगों पर लाठीचार्ज किया। इसमें कुछ लोग घायल हो गए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद स्थित निशान हायर सेकेंडरी स्कूल में वोट डाला। उनके साथ गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद थे। पीएम मोदी कार से उतरने के बाद अमित शाह के साथ पैदल ही लोगों का अभिवादन करते हुए बूथ तक पहुंचे और मतदान किया।वोट डालने के बाद प्रधानमंत्री ने बच्चों के हाथ पर ऑटोग्राफ दिया। लोगों के साथ तस्वीरें क्लिक करवाईं। एक बच्ची को गोद में लेकर हवा में उछाला। मीडिया से बातचीत में उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में वोटिंग की अपील की। साथ ही गर्मी को देखते हुए खूब सारा पानी पीने काे कहा।

फिलीपीन्स और श्रीलंका के दल ने देखी मतदान प्रक्रिया
लोकसभा चुनाव की प्रक्रिया देखने आए फिलीपीन्स और श्रीलंका के 11 सदस्यीय दल ने सांची विधानसभा के दीवानगंज के मतदान केंद्र पहुंचकर चुनाव प्रक्रिया का जायजा लिया। यहां डेलीगेशन का फूल माला पहनाकर और तिलक लगाकर स्वागत किया गया।

बग्गी में सवार होकर वोट डालने पहुंचे युवा मतदाता
मध्य प्रदेश की सागर लोकसभा सीट के जैसीनगर में पहली बार वोट डाल रहे युवा मतदाता बग्गी में सवार होकर मतदान केंद्र पहुंचे। सभी ने उत्साह के साथ मतदान कर वोट डालने की अपील की।

गुजरात की 5 विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव
लोकसभा चुनावों के साथ गुजरात में वीजापुर, पोरबंदर, माणावदर, खंभात और वाघोडिया विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव हो रहे हैं। इन पांच सीटों में वीजापुर, पोरबंदर, माणावदर, खंभात से कांग्रेस के विधायको और ​​​​​​​वाघोडिया विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक धर्मेंद्र सिंह वाघेला ने इस्तीफा दिया था। ये सभी अब बीजेपी में शामिल हो चुके हैं और बीजेपी के टिकट पर दोबारा इन्हीं सीटों से विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।

रायपुर में जिंदा व्यक्ति को मरा बताकर मतदान करने से रोका
रायपुर के श्याम नगर इलाके से सचदेवा इंटरनेशनल स्कूल स्थित मतदान केंद्र में तेलीबांधा के रहने वाले सुधीर कुमार मंडपे मतदान करने पहुंचे। उन्होंने बताया कि निर्वाचन अधिकारियों ने उन्हें वोटिंग पर्ची दी। जब वे बूथ नंबर 10 के अंदर गए तो वहां कर्मचारियों ने रिकॉर्ड चेक करने के बाद उन्हें मृत बता दिया। खुद को मृत सुनकर वे हड़बड़ा गए। इसके बाद उन्होंने उच्च अधिकारियों से शिकायत की। इसके बाद अफसरों ने रिकॉर्ड की जांच करने की बात की है। हालांकि उन्हें अभी तक मतदान करने नहीं दिया गया है।

तीसरे चरण में राज्यवार वोटिंग प्रतिशत
राज्य                    वोट प्रतिशत
असम                  75.30
बिहार                   56.55
छत्तीसगढ़              67.24
दादर एवं दमन-दीव 65.23
गोवा                   74.47
गुजरात                56.91
कर्नाटक                68.78
मध्यप्रदेश             63.67
महाराष्ट्र                55.21
उत्तरप्रदेश              57.34
प. बंगाल              73.93

औसत                 61.78

tranding
tranding
tranding