Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 कवर्धा में 20 फीट गहरे गड्‌ढे में गिरा वाहन, 25 लोग सवार थे
0 हादसा कुकदूर थाना क्षेत्र के बाहपानी गांव के पास हुआ 
0 सभी लोग तेंदूपत्ता तोड़कर वाहन में सवार होकर वापस लौट रहे थे

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा में सोमवार 20 मई को तेज रफ्तार पिकअप पलटने से 19 लोगों की मौत हो गई। वहीं 6 लोग घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि पिकअप अनियंत्रित होकर 20 फीट गहरे गड्ढे में गिर पड़ी। हादसा कुकदूर थाना क्षेत्र के बाहपानी गांव के पास हुआ है। हादसे की सूचना मिलते ही डिप्टी सीएम विजय शर्मा घटना स्थल के लिए रवाना हो गए। हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, सीएम विष्णुदेव साय, पीसीसी चीफ दीपक बैज सहित कई नेताओं ने दुख जताया है।

एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने बताया कि मरने वालों में 18 महिलाएं शामिल हैं। इनमें मां-बेटी सहित 3 बच्चियां भी हैं। घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया है। हादसे के दौरान पिकअप में 25 लोग सवार थे। सभी लोग तेंदूपत्ता तोड़कर गांव लौट रहे थे। हादसा इतना जबरदस्त था कि 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि ब्रेक फेल होने से वाहन अनियंत्रित होकर नीचे गड्ढे में गिर गया। आसपास के लोगों ने देखा तो गांव में सूचना दी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर लोगों की मदद के लिए पहुंचे। घायलों में वाहन चालक भी शामिल है। सभी घायलों को हास्पिटल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा वाहन में सवार सभी लोग सेमहारा गांव से पिकअप में सवार होकर निकले थे। इसके बाद दोपहर करीब 2 बजे गांव लौट रहे थे। तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। इससे पहले रविवार रात भी कोतवाली क्षेत्र के सिंघनपुरी गांव के पास एक ही ट्रक से पुलिस की तीन गाड़ियां हादसे का शिकार हुई थीं। इसमें एक आरक्षक की मौके पर मौत हो गई, वहीं चालक समेत 4 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

हादसे को लेकर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रारंभिक तौर पर जानकारी आ रही है कि गाड़ी का ब्रेक फेल हो गया था, जिसके कारण वह अनियंत्रित हो गई। उन्होंने कहा कि प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंच रही है और जांच के बाद ही हादसे के कारण का पता चलेगा। प्रशासन घायलों की हर संभव मदद कर रहा है।

मृतकों के नाम 
मिला बाई (48) पति बंजारी, टीकू बाई (40) पति गुलाब सिंह, सिरदारी (45) पुत्र सिलाब गोंड, जनिया बाई (35) पति जनऊ गोंड, मुंगिया बाई (60) पति बजरू मरावी, झंगलो बाई (62) पति धनीराम, सिया बाई (50) पति तिरीत गोंड़, किरण (15) पिता शिवनाथ, पटोरिन बाई (35) पति दयाराम गोंड़, धनैया बाई (48) पति सिरदारी गोंड़, शांति बाई (35) पति शिवनाथ, प्यारी बाई (40) पति फूलचंद, सोनम बाई (16) पिता फूलचंद, विस्मत बाई (45), लीला बाई (35) पति मानसिंह, परसदिया बाई (30) पति रामचंद्र,  भारती (13) पिता मानसिंह व सुन्ती बाई (45) पति मदन सिंह।

सीएम साय  ने जताया दुख
सीएम विष्णुदेव साय ने हादसे में 17 लोगों की मौत पर गहरा दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज के लिए जिला प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

डिप्टी सीएम साव ने संवेदना व्यक्त की
डिप्टी सीएम अरुण साव ने हादसे में मृत लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। कवर्धा जिले से अत्यंत पीड़ादायक दुर्घटना की जानकारी मिली है।  कवर्धा जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र में पिकअप वाहन पलटने से 15 लोगों के मृत होने की सूचना प्राप्त हुई है। सभी तेंदूपत्‍ता तोड़कर जंगल से घर वापस लौट रहे थे। दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।

मेरी शोक-संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैंः डिप्टी सीएम शर्मा
कवर्धा में मजदूरों से भरी पिकअप वाहन पलटने से 15 लोगों के निधन की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी शोक-संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने इस दुर्घटना में अपनों को खोया है।  इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों और उनके परिजनों की हरसंभव सहायता में जुटा है

tranding
tranding
tranding