Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 सीएम साय ने दिए घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश 
0 घायलों को मेकाहारा समेत निजी हास्पिटल में भर्ती कराया गया
0 इलाज के दौरान एक घायल की मौत
0 कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका 
0 प्रशासन व एसडीआरएफ की टीम रेक्स्यू में जुटी
0 मृतक के परिजनों को 5 लाख व घायलों को 50 हजार रुपए आर्थिक सहायता की घोषणा
0 प्रबंधन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन

बेरला/बेमेतरा। बेमेतरा जिले के बेरला ब्लाक के ग्राम बोरसी स्थित स्पेशल ब्लास्ट लिमिटेड बारूद फैक्ट्री में शनिवार को जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाके से आसपास के इलाके की धरती हिल गई। धमाके के बाद कई मीटर ऊंचा गुबार उठा। इस धमाके में 10 लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। धमाके में दर्जनभर लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद प्रशासन व एसडीआरएफ की टीम रेक्स्यू में जुट गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही उन्होंने मृतक के परिजनों को 5 लाख व घायलों को 50 हजार रुपए आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। हादसे के बाद फैक्ट्री के कर्मचारी व ग्रामीणों ने प्रबंधन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। 

घटना शनिवार सुबह 7 से 8 बजे की बीच बताया जा रहा है। बारूद फैक्ट्री के एक हॉल में करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान हादसा हुआ है। यही सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। ब्लास्ट से पूरा हॉल तहस- नहस हो गया है। मौके पर शरीर के टुकड़े पड़े हैं। मलबा हटाने का काम शुरू किया गया है। कई मजदूरों का पता नहीं चल पा रहा है। जो लोग घायल है, वे बारूद फैक्टरी परिसर में काम कर रहे थे।  

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बारूद फैक्ट्री में ब्लास्ट की आवाज कई किलोमीटर तक सुनाई दी। इससे आस-पास के गांव के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए।धमाके के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। उधर, घटना के 3 घंटे के बाद रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। घायलों में से 7 लोगों को रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। बारूद फैक्ट्री में ब्लास्ट से घायल हुए मजदूरों में रवि कुमार कुर्रे (26 वर्ष), नीरज यादव (25 वर्ष), चंदन कुमार (27 वर्ष), मनोहर यादव (26 वर्ष), इंद्रकुमार रघुवंशी (26 वर्ष), दिलीप ध्रुव (47 वर्ष) और सेवक राम साहू (50 वर्ष) को उपचार के लिए मेहाकारा में लाया गया था, जहां उपचार के दौरान सेवक राम साहू की मौत हो गई। 

वहीं रायपुर के अलग-अलग निजी अस्पतालों में भी मरीजों को भर्ती कराया गया है। बेमेतरा कलेक्टर ने बताया कि मौके पर एसडीएम पहुंचे हैं। कुल कितने लोग घायल हुए हैं अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। कई लोग मलबे में दबे हुए हैं। उन्हें निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

ब्लास्ट वाले हाल में 15 से 20 लोग काम करते हैं
ग्रामीणों का कहना है कि जहां पर ब्लास्ट हुआ है वहां पर 15 से 20 लोग काम करते हैं। कंपनी में बारूद का काम होता था। ब्लॉस्ट के बाद कर्मचारी बाहर की तरफ भागे। वहीं फैक्टरी का मलबा यानी सीमेंट के टुकड़े दूर तक गिरे हैं। कुछ लोग मलबा में दबे होने की आशंका है।

3 सेटअप लगे थे, ब्लास्ट के बाद एक जमींदोज हुआ
फैक्ट्री में 50-50 हजार स्क्वेयर फीट में 3 सेटअप लगे थे। इसमें से एक सेटअप में ब्लास्ट हुआ है। वहीं आसपास के सेटअप को भी नुकसान पहुंच है।

अतिरिक्त फोर्स बुलाई गई
फायर ब्रिगेड की 9 गाड़ियां मौके पर हैं। साथ ही आसपास की फैक्ट्रियों से भी मदद ली जा रही है। इसके अलावा अतिरिक्त फोर्स भी अब बुला ली गई।

ग्रामीणों ने रोकी कलेक्टर की गाड़ी
मौके पर ग्रामीण लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। लोगों ने कलेक्टर और एसपी की गाड़ी रोक दी। जिसके बाद गाड़ी से उतरकर कलेक्टर और एसपी पैदल ही फैक्ट्री के अंदर गए।

50 लाख मुआवजे की मांग, फैक्ट्री के सामने शव ले जाकर प्रदर्शन करेंगेः परिजन
मृतक सेवकराम के भतीजे जीवन साहू ने कहा कि 50 लाख मुआवजा और चाची को पेंशन दिया जाए। जब तक फैक्ट्री के मालिक की ओर से कोई मुआवजा राशि नहीं दी जाएगी, तब तक हम अंतिम संस्कार नहीं करेंगे और फैक्ट्री के सामने शव ले जाकर प्रदर्शन करेंगे। जीवन साहू ने बताया कि वे सुबह 9.30 बजे से मेकाहारा अस्पताल पहुंचे हुए है, लेकिन अभी तक पोस्टमॉर्टम करके शव नहीं दिया गया। फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही से यह बड़ा हादसा हुआ है।

4 टंकियों में एक्सप्लोसिव लिक्विड
3 सेटअप के आसपास एक्सप्लोसिव लिक्विड भरे 4 टैंक थे। इसमें से एक टंकी ब्लास्ट में जमींदोज हो गई है। नष्ट हुई टंकी से लिक्विड ब्लास्ट हो रहा है, जिसे ठंडा करने की कोशिश लगातार जारी है। बाकी 2 सेटअप और आसपास की 3 टंकियां अभी सुरक्षित है।यहां काम कर रहे मजदूरों को रेस्क्यू कर लिया गया है, लेकिन जिस सेटअप में ब्लास्ट हुआ, वहां मलबे में दबे मजदूरों का रेस्क्यू किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 7.45 बजे किसी मशीन में आग लगी, जिसके बाद यह ब्लास्ट हुआ। यहां 8-10 मजदूर मौके पर थे। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में ग्राम बोरसी, हल्दी, उपरा व फिरदा के लगभग 500 से ज्यादा लोग काम करते हैं।

राहत और बचाव कार्य जारीः एसडीएम
बेरला एसडीएम पिंकी मनहर ने बताया कि प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है। राहत और बचाव कार्य जारी है। गंभीर रूप से घायल 7 लोगों को एंबुलेंस से रायपुर भेजा गया है। इनमें एक की मौत हो गई है। 6 का इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू कार्य जारी है। एसडीएम ने आधिकारिक तौर पर आठ लोगों के मौत की पुष्टि की है, रेस्क्यू पूरा होने के बाद ही बता पाएंगे कुल कितने लोगों की मौत हुई है और कितने लोग घायल हुए हैं।
 
हादसे का कारण स्पष्ट नहीं : कलेक्टर
बेमेतरा कलेक्टर रणबीर शर्मा ने बताया कि हादसे का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। मौके पर एसडीआरएफ की टीम आ रही है। मलबे को हटाया जाएगा। फैक्टरी के मैनेजमेंट से चर्चा जारी है। फैक्टरी में काम करने वाले सभी मजदूरों की जानकारी मांगी गई है। उन्होंने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।

सीएम साय ने दिए घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश
सीएम साय ने घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बारूद फैक्टरी में हुए विस्फोट मामले के दंडाधिकारी को जांच के आदेश दे दिए गए हैं। दुर्घटना में हुई मौत पर मृतक के परिजनों को 5 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए आर्थिक सहायता देने के आदेश भी दिया गया है। घायलों को समुचित इलाज के लिए रायपुर लाया जा रहा है। मौके पर राहत एवं बचाव कार्य की उच्चस्तरीय निगरानी की जा रही है।

मुख्यमंत्री-उपमुख्यमंत्री ने घटना पर जताया दुख
सीएम विष्णु देव साय ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि बेमेतरा जिले के बोरसी गांव के बारूद फैक्टरी में ब्लास्ट होने की दुःखद खबर आई है। घटना की जानकारी मिलते ही उच्चाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं। राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। जिसकी सतत निगरानी की जा रही है।

रेस्क्यू अभियान जारीः डिप्टी सीएम शर्मा
उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बेमेतरा के बोरसी गांव में बारूद फैक्ट्री में ब्लास्ट होने की जानकारी मिली है। अभी कितने लोगों की मौत हुई ये स्पष्ट नहीं है, लेकिन जितनी कम जनहानि हो उतना ही अच्छा है। साथ ही विजय शर्मा ने कहा कि प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद है और रेस्क्यू अभियान जारी है।

राहत और बचाव कार्य जारीः डिप्टी सीएम साव
उपमुख्यमंत्री व बेमेतरा जिला प्रभारी अरुण साव ने कहा कि बेमेतरा में एक बारूद फैक्टरी में विस्फोट होने की जानकारी मिली है। मैं प्रशासन के लोगों से लगातार संपर्क में हूं। प्रशासन की पूरी टीम घटनास्थल पर मौजूद है। दमकल की गाड़ियों को भी बुलाया गया है। राहत और बचाव कार्य जारी है। घायलों को इलाज के लिए रायपुर भेजा गया है।मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि बचाव कार्य के लिए आस-पास के जिलों से भी टीमें बुलाई गई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

tranding
tranding
tranding