Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 रेमल तूफान के कारण बारिश से पत्थर की खदान ढही 
0 चक्रवाती रेमल का असर अब नार्थ-ईस्ट पर दिखा

आइजोल। पश्चिम बंगाल में रविवार (26 मई) को आए रेमल तूफान का असर अब नॉर्थ-ईस्ट में दिखने लगा है। मिजोरम में तूफान के कारण लगातार हो रही बारिश की वजह से मंगलवार सुबह 6 बजे आइजोल में एक पत्थर की खदान ढह गई। अब तक इसमें 17 लोगों की मौत हुई है। इनमें 4 साल का लड़का और 6 साल की लड़की शामिल है। दो लोगों का रेस्क्यू भी किया गया है।

मिजोरम के डीजीपी अनिल शुक्ला ने न्यूज एजेंसी को बताया कि अब तक 17 शव निकाले गए हैं। इनमें में 8 स्थानीय लोगों के हैं, जबकि 4 दूसरे राज्यों के हैं। बाकी शवों की पहचान की जा रही है। मलबे में 6-7 लोगों के दबे होने की आशंका है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है, लेकिन तेज बारिश के कारण इसमें दिक्कतें आ रही हैं।

इसके अलावा नॉर्थ-ईस्ट के एक अन्य राज्य असम में भी आज तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। मोरीगांव जिले में ऑटो रिक्शा पर पेड़ गिरने से एक कॉलेज स्टूडेंट की मौत हो गई। चार लोग घायल हो गए। जबकि, लखीमपुर में लैंडस्लाइड के चलते एक व्यक्ति की जान चली गई। सोनितपुर जिले में एक स्कूल बस पर पेड़ गिर गया, इसमें 12 बच्चे घायल हो गए।

स्कूल-सरकारी दफ्तर बंद, सीएम ने इमरजेंसी मीटिंग बुलाई
लगातार बारिश के कारण मिजोरम के सभी स्कूल और सरकारी दफ्तर आज बंद कर दिए गए हैं। प्राइवेट कंपनियों को अपने कर्मचारियों से घर से काम करवाने के लिए कहा गया है। राज्य में कई और जगह भी लैंडस्लाइड हुए हैं। इसमें दो लोगों की मौत हुई। आइजोल के सलेम वेंग में लैंडस्लाइड के बाद एक इमारत पानी के साथ बह गई, जिसके बाद तीन लोग लापता हैं। पुलिस ने बताया कि हुनथर में नेशनल हाईवे-6 पर लैंडस्लाइड के कारण आइजोल देश के बाकी हिस्सों से कट गया है। राज्य के भीतर कई स्टेट हाईवे भी बंद हैं। लगातार बारिश से नदियों का जल स्तर भी बढ़ रहा है। नदी के किनारे के इलाकों में रहने वाले कई लोगों को हटा दिया गया है। मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने राज्य में खराब मौसम को लेकर इमरजेंसी बैठक बुलाई है। इसमें गृह मंत्री के सपडांगा, मुख्य सचिव रेनू शर्मा और दूसरे बड़े अधिकारी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री ने बारिश के कारण हुए हादसों में जान गंवाने वालों के परिवार को 4 लाख रुपए की मदद का ऐलान किया है।

असम में एक की मौत, सीएम ने लोगों से घरों में रहने की अपील की
असम में मंगलवार को तेज हवाओं के साथ भारी बारिश ने तबाही मचाई। मोरीगांव जिले में ऑटो रिक्शा पर पेड़ गिरने से एक कॉलेज स्टूडेंट की मौत हो गई। चार लोग घायल हुए हैं। सोनितपुर जिले में एक स्कूल बस पर एक पेड़ गिर गया और 12 बच्चे घायल हो गए। लखीमपुर के गेरुकामुख में बन रहे एनएचपीसी के हाइड्रो-इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट के इलाके में लगातार बारिश के चलते लैंडस्लाइड में पुतुल गोगोई नाम के व्यक्ति की जान चली गई। कामरूप जिले के पलाशबाड़ी इलाके में गिरते हुए पेड़ से बचने के चक्कर में एक व्यक्ति घायल हो गया।

कई इलाकों में रोड का बड़ा हिस्सा बह गया
दिमा हसाओ जिले में भारी बारिश के बाद नदी का पानी बढ़ने से हाफलोंग-सिलचर लिंक रोड का एक बड़ा हिस्सा बह गया। दिमा हसाओ जिले के डिप्टी कमिश्नर सिमंता कुमार दास ने बताया कि हाफलोंग-सिलचर कनेक्टिंग रोड को 1 जून तक बंद कर दिया है। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने राज्य के लोगों से घरों में रहने की अपील की है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सेना भी अलर्ट पर हैं।

आईएमडी ने 30 मई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया
आईएमडी ने पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम में 30 मई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। असम और मेघालय में 29 और 30 मई को बहुत भारी बारिश की आशंका है। मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार दोपहर तक तूफान रेमल कमजोर होकर गहरे दबाव क्षेत्र में बदल गया। हालांकि, भारत के पूर्वोत्तर राज्यों में सोमवार से साइक्लोन का असर शुरू हो गया। असम सहित पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में सोमवार से बारिश जारी है। गुवाहाटी में कल 14 और त्रिपुरा में 11 उड़ानें रद्द हुईं।

tranding
tranding
tranding