Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 नर्मदापुर में 20 एकड़ जमीन का चयन
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के शिमला कहे जाने वाले मैनपाट में देश का दूसरा सबसे ऊंचा झंडा पार्क बनेगा। झंडे की ऊंचाई 412 फीट होगी। भारत में सबसे ऊंचा झंडा पार्क अटारी के बाघा बार्डर में है। जिसकी ऊंचाई 418 फीट है।

दरअसल, रविवार को सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो, सरगुजा कलेक्टर विलास भोस्कर, एसडीएम रवि राही समेत जनप्रतिनिधियों ने नर्मदापुर में स्टेडियम के बगल में 20 एकड़ जमीन चिन्हांकित किया है। कलेक्टर ने प्रशासनिक अमले को उस जमीन को झंडा पार्क के लिए आरक्षित करने के निर्देश दिए हैं। प्रस्तावित भूमि में करीब 3 एकड़ में अवैध कब्जा है। जिसे हटाने की कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि, मैनपाट कार्निवाल के दौरान विधायक रामकुमार टोप्पो की मांग पर सीएम विष्णुदेव साय ने झंडा पार्क बनाने की घोषणा की थी।

1 करोड़ रुपए मिले, 4 करोड़ आएगी लागत
मैनपाट में बनने वाले झंडा पार्क की अनुमानित लागत 4 करोड़ रुपए होगी। इसके लिए एक करोड़ रुपए राज्य शासन ने कलेक्टर सरगुजा के खाते में हस्तांतरित कर दिया है। चार करोड़ की लागत से पार्क विकसित किया जाएगा। बीच में विशाल स्तंभ में ध्वज फहराया जाएगा। नर्मदापुर में लगने वाले तिरंगे को कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकेगा।

पर्यटकों को आकर्षित करेगा झंडा पार्क
झंडा पार्क बनाने का मुख्य उद्देश्य मैनपाट में पर्यटन को बढ़ावा देना है। समुद्रतल से 1085 मीटर की उंचाई पर बसे मैनपाट की सुरम्य वादियां, टाइगर प्वाइंट, फिश प्वाइंट, मेहता प्वाइंट सहित तिब्बती बौद्ध मंदिर, दलदली, उल्टा पानी जैसे पर्यटन स्थल लोगों को आकर्षित करते हैं। मैनपाट में कई अनछुए झरने और गुफाएं भी हैं। मैनपाट में हर साल हजारों की संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। खासकर सर्दियों, 31 दिसंबर और नए साल के स्वागत के दौरान मैनपाट में पैर रखने की जगह नहीं होती है। झंडा पार्क बनने से मैनपाट का आकर्षण और बढ़ेगा।

जल्द शुरू होगा निर्माणः विधायक रामकुमार
सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि हम मैनपाट में पर्यटन को बढ़ावा देना चाहते हैं। जिससे सैलानियों का आना जाना यहां बढ़े। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से झंडा पार्क के लिए निवेदन किया गया था। इसकी कागजी कार्रवाई पूरी हो गई है। फंड भी स्वीकृत हो गया है। जल्दी ही इसका निर्माण कार्य चालू हो जाएगा।

स्थल निरीक्षण के लिए पहुंचे विधायक और अधिकारी।