Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 एफबीआई बोली- मारने की साजिश, रिपब्लिकन समर्थक था 20 साल का शूटर

पेंसिल्वेनिया/वॉशिंगटन। राष्ट्रपति चुनाव के दौरान अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर फायरिंग हुई है। उनके दाएं कान पर गोली लगी है, लेकिन वो इस हमले में सुरक्षित हैं। बताया जा रहा है कि उन्हें अस्पताल से छुट्‌टी भी दी जा चुकी है। बताया जा रहा है कि हमला करने वाला 20 साल का युवक रिपब्लिकन समर्थक था, जो ट्रम्प की ही पार्टी है।

घटना भारतीय समय के मुताबिक रविवार सुबह 4 बजे की है। तब अमेरिका में शनिवार के शाम करीब 6.30 बज रहे थे। ट्रम्प अमेरिका के पेंसिल्वेनिया राज्य के बटलर शहर में चुनावी रैली कर रहे थे। ट्रम्प मंच पर आए उन्होंने बोलना शुरू किया- ‘टेक अ लुक एट वॉट हैपंड’… और फायरिंग की आवाज आनी शुरू हुई। चीख-पुकार मचती है, ट्रम्प चौंकते हुए दायां हाथ कान पर रखते हैं और झुक जाते हैं।

इस बीच सुरक्षा गार्ड घेरा बना लेते हैं। ट्रम्प खड़े होते हैं, कान और खून से सने चेहरे के साथ दाईं मुट्‌ठी भींचते हुए कुछ कहने की कोशिश करते हैं। फिर गार्ड उन्हें घेरे में लेते हुए कार में लेकर निकल जाते हैं।

गोलीबारी में रैली में मौजूद एक व्यक्ति की मौत हुई है। 2 गंभीर रूप से घायल हुए। पेंसिल्वेनिया पुलिस ने बताया कि ट्रम्प पर करीब 400 फीट दूर मौजूद इमारत की छत से फायरिंग की गई। एआर-15 राइफल से 8 राउंड गोलियां चलाई गईं।

पहले राउंड में 3 और दूसरे राउंड में 5 गोलियां चलीं। पुलिस ने कहा कि संदिग्ध शूटर मारा गया है। उसकी उम्र 20 साल थी, वो ट्रम्प की ही रिपब्लिकन पार्टी का समर्थक था। अब तक हमले के मकसद की जानकारी नहीं है।

एसॉल्ट राइफल जिससे ट्रम्प पर हमला हुआ
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक ट्रम्प पर AR-15 एसॉल्ट राइफल से हमला हुआ है।अमेरिका में 18 साल के बाद कोई भी शख्स गन और राफइल खरीद सकता है। रॉयटर्स के मुताबिक इस साल फरवरी में डोनाल्ड ट्रम्प ने गन लॉबी को सपोर्ट किया था। एक रैली के दौरान उन्होंने कहा था कि अगर वो राष्ट्रपति बनते हैं तो गन पर लगाए गए बाइडेन प्रशासन के बैन को हटा देंगे।

52 साल बाद राष्ट्रपति उम्मीदवार पर हमला
अमेरिका में 52 साल बाद किसी राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार पर हमला हुआ है। इससे पहले 1972 में जॉर्ज सी वॉलेस पर गोली चलाई गई थी। वे भी राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार थे। उन पर एक शॉपिंगसेंटर में गोली चलाई गई थी। इसके बाद वे मरते दम तक व्हील चेयर पर रहे। इससे पहले 1972 में पूर्व राष्ट्रपति जॉन एफ केनेडी के भाई रॉबर्ट एफ केनेडी पर हमला हुआ था। वे इलेक्शन कैंपेन लॉस एंजिल्स से लौट रहे थे।

ट्रम्प की ही पार्टी से है हमलावरः एफबीआई
अमेरिका की जांच एजेंसी एफबीआई ने बताया है कि हमलावर थॉमस मैथ्यू क्रूक्स के वोटर आई कार्ड से पता चला है कि वो ट्रम्प की ही रिपब्लिकन पार्टी से था। हालांकि उसने बाइडेन की डेमोक्रेटिक पार्टी से जुड़े एक ग्रुप को 15 डॉलर यानी 1250 रुपए का चंदा भी दिया था।

एफबीआई का दावा- 20 साल के थॉमस मैथ्यू क्रूक्स ने चलाई गोली
पुलिस ने बताया कि ट्रम्प पर फायरिंग करने वाले का नाम मैथ्यू क्रूक्स है। 20 साल के क्रूक्स के फोटो-वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हैं। हालांकि अब तक अमेरिकी पुलिस या एफबीआई ने इन फोटो-वीडियो की पुष्टि नहीं की है।

ट्रम्प सुरक्षित, अस्पताल से बाहर आए
हमले के बाद डोनाल्ड ट्रम्प सुरक्षित हैं। सीएनएन के मुताबिक उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। ट्रम्प की टीम ने कहा है कि वे और मजबूत और अपने टारगेट को लेकर समर्पित हैं।

पूरी जांच के बाद ही हमलावर की पहचान उजागर होगी
पेंसिल्वेनिया पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी है कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती है हमलावर की पहचान उजागर नहीं करेंगे।

हमले की वजह पता नहींः पेंसिल्वेनिया पुलिस
घटना के बाद पेंसिल्वेनिया पुलिस ने कहा कि उनकी टीम केस की जांच कर रही है। अभी तक हमलावर के मकसद की जानकारी नहीं मिल सकी है।

राष्ट्रपति बाइडेन ने डोनाल्ड ट्रम्प से बात की
राष्ट्रपति जो बाइडेन ने घटना के करीब 4 घंटे बाद पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से बात की। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति बाइडेन ने पूर्व राष्ट्रपति ट्रम्प, पेंसिल्वेनिया के गवर्नर जोश शपिरो और बटलर के मेयर बॉब डंडॉय से भी बात की है। व्हाइट हाउस अधिकारियों ने यह भी बताया कि राष्ट्रपति आज ही वॉशिंगटन डीसी लौट रहे हैं। वे रविवार सुबह वाइट हाउस में होमलैंड सिक्योरिटी और लॉ एनफोर्समेंट एजेंसी के अधिकारियों से ब्रीफिंग लेंगे।

कौन है ट्रम्प पर हमला करने वाला थॉमस क्रूक्स
0 क्रूक्स की उम्र 20 साल है। वो सितंबर 2003 में पैदा हुआ।
0 उसका घर बटलर से 40 किमी दूर बेथल पार्क में है।
0 क्रूक्स रिपब्लिकन पार्टी से जुड़ा था।
0 उसने 2021 में डेमोक्रेटिक पार्टी से जुड़े एक ग्रुप को भी चंदा दिया था।
0 क्रूक्स को 2022 में मैथ्स-साइंस से जुड़ा स्टार अवॉर्ड मिला था।

tranding
tranding
tranding