0 साय सरकार का दूसरा बजट होगा पेश, मोदी की गारंटी पर हो सकती हैं घोषणाएं
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 24 फरवरी से 21 मार्च तक चलेगा। इस सत्र में 17 बैठकें होंगी। साय सरकार का यह दूसरा बजट सत्र है। इसे लेकर विधानसभा सचिवालय ने गुरुवार को अधिसूचना जारी कर दी है। सत्र की शुरुआत राज्यपाल रामेन डेका के भाषण से होगी।
इस दौरान सरकार राज्यपाल के ज्ञापन पर कृतज्ञता जताने का प्रस्ताव लेकर आएगी। अगले दिनों से उस पर चर्चा होनी है। इस सत्र के दौरान ही वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट पेश किया जाएगा। माना जा रहा है कि इस सत्र में 'मोदी की गारंटी' को लेकर बड़ी योजनाएं आ सकती हैं।
सरकार का पहला बजट 1 लाख 47 हजार 500 करोड़ का था
छत्तीसगढ़ की साय सरकार ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए अपना पहला बजट 9 फरवरी साल 2025 में पेश किया था। प्रदेश के वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने 1 लाख 47 हजार 500 करोड़ का ये बजट पेश किया था, जो पूर्ववर्ती भूपेश सरकार से 22 फीसदी ज्यादा थी।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी का यह बजट 'ज्ञान' यानी गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी पर फोकस्ड बताया था। वित्त मंत्री चौधरी ने अपने बजट के दौरान कहा था कि 'ज्ञान' के माध्यम से गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी से आर्थिक विकास होगा। सरकार ने 5 साल में जीडीपी को 5 लाख करोड़ से 10 लाख करोड़ तक पहुंचाने यानी दोगुना करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए 10 पिलर्स निर्धारित किए गए हैं।