0 केजरीवाल, सिसोदिया, सत्येंद्र जैन समेत कई दिग्गज हारे
0 20 सीटों पर सत्ताधारी आप की जमानत जब्त हुई
0 भाजपा को 71% स्ट्राइक रेट के साथ 40 सीटों का फायदा
0 कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने आम आदमी पार्टी (आप) का किला ढहाते हुए दिल्ली फतह कर ली। भाजपा ने दिल्ली में 27 साल बाद स्पष्ट बहुमत हासिल किया। दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों में से भाजपा ने 48 और आप ने 22 सीटें जीतीं। कांग्रेस को इस बार भी एक भी सीट नहीं मिली। विधानसभा चुनाव में सत्ताधारी आप को जोर का झटका लगा है। चुनाव में पार्टी प्रमुख पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल, पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन समेत कई दिग्गज चुनाव हार गए। वहीं वर्तमान सीएम आतिशी चुनाव जीत गई। जीत का चौका लगाने की आस लगाए आप की 20 सीटों पर जमानत जब्त हो गई। वहीं भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 40 सीटों का इजाफा किया और पार्टी का स्ट्राइक रेट 71% रहा।
भाजपा ने 1993 में 49 सीटें यानी दो तिहाई बहुमत हासिल किया था। 5 साल की सरकार में मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज मुख्यमंत्री बनाए गए थे। 1998 के बाद कांग्रेस ने 15 साल राज किया। इसके बाद 2013 से आम आदमी पार्टी की सरकार थी।
इस बार भाजपा की 71% स्ट्राइक के साथ 40 सीटें बढ़ीं। पार्टी ने 68 पर चुनाव लड़ा, 48 सीटें जीतीं। वहीं, आप को 40 सीटों का नुकसान हुआ। आप का स्ट्राइक रेट 31% रहा।भाजपा ने पिछले चुनाव (2020) के मुकाबले वोट शेयर में 9% से ज्यादा का इजाफा किया। वहीं, आप को करीब 10% का नुकसान हुआ है। कांग्रेस को भले ही एक भी सीट नहीं मिली, लेकिन वोट शेयर 2% बढ़ाने में कामयाब रही।
कांग्रेस फिर जीरो, लेकिन 14 सीटों पर आप को हरवाया
कांग्रेस दिल्ली में जीरो थीं, जीरो ही रही। लेकिन आम आदमी पार्टी को जरूर हरवा दिया। 14 सीटों पर आम आदमी पार्टी की हार का अंतर, कांग्रेस के मिले वोटों से कम है। यानी अगर आप और कांग्रेस का गठबंधन होता, तो दिल्ली में गठबंधन की सीटें 37 हो जातीं और भाजपा 34 सीटों पर सिमट सकती थी। बहुमत के लिए 36 सीटें चाहिए।
आप के हार के बड़े कारण
0 करप्शन के आरोप लगे, 177 दिन जेल में रहे: केजरीवाल शराब नीति केस में कुल 177 दिन जेल में रहे। भाजपा ने अपने चुनावी कैंपेन में इसे मुद्दा बनाया। केजरीवाल खुद को 'कट्टर ईमानदार' कहते थे और भाजपा ने उन्हें बार-बार 'कट्टर बेईमान' कहा।
0 सरकारी बंगले 'शीशमहल' पर 45 करोड़ खर्च: केजरीवाल के सरकारी बंगले के रेनोवेशन पर 45 करोड़ रुपए खर्च किए जाने को भाजपा ने मुद्दा बनाया। चुनाव के पहले इसे 'शीशमहल' कहकर प्रचारित किया। मोदी ने हर चुनावी रैली में इसका जिक्र किया।
0 केजरीवाल के खिलाफ मोदी खुद चेहरा बने: भाजपा ने इस चुनाव को पीएम मोदी बनाम केजरीवाल बनाया। प्रधानमंत्री ने अपने नाम पर वोट मांगे। 29 जनवरी को करतार नगर की रैली में पीएम ने साफ तौर पर कहा कि 'दिल्ली में मोदी को सेवा करने का मौका दीजिए।
0 केंद्र ने वोटिंग से 3 दिन पहले 12 लाख तक इनकम टैक्स फ्री की: दिल्ली में 67% आबादी मिडिल क्लास है। पिछले चुनावों में मिडिल क्लास ने आप को एकतरफा वोट किया था। इस बार भाजपा ने अपने चुनावी कैंपेन में मिडिल क्लास को टारगेट किया।
0 महिलाओं और बुजुर्गों को आर्थिक मदद का ऐलान: मोदी समेत भाजपा ने हर रैली में कहा कि हम मौजूदा सरकार की किसी भी कल्याणकारी योजना को बंद नहीं करेंगे। वहीं, आप ने महिलाओं को हर महीने 2100 रुपए देने का ऐलान किया। भाजपा ने अपने घोषणापत्र में महिलाओं और 60-70 साल के बुजुर्गों को हर महीने 2500 रुपए देने का ऐलान किया है। विधवा, दिव्यांगों और 70 साल से ऊपर के बुजुर्गों को 3000 रुपए पेंशन की घोषणा। गरीब महिलाओं को सिलेंडर पर 500 रुपए की सब्सिडी और होली-दीवाली पर एक-एक मुफ्त सिलेंडर देने का भी ऐलान किया। रेहड़ी-ठेले वालों, ऑटो, झुग्गी वालों के लिए योजनाएं लाए।
0 67 प्रतिशत उम्मीदवार बदल दिए: भाजपा ने इस बार कुल 68 उम्मीदवार उतारे। इसमें पिछले चुनाव वाले 46 प्रत्याशी बदल दिए। इनमें एक विधायक भी शामिल हैं। यानी भाजपा ने 67 प्रतिशत कैंडिडेट बदल दिए।
दिल्ली विधानसभा चुनाव की प्रमुख बातें
0 2020 में भाजपा ने महज 8 सीटें जीती थीं। 2025 में 6 गुना ज्यादा यानी 48 से ज्यादा सीटों पर जीती।
0 केजरीवाल की नई दिल्ली सीट पर 20 उम्मीदवारों की जमानत तक जब्त हो गई। इन्हें मिले वोट तीन अंक तक भी नहीं पहुंच सके।
0 दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के परिणामों के अनुसार, कांग्रेस के 70 में से 68 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई है।
0 केजरीवाल को प्रवेश वर्मा ने 4089 वोटों से हाराया, जबकि संदीप दीक्षित को 4568 वोट ही मिले।
0 भाजपा के दोनों पूर्व मुख्यमंत्रियों के बेटे चुनाव जीत गए हैं। नई दिल्ली से प्रवेश वर्मा और मोतीनगर से हरीश खुराना। प्रवेश पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे हैं। खुराना पूर्व सीएम मदन लाल खुराना के बेटे हैं।
दिल्ली चुनाव नतीजे (कुल 70 सीटें)
पार्टी जीते कुल वोट (प्रतिशत)
भाजपा 48 (40) 48 45.75
आप 22 (40) 22 43.56
कांग्रेस 00 00 06.36
अन्य 00 00 04.33
------------------------------------------------------------
कुल 70 70 100