
0 कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला, आप ने एक नगर पालिका जीती
रायपुर/दुर्ग/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ नगर निकाय चुनाव के नतीजे के लिए शनिवार को मतगणना हुई। सत्ताधारी भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी 10 नगर निगम में जीत हासिल की। सभी निगम में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया। निकाय चुनाव में भाजपा ने रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, जगदलपुर, धमतरी, अंबिकापुर, चिरमिरी, कोरबा व रायगढ़ निगम में जीत हासिल की है।
वहीं, राज्य की 49 नगर पालिका अध्यक्ष के चुनाव में से भाजपा के खाते में 35 गई हैं। कांग्रेस ने 8 पर जीतीं। वहीं अन्य के खाते में 6 सीटें गई। आप ने बिलासपुर की बोधरी नगर पालिका में जीत दर्ज की। निकाय चुनाव में आप की यह पहली जीत है। इसी तरह 114 नगर पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 81 पर कब्जा कर लिया। वहीं कांग्रेस को सिर्फ 22 में जीत हासिल हुई। अन्य को 11 पर जीत मिली। राज्य के कुल 10 निगम, 49 नगरपालिका और 113 नगर पंचायतों पर 11 फरवरी को चुनाव हुए थे।
रायपुर निगम में 15 साल बाद भाजपा की वापसी, पूर्व महापौैर एजाज ढेबर हारे, पत्नी जीतीं
रायपुर नगर निगम चुनाव में बीजेपी की मेयर प्रत्याशी मीनल चौबे 1 लाख 53 हजार 290 वोटों से जीत गई हैं। उनको 3 लाख 15 हजार 835 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी दीप्ति दुबे को 1 लाख 62 हजार 545 वोट मिले हैं। वहीं, पूर्व महापौर एजाज ढेबर पार्षद पद का चुनाव 1529 वोट से हार गए हैं। वहीं, कांग्रेस से एजाज ढेबर की पत्नी अपने वार्ड में जीत गई हैं। निगम के 70 वार्ड में से बीजेपी 60 पर, कांग्रेस महज 7 पर और 3 वार्ड पर निर्दलीय पार्षद जीते हैं।
रायपुर निगम में बड़ी जीत भाजपा पर विश्वासः मूणत
भाजपा की मीनल चौबे ने रायपुर निगम में बड़ी लीड से जीत दर्ज कर महापौर चुनी गई हैं।इस जीत को पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने कहा कि लोगों ने भाजपा पर विश्वास जताया है।
रायपुर: बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जीत पर रैली निकाली
रायपुर नगर निगम में बीजेपी प्रत्याशी को मिली बड़ी जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार और बाइक से रैली निकाली।
दुर्ग में बीजेपी से अलका 67 हजार वोटों से जीतीं
दुर्ग नगर निगम में बीजेपी मेयर प्रत्याशी अलका बाघमार ने 67,295 वोटों से जीत दर्ज की है। कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी प्रेमलता साहू को हार का सामना करना पड़ा है। बीजेपी कैंडिडेट को 107642 वोट मिले, वहीं कांग्रेस प्रत्याशी को 40347 वोट मिले। इसके अलावा 43 वार्डों में बीजेपी जीत हासिल की है। वहीं कांग्रेस को 11 वार्डों में जीत मिली है। 6 सीटों पर निर्दलीय जीते हैं। पूर्व सीएम भूपेश बघेल के क्षेत्र पाटन नगर पंचायत में भी बीजेपी को जीत मिली है। दुर्ग में करीब 63.78% मतदान हुआ था। मेयर के लिए 2 और वार्ड पार्षद के लिए 228 प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे।
बिलासपुर निगम में भाजपा की एकतरफा जीत
बिलासपुर नगर निगम में बीजेपी की मेयर प्रत्याशी पूजा विधानी 66 हजार 67 वोट से जीत गई हैं। उन्हें 1 लाख 52 हजार 11 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद नायक को 85 हजार 944 वोट मिले हैं। निगम के 70 में से 48 वार्डों में बीजेपी, कांग्रेस 18 और 4 निर्दलीय पार्षदों ने जीत हासिल की है। वहीं, वार्ड क्रमांक-13 में भाजपा पार्षद प्रत्याशी निर्विरोध चुन लिया गया था। वहीं, रतनपुर नगर पालिका में भाजपा प्रत्याशी लव कुश चुनाव जीते। मल्हार नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी धनेश्वरी केंवट की जीत। कोटा नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी सरोज दुर्गेश साहू की हुई जीत। बिल्हा नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी वंदना जेंड्रे चुनाव जीती। जबकि तखतपुर नगर पालिका में कांग्रेस, बोदरी नगर पालिका में आप का कब्जा है। जीत के बाद पूजा विधानी ने कहा कि, शहर की जनता को मूलभूत सुविधा के साथ महिलाओं को सुविधा दिलाना पहली प्राथमिकता होगी।
डोंगरगढ़ में विजय जुलूस के दौरान बवाल, पथराव से मचा हड़कंप
डोंगरगढ़ में नगर पालिका चुनाव के नतीजों के बाद जश्न का माहौल हिंसा में बदल गया। वार्ड क्रमांक 22 से कांग्रेस पार्षद राहुल यादव की जीत के बाद उनके समर्थकों द्वारा निकाले गए विजय जुलूस के दौरान पथराव की घटना सामने आई है। यह पथराव भाजपा के शहर महामंत्री संतोष राव के घर पर हुआ, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। इस घटना के बाद भाजपा की ओर से बड़ी संख्या में महिलाएं, कार्यकर्ता और नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष थाने पहुँचे और कांग्रेस पार्षद और उनके समर्थकों पर सख्त कार्रवाई की माँग करते हुए जमकर प्रदर्शन किया।
दिखी आम आदमी पार्टी की धमक, नपा अध्यक्ष सहित 4 वार्डों में जमाया कब्जा
छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव में हर ओर भाजपा का जादू चला तो वहीं कांग्रेस सभी 10 नगर निगमों में बुरी तरह से हार गई है। इस बीच बिलासपुर जिले में आम आदमी पार्टी (आप) का जलवा देखने को मिला। बोदरी नगर पालिका परिषद में अध्यक्ष पद पर आम आदमी पार्टी का कब्जा हो गया है। आप की प्रत्याशी नीलम विजय वर्मा ने अध्यक्ष पद का चुनाव जीत लिया है। इसके साथ ही यहां के 4 वार्डों में भी आप के प्रत्याशी जीतकर पार्षद बने हैं. आप की छत्तीसगढ़ में पहली बार इस जीत के साथ पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। बता दें कि इस पालिका के चुनाव में नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष नीलम वर्मा के पति विजय वर्मा कांग्रेस से बागी होकर आम आदमी पार्टी की टिकट पर यहां से अपनी पत्नी को चुनाव मैदान में उतारा था, जिसमें उन्हें जीत मिली है। बोदरी नगर पालिका परिषद के 15 वार्डों में से 9 वार्डों में भाजपा के प्रत्याशी विजयी रहे, जबकि 4 वार्डों में आम आदमी पार्टी और 2 वार्डों में कांग्रेस के प्रत्याशी को जीत मिली है।


