
0 भाजपा विधायक दल की बैठक में किया गया नए सीएम का ऐलान
नई दिल्ली। अटकलों के बीच बुधवार शाम को दिल्ली भाजपा विधायक दल की बैठक हुई। इसमें सभी अनुमानों को दरकिनार कर नवनिर्वाचित विधायक रेखा गुप्ता दिल्ली की नई मुख्यमंत्री चुनी गईं। मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार (20 फरवरी) को रामलीला मैदान में दोपहर 12:35 बजे होगा।
विधायक दल की बैठक से तीन घंटे पहले ही रेखा गुप्ता के नाम की चर्चा नई सीएम के लिए मीडिया गलियारों में शुरू हो गई थी। इससे पहले आरएसएस ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को रेखा गुप्ता का नाम सुझाया था, जिसे भाजपा ने मान लिया।
पार्टी ने रविशंकर प्रसाद और ओम प्रकाश धनखड़ को पर्यवेक्षक बनाया था। दोनों ने विधायक दल की बैठक से पहले भाजपा के सभी विधायकों से एक-एक करके बात की। इसके बाद विधायक दल की बैठक में सतीश उपाध्याय और विजेंद्र गुप्ता ने रेखा गुप्ता के नाम का प्रस्ताव रखा, फिर सीएम के नाम का ऐलान किया गया।
पहले खबर आई थी कि प्रवेश वर्मा डिप्टी सीएम और विजेंद्र गुप्ता विधानसभा स्पीकर होंगे, लेकिन इसकी भाजपा ने पुष्टि नहीं की है। बैठक में सिर्फ सीएम ही चुना गया।
दिल्ली के मुख्य सचिव की तरफ से भेजे गए निमंत्रण में मुख्यमंत्री के साथ मंत्रियों की शपथ का भी जिक्र है। कार्यक्रम में 30 हजार मेहमानों के शामिल होने की उम्मीद है।
आरएसएस का महिला सीएम का प्रस्ताव भाजपा ने माना
आरएसएस ने दिल्ली में महिला सीएम बनाने का प्रस्ताव रखा है। संघ ने रेखा गुप्ता का नाम आगे बढ़ाया है, जिसे भाजपा ने मान लिया है। रेखा गुप्ता का दिल्ली सीएम बनना तय है।
समारोह में पीएम मोदी समेत कई हस्तियां आएंगी
शपथ समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत तमाम केंद्रीय मंत्री, भाजपा और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम शामिल होंगे। इसके अलावा उद्योगपति, फिल्म स्टार, क्रिकेट खिलाड़ी, साधु-संत और राजनयिक भी आएंगे। दिल्ली के 12 से 16 हजार लोगों को भी बुलाया गया है।
सबके कल्याण का संकल्प लियाः रेखा गुप्ता
रेखा गुप्ता ने सीएम चुने जाने के बाद कहा कि मुझ पर विश्वास कर मुख्यमंत्री पद का दायित्व सौंपने के लिए मैं सभी शीर्ष नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करती हूं। आपके इस विश्वास और समर्थन ने मुझे नई ऊर्जा और प्रेरणा दी है। मैं संकल्प लेती हूं कि दिल्ली के हर नागरिक के कल्याण, सशक्तीकरण और समग्र विकास के लिए पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण से कार्य करूंगी। दिल्ली को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के इस महत्वपूर्ण अवसर के लिए मैं पूरी तरह से प्रतिबद्ध हूं।
रेखा गुप्ता पहली बार विधायक बनीं, अब दिल्ली सीएम
50 साल की रेखा गुप्ता जिंदल दिल्ली की नौवीं सीएम होंगी। भाजपा विधायक दल की बैठक में बुधवार को उन्हें विधायक दल का नेता चुना गया। वे दिल्ली विधानसभा चुनाव में शालीमार बाग सीट से विधायक हैं। उन्होंने आप की वंदना कुमारी को 29,595 वोटों से हराया। रेखा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भाजपा से जुड़ी हैं। दिल्ली भाजपा की महासचिव और भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं।
21 राज्यों में भाजपा या एनडीए की सरकार
दिल्ली विधानसभा चुनाव जीतने के बाद 28 राज्यों और विधानसभा वाले 3 केंद्र शासित प्रदेशों में से 21 में भाजपा या एनडीए की सरकार हो गई है। इसके साथ ही भाजपा 2018 की स्थिति में वापस आ गई है। तब भी देश में भाजपा या एनडीए की 21 राज्यों तक पहुंच थी।जबकि दिल्ली में दो बार 60 से ज्यादा सीटें जीतने वाली आप इस बार 22 सीटों पर सिमट गई है। जबकि कांग्रेस को लगातार तीसरे चुनाव में एक भी सीट नहीं मिली। नरेंद्र मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद 8 राज्यों में हुए चुनावों में से 5 में भाजपा या एनडीए ने जीत दर्ज की। इसमें आंध्र, अरुणाचल, ओडिशा, हरियाणा और महाराष्ट्र शामिल हैं। जबकि जम्मू-कश्मीर और झारखंड में विपक्षी पार्टियों की सरकार है। वहीं, सिक्किम में सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) की सरकार है। विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और एसकेएम का गठबंधन टूट गया, हालांकि केंद्र में दोनों साथ हैं।


