Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 मधुबनी से पीएम मोदी ने दिया आतंकियों को कड़ा संदेश

मधुबनी। प्रधानमंत्री नरेंद्री मोदी ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को भारत की आत्मा पर हमला बताया और देश की 140 करोड़ आबादी की इच्छाशक्ति के संबल से दहाड़ते हुए आज कहा कि अब आतंकवादियों को मिट्टी में मिलाने का समय आ गया है और आतंकियों एवं साजिशकर्ताओं को ऐसी सजा मिलेगी जो उनकी कल्पना से भी बड़ी होगी।
श्री मोदी ने गुरुवार को यहां झंझारपुर के लोहना पंचायत में पंचायती राज स्थापना दिवस पर आयोजित सभा में 13,480 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन करने के बाद अपने संबोधन में कहा, “यह हमला सिर्फ निहत्थे पर्यटकों पर नहीं हुआ है। देश के दुश्मनों ने भारत की आत्मा पर हमला करने का दुस्साहस किया है। 
प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं बहुत स्पष्ट शब्दों में कहना चाहता हूं कि जिन्होंने यह हमला किया है उन आतंकियों को और इस हमले की साजिश रचने वालों को उनकी कल्पना से भी बड़ी सजा मिलेगी। अब आतंकियों की बची खुची जमीन को भी मिट्टी में मिलाने का समय आ गया है। 140 करोड़ भारतीयों की इच्छाशक्ति अब आतंक के आकाओं की कमर तोड़कर रहेगी। 
श्री मोदी ने बिहार की धरती से आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता को दोहराते हुए पूरी दुनिया को एक सशक्त संदेश दिया और स्पष्ट शब्दों में कहा, “भारत हर उस आतंकवादी और उसके संरक्षक को पहचानेगा, ढूंढेगा और सजा देगा, जो देश की शांति और सुरक्षा को चुनौती देता है। भारत आतंकवादियों को धरती के अंतिम कोने तक खदेड़ेगा और न्याय सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करेगा। 
प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि आतंकवाद से भारत की आत्मा कभी नहीं टूटेगी और आतंकियों को उचित दंड मिलेगा। उन्होंने कहा कि मानवता में विश्वास रखने वाला हर व्यक्ति हमारे साथ है। मैं विभिन्न देशों की जनता और नेताओं का आभार व्यक्त करता हूं, जो इस मुश्किल घड़ी में हमारे साथ खड़े हैं। 
श्री मोदी ने कहा कि 22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने मासूम देशवासियों को जिस बेरहमी से मारा है उससे पूरा देश व्यथित है। कोटि-कोटि देशवासी दुखी हैं। सभी पीड़ित परिवारों के इस दुख में पूरा देश उनके साथ खड़ा है। जिन परिवार के लोगों का अभी इलाज चल रहा है वे जल्द स्वस्थ्य हों इसके लिए भी सरकार हर प्रयास कर रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस आतंकी हमले में किसी ने अपना बेटा खोया, किसी ने अपना भाई खोया और किसी ने अपना जीवनसाथी खोया है। उनमें से कोई बंगला बोलता था, कोई कन्नड़ बोलता था, कोई मराठी था, कोई ओड़िया था, कोई गुजराती था और कोई बिहार का लाल था। आज उन सभी की मृत्यु पर करगिल से कन्याकुमारी तक हमारा दुख एक जैसा है। हमारा आक्रोश एक जैसा है। 
इस मौके पर बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, जीतनराम मांझी, राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, गिरिराज सिंह, चिराग पासवान, बिहार के दोनों उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं विजय कुमार सिन्हा, ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा, समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, बिहार भाजपा के अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल समेत अन्य मंत्री, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

आतंकियों को अंतिम छोर तक खदेड़ेंगे
पहलगाम आतंकी हमले पर पीएम मोदी ने दुनिया को मैसेज देने के लिए मंच से अंग्रेजी में कहा, 'हम उन्हें धरती के अंतिम छोर तक खदेड़ेंगे। आतंकवाद से भारत की आत्मा कभी नहीं टूटेगी। आतंकवाद को सजा मिलेगी। न्याय सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। पूरा देश इस संकल्प में एक है। मानवता में विश्वास रखने वाला हर व्यक्ति हमारे साथ है। मैं विभिन्न देशों के लोगों और उनके नेताओं को धन्यवाद देता हूं जो हमारे साथ खड़े हैं। 

पीएम ने मंच से पहलगाम के मृतकों को श्रद्धांजलि दी
पीएम मोदी ने कहा कि 22 अप्रैल को जम्मू- कश्मीर के पहलगाम में मासूम लोगों को जिस तरह से मारा है। उससे पूरा देश व्यथित है। उनके दुख में पूरा देश साथ खड़ा है, जिनका अभी इलाज चल रहा है, वे जल्द स्वस्थ हों इसके लिए भी सरकार प्रयास कर रही है। स्पष्ट कहना चाहता हूं, हमला करने वालों को और उनकी मदद करने वालों को कल्पना से भी बड़ी सजा मिलकर रहेगी। पंचायती राज कार्यक्रम में शामिल हुए पीएम ने मृतकों को मंच से श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि ‘अपनी बात शुरू करने से पहले मैं आप सबसे एक प्रार्थना करना चाहता हूं। आप जहां हैं, वहीं अपने स्थान पर बैठे रहकर ही 22 तारीख को जिन परिवारजनों को हमने खोया है। उनको श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद मैं अपनी बात शुरू करूंगा। 

गांव के विकास से ही देश का विकास होगा
पंचायती राज कार्यक्रम में शामिल हुए पीएम मोदी ने कहा कि, 'आज पंचायती राज दिवस के मौके पर पूरा देश मिथिला से जुड़ा है, बिहार से जुड़ा है। आज यहां देश के बिहार के विकास से जुड़े हजारों करोड़ों रुपए के प्रोजेक्ट का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। आज राष्ट्र कवि रामधारी सिंह दिनकर सिंह की पुण्यतिथि भी है। मैं उन्हें नमन कहता हूं। बिहार वो धरती है जहां से बापू ने अपने सत्याग्रह की शुरुआत की थी। उनकी सोच थी कि जब तक गांव का विकास नहीं होगा, तब तक भारत का विकास नहीं हो जाएगा। बीते दिनों में पंचायतों को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाए गए। 2 लाख से ज्यादा पंचायतों को इंटरनेट से जोड़ा गया है। साढ़े 5 लाख से ज्यादा कॉमन सर्विस सेंटर गांवों में बने। इससे कई दस्तावेज अब आसानी से मिल रहे हैं।'

पीएम ने की सीएम नीतीश की तारीफ
गांव-पंचायतों में बड़ी समस्या जमीन विवाद की रही है। इसके समाधान के लिए जमीनों के रिकॉर्ड का डिजिटलीकरण किया जा रहा है। बिहार देश का पहला राज्य था जहां महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण दिया गया। मैं नीतीश जी का अभिनंदन करता हूं। बड़ी संख्या में आज दलित,पिछड़े , अति पिछड़े समाज के बेटियां सेवाएं दे रही हैं। यही लोकतंत्र में सबसे बड़ी भागीदारी है।

जीविका दीदी को 1 हजार करोड़ की मदद दी गई
लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए 35 फीसदी आरक्षण का कानून भी बनाया गया है। इसका फायदा भी होगा हमारी बहन-बेटियों को प्रतिनिधित्व में मिलेगा।महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार मिशन मोड में काम कर रही है। बिहार में जीविका दीदियों के कार्यक्रम से महिलाओं का जीवन बदला है। जीविका दीदियों को 1 हजार करोड़ की मदद दी गई है। बीते दशक में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिली है। गरीबों के घर बने, सड़कें बनीं, गैस कनेक्शन पहुंचे। गांव में लाखों करोड़ रुपए पहुंचे हैं। रोजगार के नए अवसर भी बने हैं। मजदूर से लेकर किसान, गाड़ी वालों को कमाई के नए मौके मिले हैं। 

पीएम आवास योजना का लक्ष्य- गरीब परिवार बेघर ना हो
पीएम मोदी ने कहा कि मैं आपको पीएम आवास योजना का उदाहरण दूंगा। इस योजना का लक्ष्य है, देश में कोई भी गरीब परिवार बेघर ना हो, सबके सिर पर पक्की छत हो। इसी लक्ष्य के साथ बीते दशक में 4 करोड़ से ज्यादा पक्के घर बनवाए गए हैं। बिहार में भी 57 लाख गरीब परिवारों को पक्के घर मिल चुके हैं। आने वाले दिनों में 3 करोड़ घर गरीबों को मिलने वाले हैं। आज ही बिहार के करीब डेढ़ लाख परिवार अपने पक्के घर में गृह प्रवेश कर रहे हैं। देशभर के 15 लाख गरीब परिवारों को नए घर के निर्माण के स्वीकृति पत्र दिए गए। इनमें से साढ़े 3 लाख लोग हमारे बिहार के ही हैं। 10 लाख परिवारों को पक्के घर के लिए आर्थिक मदद भेजी गई है। इसमें बिहार के 80 हजार ग्रामीण और 1 लाख शहरी परिवार शामिल हैं। 

12 करोड़ से ज्यादा परिवारों के घर पहली बार नल से जल पहुंचा
पीएम मोदी ने कहा कि देश के 12 करोड़ से ज्यादा परिवारों के घर पहली बार नल से जल पहुंचा है। ढाई करोड़ से ज्यादा लोगों के घर बिजली का कनेक्शन पहुंचा है। जिन्होंने कभी सोचा नहीं था कि गैस पर खाना बनाएंगे, उन्हें गैस सिलेंडर मिले हैं। 

देश में मेडिकल कॉलेज की संख्या दोगुनी हुई है
पीएम मोदी ने कहा कि देश में मेडिकल कॉलेज की संख्या दोगुनी हो चुकी है। गांवों में भी अच्छे अस्पताल बनें इसके लिए देशभर में डेढ़ लाख से ज्यादा आयुष्मान आरोग्य मंदिर बने हैं। गरीब और मिडिल क्लास के लिए ये बड़ी राहत है। यहां सस्ती दवाएं मिलती हैं।बिहार में 800 से ज्यादा जन औषधि केंद्र बनवाए गए हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत भी बिहार में लाखों परिवारों को मुफ्त इलाज हो चुका है।'

बाढ़ से राहत के लिए बूढ़ी गंडक-कोसी पर बांध बनेंगे
पीएम मोदी ने कहा कि पटना एयरपोर्ट का भी विस्तार किया जा रहा है। रोजगार के नए अवसर भी बनाए जा रहे हैं। गांव जितने मजबूत होंगे, देश उतना ही सशक्त होगा। मिथिला के कोसी का एक क्षेत्र बाढ़ से परेशान रहा है। सरकार बाढ़ के प्रकोप को कम करने के लिए 11 हजार करोड़ रुपए खर्च करने वाली है। इससे बूढ़ी गंडक, कोसी पर बांध बनेंगे। किसानों के खेत तक पानी पहुंचेगा। यानी अब बाढ़ की परेशानी भी कम होगी। खेतों तक पानी भी पहुंचेगा। मखाना देश के लिए सुपर फूड है, लेकिन मिथिला की समृद्धि का हिस्सा है। हमने मखाने को जीआई टैग दिया है। मतलब मखाना आपका उत्पाद है, इस पर मुहर लगाई गई है। मखाना बोर्ड से किसानों का भाग्य बदलने वाला है।

आतंक के खिलाफ देश एकजुटः नीतीश 
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि 2 दिन पहले आतंकी हमले में कई लोगों की मौत हुई है। ये घटना निंदनीय है। हमारे परिवार से साथ खड़े हैं। पूरा देश आतंक के खिलाफ एकजुट है। नीतीश कुमार ने मंच से लोगों को कहा- प्रधानमंत्री जी ने इतना काम किया है। इनके लिए जोरदार तालियां बजाइए।

tranding
tranding