
0 3 दिन पहले रिपोर्ट मिली, मोदी ने दौरा रद्द किया
रांची। झारखंड के रांची में मंगलवार को कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पहलगाम आतंकी हमले को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि मुझे पता चला है और एक अखबार में भी मैंने पढ़ा है कि 22 अप्रैल के आतंकी हमले के 3 दिन पहले पीएम मोदी के पास इंटेलिजेंस का इनपुट था। इसलिए उन्होंने अपना कश्मीर दौरा रद्द कर दिया, लेकिन आम लोगों की सुरक्षा के लिए व्यवस्था नहीं की। 26 बेगुनाह लोग मारे गए और सरकार ने माना इंटेलिजेंस फैलियर है और उसको वे सुधारेंगे। अगर उन्हें यह पता है, तो उन्होंने अच्छी व्यवस्था क्यों नहीं की।
झारखंड सीएम का नाम भूले खरगे
विधानसभा मैदान में सभा को संबोधित करते हुए खरगे झारखंड सीएम का नाम भूल गए। मंच पर उनके पीछे खड़े शख्स से उन्होंने मुख्यमंत्री का नाम को पूछा, लेकिन फिर लिया नहीं। उन्होंने कहा कि 11 साल से केंद्र में मोदी की सरकार है, वो कहती है सारे राज्य एक हैं, लेकिन इसी सरकार ने हमारे झारखंड के मुख्यमंत्री को जेल भेजा और हंस रही थी। ये नहीं चलेगा। मोदी साहब आदिवासी-गरीबों को जेल में डालकर डराओ मत, वो डरने वाले नहीं। हमें तो तुम्हारी चिंता है, क्योंकि सुविधा तो आपको चाहिए। हमारे लोग मेहनत मजदूरी कर के जीने वाले लोग हैं।
मोदी की पॉलिसी है पब्लिक सेक्टर बंद करो
खरगे ने कहा कि मोदी जी की पॉलिसी है कि पब्लिक सेक्टर बंद करो और पिछड़े वर्ग के लोगों की नौकरी छीन लो। इतनी वैकेंसी है, लेकिन सरकार नहीं भर रही, क्योंकि वो गरीबों को तंग करना चाहते हैं। अन्याय के खिलाफ आवाज उठानी होगी। अगर हम एक होकर नहीं लड़ेंगे और संविधान की रक्षा नहीं करेंगे तो हमारे दिन खराब हो जाएंगे। मैंने पीएम मोदी को लेटर लिखा कि 50 प्रतिशत आरक्षण हटाओ। आज जल्द से जल्द अच्छे कानून को राज्यपाल को मंजूरी देनी चाहिए। अगर आज आप लोगों की मांग को इज्जत नहीं देंगे तो कल आपको पछताना होगा।