
0 55वें जन्मदिन पर शिफ्टिंग शुरू की
0 अभी मां सोनिया के घर में रहते हैं
नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का आज 55वां जन्मदिन है। आज ही राहुल ने सुनहरी बाग रोड में बने टाइप‑8 बंगले में अपना सामान शिफ्ट करना शुरू कर दिया है। यह बंगला उन्हें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष होने के नाते आवंटित किया गया है।
संसदीय आवास समिति ने उन्हें 5 सुनहरी बाग रोड 7 मोतीलाल नेहरू मार्ग और 3 कृष्णा मेनन मार्ग बंगले का ऑप्शन दिया था। इसमें से राहुल ने सुनहरी बाग को चुना।
राहुल अभी सोनिया गांधी के साथ 10 जनपथ में रहते हैं। 2023 में उन्होंने 12 तुगलक लेन का बंगला खाली किया था। जो 19 साल उनके पास था। लेकिन सांसदी जाने के बाद बंगला खाली करना पड़ा। न्यूज एजेंसी के मुताबिक 21 जुलाई से शुरू होने वाले संसद के मानसून सत्र से कुछ दिन पहले राहुल गांधी उस बंगले में रहना शुरू कर देंगे।
सुनहरी बाग रोड पर बना बंगला क्यों है खास
राहुल को जो बंगला मिला है वह लुटियंस जोन में है। यहां देश के कई बड़े राजनेताओं, मंत्रियों और जजों के बंगले होते हैं। यह बंगला पहले सीनियर कैबिनेट मंत्रियों या आयोग के प्रमुखों को आवंटित होता रहा है। यह हाई सिक्योरिटी एरिया है। बंगले का क्षेत्रफल 2000 से 3000 वर्ग मीटर के करीब है। बंगले में 4 से 5 बड़े बेडरूम और ऑफिस शामिल हैं। मीटिंग हॉल, प्राइवेट लॉन, सुरक्षा कर्मी कक्ष, स्टाफ क्वार्टर और कार पार्किंग भी है। इसमें बड़ी बैठकें, मीडिया कॉन्फ्रेंस और राजनीतिक गतिविधियों के लिए पर्याप्त जगह है, जो विपक्ष के नेता होने के नाते राहुल गांधी की जरूरतों के मुताबिक है।राहुल से पहले सुनहरी बाग में कर्नाटक भाजपा के नेता ए नारायणस्वामी रहते थे। वे 2021 से 2024 तक मोदी सरकार में सामाजिक न्याय राज्य मंत्री थे।