Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

गांधीनगर/कोलकाता/लुधियाना/तिरुवनंतपुरम। देश के 4 राज्यों की 5 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए गुरुवार को वोटिंग हुई। इनमें गुजरात की 2, पंजाब-केरल और पश्चिम बंगाल की एक-एक सीट शामिल है। 
सुबह 7 बात से शाम 6 बजे तक वोटिंग चली। सबसे ज्यादा 70.76% वोटिंग केरल की नीलांबुर विधानसभा सीट पर हुई। दूसरे नंबर पर पश्चिम बंगाल की कालीगंज सीट पर 69.85% मतदान हुआ।
गुजरात की दो सीटों विसावदर पर 54.61% और कडी पर 54.49% ही वोट डाले गए। पंजाब की लुधियाना वेस्ट सीट पर सबसे कम 49.07% वोटिंग हुई।
उपचुनाव का रिजल्ट 23 जून को आएगा। गुजरात में पंजाब में कांग्रेस, बीजेपी और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। पश्चिम बंगाल में कांग्रेस-लेफ्ट साथ मिलकर चुनाव लड़ा। केरल में एक दूसरे के खिलाफ मैदान में थी।

नीलांबुर में एलडीएफ-यूडीएफ कार्यकर्ताओं में झड़प
केरल के नीलांबुर में चुंगथारा पंचायत के कुरुम्बलमकोड सरकारी यूपी स्कूल में स्थापित बूथ 127, 128 और 129 पर एलडीएफ-यूडीएफ कार्यकर्ताओं में झड़प हुई। यूडीएफ ने आरोप लगाया कि कुरुम्बलमकोड निर्वाचन क्षेत्र के बाहर से आए एलडीएफ कार्यकर्ता मतदाताओं को प्रभावित कर रहे थे। यूडीएफ कार्यकर्ताओं की शिकायत पर एलडीएफ के 2 कार्यकर्ता हिरासत में लिए गए। इसके अलावा निर्वाचन क्षेत्र के बाहर से आए सीपीआईएम कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया।

चुनाव आयोग ने 100% वेबकास्टिंग कराई
उपचुनाव के दौरान इलेक्शन कमीशन (ईसी) ने कई चीजें पहली बार कराई हैं। इनमें वोट डालने से पहले मोबाइल जमा करना, एडवांस वीटीआर शेयरिंग प्रोसेस, सभी वोटिंग सेंटर्स की 100% वेबकास्टिंग शामिल है।

विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की वजह
1. गुजरात: 2 सीटें
कडी: भाजपा विधायक करसनभाई पंजाबभाई सोलंकी का इसी साल फरवरी में निधन हो गया था, जिसके चलते ये सीट खाली हुई थी।
विसावदर: आम आदमी पार्टी (आप) विधायक भूपेंद्रभाई गंडूभाई भायानी ने 13 दिसंबर 2023 पद से इस्तीफा दिया था। वे भाजपा में शामिल हुए थे। तब से ये सीट खाली है। साल 2022 में भाजपा के हारे प्रत्याशी हर्षद रीबडिया ने गुजरात हाईकोर्ट में भायानी की जीत को चुनौती दी थी। मार्च में हर्षद ने अपनी याचिका वापस ले ली थी, जिसके बाद उपचुनाव का रास्ता साफ हुआ था। उपचुनाव में आप ने गोपाल इटालिया को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस और आप गठबंधन में हैं। भाजपा से किरीट पटेल प्रत्याशी हैं।

2. पंजाब: एक सीट
लुधियाना पश्चिम: आप विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी का इसी साल जनवरी में निधन हुआ था। इसके बाद से ये सीट खाली है। इस सीट पर कुल 14 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। आप ने राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को उम्मीदवार बनाया है। वे 2022 से राज्यसभा सांसद हैं। कांग्रेस ने अपने पूर्व मंत्री और पंजाब कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष भारत भूषण आशु को मैदान में उतारा है। आशु पहले की कांग्रेस सरकार में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रह चुके हैं। भाजपा ने जीवन गुप्ता को प्रत्याशी बनाया है। वे पंजाब भाजपा की कोर कमेटी के सदस्य हैं। वो पहले पार्टी के प्रदेश महासचिव रह चुके हैं।

3. पश्चिम बंगाल: एक सीट
कालीगंज: टीएमसी विधायक नसीरुद्दीन अहमद का 2 फरवरी 2025 को हार्ट अटैक से निधन हो गया था। तब से ये सीट खाली है। टीएमसी ने नसीरुद्दीन अहमद की बेटी अलीफा अहमद को उम्मीदवार घोषित किया है। भाजपा ने स्थानीय पंचायत सदस्य और पूर्व मंडल अध्यक्ष आशीष घोष को प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस ने काबिल उद्दीन शेख को उम्मीदवार बनाया गया है। सीपीआईएम ने काबिल को समर्थन दिया है।

4. केरल: एक सीट
नीलांबुर: 2021 में वामपंथी लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के समर्थन से स्वतंत्र उम्मीदवार के तौर पर पी.वी. अनवर विधायक चुने गए थे। सितंबर 2024 में केरल सीएम विजयन और एलडीएफ के बीच मतभेद के चलते 13 जनवरी 2025 को अनवर ने इस्तीफा दिया था। इसके बाद वे टीएमसी में शामिल हो गए थे। उपचुनाव में टीएमसी से पी.वी. अनवर, कांग्रेस से आर्यदान शौकत, सीपीआईएम से एम. स्वराज और भाजपा से माइकल जॉर्ज प्रत्याशी हैं।

tranding
tranding
tranding