
0 अमित शाह के बार-बार छत्तीसगढ़ आने पर उठाया सवाल
0 कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने रायपुर आयोजित किसान-जवान-संविधान सभा को संबोधित किया
रायपुर। रायपुर के साइंस कॉलेज में आयोजित किसान-जवान-संविधान सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि रायपुर में मेरी अध्यक्षता में महाधिवेशन हुआ था, जब भूपेश बघेल सीएम थे। रायपुर से सामाजिक न्याय का जो नारा बुलंद हुआ उसने 2024 में मोदी सरकार के अहंकार को तोड़ दिया। भाजपा ऐसे हालात में है कि खुद की सरकार भी नहीं बना सकी। मोदीजी सिर्फ दो टांग लेकर चल रहे हैं, एक टांग नीतीश बाबू और एक टांग टीडीपी है। एक ने भी लात मार दी तो मोदीजी हार जाएंगे।
अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे ने सभा में पहुंचे लोगों को धन्यवाद देते हुए कहा कि इतनी बारिश में आपका यहां आना यह बताता है कि आप हमारे साथ हैं। आप सभी साथ हैं तो हमें कोई नहीं हरा सकता। खरगे ने कहा कि मोदी ने छत्तीसगढ़ के लोगों के जीवन को तबाह करने का काम किया। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को लेकर उन्होंने कहा कि शाह को यहां बार-बार क्यों आना, क्या उनका घर है या ससुराल है? यहां के मुख्यमंत्री को तो बैठो कहने पर बैठ जाते हैं, उठो बोलो तो उठ जाते हैं। इतना अपमान सह रहे हैं, लेकिन पद नहीं छोड़ रहे।
श्री खरगे ने कहा कि जब छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार थी तब हर वर्ग के लिये कार्य किये गये। किसानों का कर्जमाफ किया गया, एमएसपी बढ़ाया, आत्मानंद स्कूल खोले गये और छत्तीसगढ़ की संस्कृति और समृद्धि का ध्यान दिया गया लेकिन प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही यह सब योजनाये को बंद कर दिया गया। प्रदेश की भाजपा सरकार ने किसानों, युवाओं के साथ धोखा किया है। भाजपा हमेशा झूठ बोलती है। मोदी सरकार ने कहा था कि दो करोड़ नौकरी देंगे, एमएसपी डबल करेंगे, सबके खाते में 15 लाख आयेंगे यह सब जुमला था। छत्तीसगढ़ की सरकार दिल्ली से चल रही है। यहां के मुख्यमंत्री दिल्ली के ईशारे पर काम करते है। प्रदेश में जब कांग्रेस की सरकार थी तब बहुत सारी जनकल्याणी योजनाये बनायी गयी लेकिन भाजपा सरकार ने इन योजनाओं को बंद करने के बावजूद छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार ने 37 हजार करोड़ कर्ज लिया, पर उन पैसों का क्या करती है क्योकि कोई काम नही हो रहा और उल्टा किसान, मजदूर, महिलाओं, युवाओं का शोषण हो रहा है। भाजपा सरकार ने 67 नई शराब दुकाने खोली है और नकली शराब जनता को परोस रही है। कांग्रेस की सरकार ने एससी, एसटी, ओबीसी के लिये आरक्षण देने के लिये बिल पास किया था लेकिन भाजपा के दबाव के कारण राजभवन में रोके रखा है।
झूठों के सरदार हैं भाजपा सरकार
कांग्रेस अध्यक्ष श्री खरगे ने कहा कि भाजपा सरकार ने हमारे छत्तीसगढ़ के जवानों और किसानों को धोखा दिया, क्योंकि ये झूठ बोलते हैं। ये लोग कैसे जीत जाते हैं, समझ नहीं आता। ये इतना झूठ बोलते हैं, इसीलिए मैं कहता हूं कि ये झूठों के सरदार हैं। ये लोग डबल इंजन की बात करते हैं। ये कैसा डबल इंजन हैं। एक छोटा और एक बड़ा है तो गाड़ी कैसे चलेगी। जो गुलामगिरी करते हैं वही लोग ये सब करते हैं। श्री खरगे ने कहा कि भाजपा के लोग ऐसा क्या कर रहे हैं कि 2025-26 में इन्होंने 47 हजार करोड़ कर्ज लिया। हमारे जमाने में एक रुपए भी कर्ज बढ़ता था, तो लोग रास्ते पर आते थे। कहां है वो लोग, अब क्यों नहीं आते। 11 सालों में जो काम इन्हें ठीक से करना था, वो नहीं किया। अब फिर प्रदेश का कर्ज बढ़ा रहे।
प्रधानमंत्री मीटिंग में नहीं आते, ये शर्म की बात
पहलगांव घटना के बाद विपक्षी दलों ने सर्वदलीय बैठक बुलाया उसमे भी मोदी शामिल नही होते है और बिहार चुनाव प्रचार करने चले जाते है। मणिपुर जल रहा है मोदी एक बार भी वहां नही गये, राहुल गांधी जी वहां दो बार जाकर आ गये, वही से पदयात्रा शुरू किया। मोदी जी आप क्यों नहीं जा सकते? उन्हें देश की कोई चिंता नही है। ट्रम्प ने बोला पाकिस्तान और हिन्दुस्तान के झगड़े को मैंने सुलझाया। एक बार नहीं 16 बार बोला। मोदी गरीबों के लिये गायब है, इन्फ्लेशन बढ़ रहा है मोदी गायब है। नौजवानों को नौकरी नहीं मिल रही मोदी गायब है। जो आदमी समस्या से भागता है, सुलझाने के बजाय भागता है, उनको पूछना चाहिए। ऐसे लोगों को हुकूमत मिला है और वे सबको डराने का काम कर रहे हैं। आरएसएस के एक नेता ने बोला संविधान से सेकुलरिज्म और सोशलिज्म वर्ड निकालना है।
अब बिहार चुनाव में गड़बड़ियां की जा रही
श्री खरगे ने कहा कि महाराष्ट्र चुनाव में गड़बड़िया की गयी थी अब बिहार चुनाव में गड़बड़िया की जा रही है। देश सबसे बड़ा है, देश है तो हम लोग सुरक्षित है। अगर देश सुरक्षित नहीं तो हम में से कोई सुरक्षित नहीं। संविधान सुरक्षित है तो हम सब सुरक्षित है। संविधान को बचाना, देश को एक रखना, सभी समाज को एक रखना है यह हमारा काम है। यही हमको महात्मा गांधी ने सिखाया, पं. जवाहरलाल नेहरू ने सिखाया, इंदिरा गांधी ने सिखाया और एकता के लिए जान देने वाले राजीव गांधी ने भी यही सिखाया है।
संविधान की मूल आत्मा से खिलवाड़ करा आरएसएस
श्री खरगे ने आरएसएस और भाजपा पर संविधान की मूल आत्मा से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संघ के एक विचारक ने 'सोशलिज्म' और 'सेक्युलरिज्म' शब्दों को संविधान से हटाने की बात कही है। 1980 में आपने अपने ही संविधान में क्या लिखा था? अब इन्हीं शब्दों को हटाने की कोशिश कर रहे हैं। ये शब्द हटाकर तो देखिए, पूरा देश आपके खिलाफ खड़ा हो जाएगा। खडग़े ने कहा कि एक दिन भाजपा खुद अपने कामों पर शर्मिंदा होगी।
सभा में सांसद ज्योत्सना महंत, फूलोदेवी नेताम, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धनेन्द्र साहू, वरिष्ठ नेता सत्यनारायण शर्मा, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, रविन्द्र चौबे, उमेश पटेल, अमरजीत भगत, जयसिंह अग्रवाल, डॉ. शिवकुमार डहरिया, अनिला भेड़िया, मोहम्मद अकबर, अमितेष शुक्ल, प्रेमसाय सिंह टेकाम, मोहन मरकाम, पूर्व सांसद छाया वर्मा, प्रभारी सचिव द्वय एस.ए. संपत कुमार, जरिता लैतफलांग, विजय जांगिड़, पूर्व विधायक अनीता शर्मा, विधायक उपाध्याय, विधायकगण अटल श्रीवास्तव, चातुरी नंद, कविता प्राण लहरे, रामकुमार यादव, सौरभ सिंह, लखेश्वर बघेल, विक्रम मंडावी, सावित्री मंडावी, हर्षिता बघेल, संगीता सिन्हा, शेषराज हरबंश, व्यास कश्यप, देवेन्द्र यादव, इन्द्र साव, जनक राम ध्रुव, विद्यावती सिदार, संदीप साहू, यशोदा वर्मा, दिलीप लहरिया, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग सुशील आनंद शुक्ला, राजेन्द्र तिवारी, रवि घोष, गुरूमुख सिंह होरा, अरूण सिंघानिया, अरूण वोरा, एजाज ढेबर, प्रमोद दुबे, दीपक मिश्रा, विजय पांडेय, कन्हैया अग्रवाल, केशव चंद्राकर, अभिषेक मिश्रा हजारों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
किसानों को खाद नहीं दे पा रही सरकार: भूपेश बघेल
एआईसीसी के महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जुलाई का महिना है बच्चों को स्कूल जाना है और स्कूल खुल गया लेकिन कापी, किताब नहीं मिल रहा है। 10 हजार से अधिक सरकारी स्कूल बंद, मध्यप्रदेश में 5 हजार स्कूल बंद, उत्तर प्रदेश में 27 हजार स्कूल बंद। गरीब, किसान, मजदूर के बच्चों को शिक्षा से वंचित करने का षड्यंत्र भारतीय जनता पार्टी के लोग कर रहे है। किसानों के भविष्य को बर्बाद करने के लिये ये डबल इंजन की सरकार केवल विष्णुदेव सरकार जिम्मेदार नहीं है, बल्कि केन्द्र की मोदी और शाह सरकार भी जिम्मेदार है। आज देश के किसान और छत्तीसगढ़ के किसान को डीएपी खाद के लिये तरसा दिये गये। प्रधानमंत्री विदेश घूम रहे है लेकिन विदेश से जो खाद आना है वो डीएपी उपल्बध नहीं करा पा रहे है। गरीब बच्चों को शिक्षा से दूर कर दिये, किसान को खाद से वंचित कर दिये भाजपा सरकार किसानो के साथ षडयंत्र कर रही है, ताकि किसान उत्पादन न कर सके। 21 क्विंटल के नारा भाजपा की सरकार ने दे दिया था, लेकिन किसानों का धान उत्पादन 21 क्विंटल प्रतिएकड़ नहीं होगा। क्योंकि सोसायटी में खाद नहीं है। किसान नकली खाद खरीदने के लिये बाध्य है। बस्तर में संसाधनों का लूट का विरोध करने वाले आदिवासियों को डराया जा रहा है। नक्सली बताकर जेल भेजा जा रहा है। इसी डर में बस्तर के नौजवान युवा प्रदेश छोड़ने बाध्य हो गये है। भाजपा की सरकार आने के बाद बस्तर के 35 से 40 हजार युवा सरकार के अत्याचार से डर और दहशत के चलते प्रदेश छोड़ने बाध्य हो गये। जो कानून बनाया था जो फारेस्ट राइड एक्ट के तहत पट्टा देने का व्यवस्था था। तमनार के किसान को गांव वाले को 75 एकड़ सामुदायिक दावा के पट्टा दिये थे, उसको भी काटने का काम चालू कर दिया है। भाजपा का नारा है एक पेड़ मॉ के नाम और पूरा जंगल अडानी के नाम। चाहे बस्तर हो या सरगुजा पूरा जंगल अडानी के नाम कर दिया गया। जब राष्ट्रीय संकट आया और पहलगाम की घटना हुआ तब 20 बेकसूर लोगो को धर्म जाति पूछ-पूछकर मारा डाला गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे जी और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल जी पूरे देश के खातिर और एकता के खातिर खड़ा होकर कहा कि हम सरकार के साथ है जो कदम उठाये हम उनका समर्थन करेंगे। जब विपक्षी दलों द्वारा सर्वदलीय बैठक बुलाया गया उसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नहीं शामिल हुये। राहुल गांधी जी और खड़गे जी ने देश की भावनाओं को आवाज देने का काम किया। पूरा देश आशा कर रहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी विदेश से आये और सर्वदलीय बैठक में शामिल होकर देश हित में सामूहिक निर्णय ले। हम सभी उम्मीद कर रहे थे कि प्रधानमंत्री मोदी पहलगाम जायेंगे, जो पीड़ित है उनके आंसू पोछने का काम करेंगे, लेकिन दुर्भाग्य जनक बात यह है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चुनाव प्रचार करने बिहार चले गये। हर समय सेना के साथ खड़े होने का बात करते थे। आज यदि देश एक सूत्र में बंधे है उसमें बड़े योगदान है मल्लिकार्जुन खड़गे जी और राहुल गांधी जी का है। जिस समय देश राष्ट्रीय संकट में था उस समय जो दायित्व निभाने का काम किया वो मल्लिकार्जुन खड़गे जी और राहुल गांधी जी ने किया।
भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ में कोई काम नहीं कर पा रहीः सचिन पायलट
एआईसीसी महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट ने सभा को संबोधित करते हुये कहा कि किसान, जवान, संविधान जनसभा में कार्यकर्ताओं का जो जोश है. हमें उस पर फक्र है। क्योकि इतनी बरसात के बावजूद कार्यकर्ताओ का जोश कम नही हुआ है। विपरीत परिस्थति के बावजूद, चुनौती के बावजूद सभी कार्यकर्ता डटे है। प्रदेश की भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ में कोई काम नहीं कर पा रही है। प्रदेश में स्कूल बंद हो रहे है, खाद वितरण बंद, कोई नई नौकरी भर्ती नहीं हो रही है। प्रदेश में जंगल कटाई, चाकूबाजी, अन्याय, अत्याचार हो रहा है। सरकार जनता का शोषण कर रही है। केन्द्र की सरकार 400 का नारा देने वाली 240 में आ गयी और बैशाखी के सहारे चल रही है। छत्तीसगढ़ की सरकार दिल्ली से कंट्रोल हो रही है। जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी तब बहुत सारी जनकल्याणी योजना बनी थी। लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद सभी योजनाओं को बंद कर दिया गया। जिस प्रकार 2018 के विधानसभा चुनाव के समय कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने एकजुटता से चुनाव लड़ा था और सरकार बनी उसी प्रकार से 2028 के विधानसभा चुनाव सबको एकजुट होकर चुनाव लड़ना और फिर से कांग्रेस की सरकार बनाना है। जनता बदलाव चाहती है, क्योंकि कांग्रेस ही विकल्प है। क्योंकि भाजपा सरकार संविधान को खोखला कर रही है और केन्द्रीय एजेंसियो का दुरूपयोग कर रही है। हम सब मजबूती के साथ आगे बढ़ेंगे और आने वाले समय में कांग्रेस की सरकार बनायेंगे।
भाजपा की सरकार ने छत्तीसगढ़ को बर्बाद कर दियाः दीपक बैज
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने किसान, जवान, संविधान सभा को संबोधित करते हुये कहा कि डेढ़ साल में भाजपा की सरकार ने छत्तीसगढ़ को बर्बाद कर दिया, किसान बदहाल हुआ है, छत्तीसगढ़ के युवा सड़को पर ठोकर खाने मजबूर है, भाजपा की सरकार ने वादा किया था 1 लाख लोगो को सरकारी नौकरी देंगे और आज छत्तीसगढ़ की सरकार बता दे डेढ़ साल में कितने लोगो को नौकरी दिया है? अगर नौकरी दिया है तो श्वेत पत्र जारी करे? पूरे शिक्षा विभाग में पद खाली है। शिक्षा विभाग में 10463 स्कूल बंद करने का निर्णय लिया। जब 15 साल की सरकार थी, भाजपा की 3500 स्कूल बंद कर दिया। गली-गली शराब बिक रहे है और चौक चौराहे में भी अवैध शराब बिक रहे है, 67 नयी शराब दुकानें खुल गयी है। इस सरकार में युवाओं के लिये कोई रोजगार नहीं है। बस्तर से लेकर सरगुजा तक नक्सलवाद के सफाया के नाम से भाजपा की सरकार ने जल, जंगल और जमीन, खनिज संसाधन को हड़पने का काम किया। हम सवाल उठाते रहे कि लगातार अमित शाह बस्तर क्यूं आ रहे है? छत्तीसगढ़ की खनिज संसाधन को अपने निजी चहते उद्योगपतियों को सौपना चाहते है। बस्तर के खनिज संसाधनों को बेच दिया। बीजापुर के कोरडम के खदानो को उद्योगपतियो को बेच दिया। कोल मांइस के लिये हसदेव, तमनार की आदिवासियो की जंगल की पेड़ो की कटाई किया जा रहा है। अपने चहते उद्योगपतियो को खनिज संसाधन को बेच सके। भाजपा की सरकार में रेत माफियाओं का आतंक चरम पर है। रेत के खदानो में गोलिया चल रही और चाकू मारा जा रहा है और भ्रष्टाचार चरम पर है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस जन-जन के हितो की लड़ाई लड़ रही है। किसान, युवा, आदिवासी, मजदूर हर वर्ग के लिये कांगेस पार्टी लड़ाई लड़ रही है। हमारा एक ही मकसद है कि 2028 इस भाजपा की सरकार को उखाड़ कर फेकना है और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार लायेंगे। डेढ़ साल में इस सरकार को साबित कर दिये कि छत्तीसगढ़ की जनता के कामो के लिये भाजपा की सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है।
आदिवासी मुख्यमंत्री होते हुए भी एक भी वन अधिकार पट्टा नहीं बांटेः डॉ. महंत
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सभा को संबोधित करते हुये कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव का 3 दिसंबर 2023 को रिजल्ट आउट हुआ और 13 दिसंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को बनाया गया जो आदिवासी परिवार का है और 13 दिसंबर को शपथ के पहले ही 11 दिसंबर को ही हसदेव बराज में 225 एकड़ पर पूरे पेड़ों को काट दिया गया। इसी तरह से अभी 15360 पेड़ काटे गये। तमनार में कांग्रेस विधायक विद्यावति सिदार को पेड़ काटने से रोकने पर नजर बंद किया गया। इस तरह से जो काम एक आदिवासी मुख्यमंत्री के हिस्से में आ रहा है, उसको देखकर शर्म लगता है। रातो रात पेड़ काट दिया गया। गृहमंत्री आते है और बस्तर में जाकर कहते है कि यहां के तेंदूपत्ता आदिवासी नहीं विभाग के लोग तेंदूपत्ता चुनने का काम करेंगे जिससे 300 करोड़ का नुकसान आदिवासी को होता है। बीजापुर में मात्र 10 प्रतिशत तेंदुपत्ता तोड़ा जाता है जो गरीब आदिवासी के जीवन में आर्थिक समृद्धि का आधार है। आदिवासी परिवार का मुख्यमंत्री होते हुये भी आज तक एक भी वन अधिकार पट्टा नहीं बांटा है। एक पेड़ मां के नाम से लगाने वाले लोग किसके नाम से पेड़ काट रहे है? धान में पिछले साल 45 लाख टन फर्जी खरीदी किया। दूसरे साल 40 लाख टन खरीदी किया और यह फर्जी तरह से खरीदी किया। आज बीज और खाद के लिये किसान तरस रहे है। आज देश की आत्मा पर हमला हो रहा है, जब जंगल बिक रहा है, संविधान जल रहा है।
पानी से भरे मैदान में कांग्रेस नेताओं का भाषण सुनने डटे रहे लोग
मल्लिकार्जुन खरगे ने बारिश के बीच किसान-जवान-संविधान जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्हें सुनने पहुंचे लोग भी काफी उत्सुक नजर आए। लोग पानी से भरे मैदान में कांग्रेस नेताओं का भाषण सुनने डटे रहे। कोई रेनकोट पहनकर तो कोई छतरी पकड़कर सभा स्थल तक पहुंचे थे। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं भी पहुंची थीं।
सभा के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं की नारेबाजी से नाराज हुए खरगे
सभा को संबोधित करने के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं से नाराज हुए। उद्बोधन के बीच कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की तो खरगे ने मंच से कहा कि चुप बैठो, चुनाव में जोश दिखाना। उत्साहित एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत के उद्बोधन के दौरान भी खलल डाला, जिस पर महंत ने एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को फटकार लगाई। वहीं सभा के दौरान प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने उठकर कार्यकर्ताओं को हिदायत दी। पीसीसी चीफ दीपक बैज कार्यकर्ताओं को शांत करने की कोशिश करते रहे। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल भी सीट छोड़कर कार्यकर्ताओं के पास पहुंचे और उन्हें शांत रहने की समझाइश दी।


