Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 दो बार कोयंबटूर के सांसद रहे
0 अटल सरकार में केंद्रीय मंत्री बनते बनते चूक गए थे
नई दिल्ली। सीपी राधाकृष्णन देश के 15वें उपराष्ट्रपति होंगे। वे 12 सितंबर को पद की शपथ ले सकते हैं। एनडीए उम्मीदवार राधाकृष्णन ने इंडिया गठबंधन कैंडिडेट सुदर्शन रेड्डी को 152 वोटों के अंतर से हराया। 

बता दें कि राधाकृष्णन अटल बिहारी वाजपेयी के दौर में दो बार कोयंबटूर से सांसद बने। वे एक बार केंद्रीय मंत्री बनने के बेहद करीब थे, लेकिन एक जैसे नाम के कारण पार्टी प्रबंधकों से चूक हुई और एक अन्य नेता पोन राधाकृष्णन को पद सौंप दिया गया था।

मंगलवार को हुए मतदान में 788 में से 767 (98.2%) सांसदों ने वोट डाला। राधाकृष्णन को 452 वोट और सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट मिले। 15 वोट अमान्य करार दिए गए। चुनाव में कम से कम 14 विपक्षी सांसदों के एनडीए के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की अटकलें हैं। दरअसल, एनडीए के पास 427 सांसद थे। वाईएसआर कांग्रेस के 11 सांसदों ने राधाकृष्णन को समर्थन दिया था। इन्हें जोड़कर 438 वोट ही बनते हैं। लेकिन राधाकृष्णन को 14 ज्यादा यानी 452 वोट मिले हैं। भाजपा का दावा है कि विपक्षी दलों की तरफ से 15 क्रॉस वोटिंग भी हुई है और कुछ विपक्षी सांसदों ने जानबूझकर अमान्य वोट डाले। वोटिंग के बाद विपक्ष ने अपने सभी 315 सांसद एकजुट होने का दावा किया। हालांकि, नतीजों में ऐसा नहीं दिखा।

भाजपा दक्षिण से उपराष्ट्रपति चेहरा लाई, जिससे सेंटिमेंट बने
भाजपा का दक्षिण की राजनीति पर फोकस है, क्योंकि पार्टी वहां पर कमजोर है। एक मात्र राज्य आंध्र प्रदेश है, यहां टीडीपी के साथ मिलकर भाजपा ने एनडीए की सरकार बनाई है। कर्नाटक, तेलंगाना में कांग्रेस की सरकार है। तमिलनाडु में डीएमके और केरल में लेफ्ट की सरकार है। ऐसे में भाजपा की नजर राधाकृष्णन के जरिए अपनी राजनीतिक स्थिरता और मजबूत करने की है।

2026 में तमिलनाडु-केरल में विधानसभा चुनाव
तमिलनाडु में 2026 में विधानसभा चुनाव होगा। इस बार भाजपा की नजर वोट शेयर बढ़ाने पर होगी। 2021 में 20 सीटों पर चुनाव लड़कर 4 सीटें जीती थीं। पार्टी का वोट शेयर केवल 2.6 प्रतिशत रहा था। वहीं केरल में 140 सीट पर 2026 में विधानसभा चुनाव होना है। मौजूदा विधानसभा में भाजपा का कोई सदस्य नहीं है। 2021 में हुए चुनाव में भाजपा एक सीट भी जीत नहीं पाई थी। इस बार के चुनाव में भाजपा को खाता खोलने की उम्मीद होगी।