Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 गरीबों को ठुकराया; हमारे लिए जनता भगवान
0 पीएम मोदी ने असम में 18,500 करोड़ के प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास किया 
गुवाहाटी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम दौरे के दूसरे दिन रविवार को दरांग और गोलाघाट के नुमालीगढ़ ​​​​​​ में 18,500 करोड़ के इन्फ्रास्ट्रक्चर और इंडस्ट्रियल प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास किया। पीएम ने दोनों जगहों पर जनसभाएं भी कीं।

प्रधानमंत्री ने दरांग में कहा कि जब हमने भूपेन हजारिका को भारत रत्न दिया था, तो कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा था कि मोदी, नाचने-गाने वालों को भारत रत्न दे रहा है। मुझे कितनी ही गालियां दे, मैं भगवान शिव का भक्त हूं, सारा जहर निकाल लेता हूं। लेकिन जब किसी और का अपमान होता है, तो मुझसे रहा नहीं जाता। 
नुमालीगढ़ में पीएम ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में गरीबों को ठुकराया गया। आदिवासियों के साथ अन्याय हुआ। हमारा मंत्र नागरिक देवो भवः है। हमारे लिए जनता भगवान है। देश के नागरिकों को असुविधा न हो, भाजपा सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रधानमंत्री शनिवार शाम गुवाहाटी पहुंचे थे। वे एयरपोर्ट से सीधा लोकगायक भूपेन हजारिका की विशेष श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए। इसके बाद रात में स्टेट गेस्ट हाउस में ठहरे थे। असम से पहले पीएम मोदी ने शनिवार को मिजोरम और मणिपुर में कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत की थी।

ट्रेड और टूरिज्म का बड़ा सेंटर बनेगा असम
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारी योजनाओं का लाभ यहां चाय बागानों में काम करने वाले भाई और बहनों को भी हो रहा है। उनका हित हमारी प्राथमिकता है। सरकार टी गार्डन में काम करने वाली महिलाओं को मदद दे रही है। उनके स्वास्थ्य, बच्चों की शिक्षा पर हमारा बहुत जोर है। 'यहां माता और शिशु मृत्यु दर को कम करने के लिए भी योजनाएं चला रही है। कांग्रेस के समय इन श्रमिकों को टी कंपनी के भरोसे छोड़ दिया गया था। लेकिन हम उनके घर, बिजली, पानी और स्वास्थ्य की चिंता कर रहे हैं। असम के विकास का दौर शुरू हो चुका है। असम ट्रेड और टूरिज्म का बड़ा सेंटर बनेगा। हम मिलकर नया असम बनाएंगे। विकसित भारत बनाएंगे।

कांग्रेस के कार्यकाल में गरीबों को ठुकराया और तरसाया गया
प्रधानमंत्री ने कहा- जनजाति समाज के साथ तो ऐतिहासिक अन्याय हुआ है। भाजपा उन्हें ठीक करने में जुटी है। हमारा मंत्र नागरिक देवो भवः है। यानी देश के नागरिकों को असुविधा न हो। भटकना न पड़े। लंबे समय तक कांग्रेस के कार्यकाल में गरीबों को ठुकराया और तरसाया गया। पीएम मोदी ने आगे कहा कि कांग्रेस का काम एक वर्ग के तुष्टिकरण से हो जाता था। उनको सत्ता मिल जाती थी। लेकिन भाजपा तुष्टिकरण नहीं संतुष्टिकरण पर जोर देती है। कोई भी गरीब और इलाका पीछे न रहे, हम इसके लिए काम कर रहे हैं। अभी तक असम में 20 लाख से ज्यादा पक्के घर गरीबों को मिल गए हैं। घर-घर नल पहुंचाने का काम चल रहा है।

कांग्रेस ने वोटबैंक के लालच में घुसपैठियों को संरक्षण दिया
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'विकास के प्रयासों के बीच असम के लिए चुनौती भी विकराल होती जा रही है। ये चुनौती है घुसपैठ की। कांग्रेस सरकार ने उन्हें जमीनें दीं। संरक्षण दिया। वोटबैंक के लालच में असम की डेमोग्राफी को बिगाड़ दिया। अब भाजपा सरकार असम के लोगों के साथ मिलकर इस चुनौती का मुकाबला कर रही है। हम घुसपैठियों से आपकी जमीनों को मुक्त करा रहे हैं। जिन आदिवासियों के पास जमीन नहीं है, उन्हें जमीन के पट्टे दे रहे हैं। मैं मिशन वसुंधरा के लिए असम सरकार की प्रशंसा करूंगा। इसके तहत लाखों परिवारों को भी पट्टे दिए जा रहे हैं। 

वाराणसी-उज्जैन की तर्ज पर मां कामाख्या कॉरिडोर बनाने में जुटे
प्रधानमंत्री ने कहा कि जैसे वाराणसी में काशी विश्वनाथ धाम बना, उज्जैन में महाकाल लोक बना है। वैसे ही हम मां कामाख्या कॉरिडोर बनाने में जुटे हैं। असम की संस्कृति से जुड़े अनेक ऐसी जगह है, जिसे हम संरक्षित कर रहे हैं। इससे विरासत के साथ टूरिज्म बढ़ रहा है। जितना अधिक टूरिज्म बढ़ेगा, उतना रोजगार मिलेगा।

कांग्रेस ने असम को अलगाव, हिंसा और विवाद दिए
प्रधानमंत्री ने कहा- हमारी सरकार असम की पुरानी पहचान को संरक्षित करते हुए आधुनिक पहचान से जोड़ रही है। कांग्रेस ने असम और दूसरे नॉर्थ ईस्ट राज्यों को अलगाव, हिंसा, विवाद दिए। भाजपा असम को विकास और विरासत से समृद्ध बना रही है। मोदी ने कहा कि हमारी सरकार ने असमिया भाषा को शास्त्रीय भाषा का दर्जा दिया। मुझे खुशी है कि यहां कि सरकार नई एजुकेशन पॉलिसी को भी तेजी से लागू कर रही है। कांग्रेस ने असम के महान सपूतों को भी कभी सम्मान नहीं दिया। प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि इस धरती पर वीर लाचित बरफुकन जैसे योद्धा हुए। लेकिन कांग्रेस ने कभी उन्हें वो सम्मान नहीं दिया, जिसके वो हकदार थे। हमने उनकी 400वीं जयंती मनाई, 23 भाषा में जीवनी प्रकाशित की। जोरहाट में उनकी विशाल प्रतिमा बनवाई। कांग्रेस ने जिसकी उपेक्षा की, हम उसे अंतिम पंक्ति पर लेकर चल रहे हैं।

अब असम पोलीप्रोपाइलीन टेक्सटाइल से भी पहचाना जाएगा
PM मोदी ने कहा- आप सभी रोजमर्रा की जिन्दगी में प्लास्टिक से बनी बहुत सारी चीजों का इस्तेमाल करते हैं। ये सब बनाने के लिए पोलीप्रोपाइलीन चाहिए। इसके बिना आज जीवन की कल्पना भी मुश्किल है। इसी के आधुनिक प्लांट का उपहार आज आपको मिलने जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस प्लांट से मेक इन असम और मेक इन इंडिया की नींव मजबूत होने जा रही है। जैसे असम गोमोशा, एरी और मुगाशिल के लिए जाना जाता है, उसी तरह असम की पहचान में पोलीप्रोपाइलीन से बना टेक्सटाइल जुड़ने जा रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि मुझे असम के सामर्थ्य पर भरोसा है, इसलिए सेमीकंडक्टर मिशन के लिए असम को चुना है। इस विश्वास का कारण भी बहुत बड़ा है। गुलामी के दौर में असम के चाय की इतनी पहचान नहीं थी, लेकिन देखते ही देखते असम की मिट्टी और लोगों ने इसे ग्लोबल ब्रांड बनाया। अब नया दौर आ गया है।

कांग्रेस की सरकार बांस काटने पर जेल में डाल देती थी
प्रधानमंत्री ने कहा कि ग्रीन एनर्जी के मामले में भी हम तेजी से कदम उठा रहे हैं। एक दशक पहले हम बहुत पीछे थे, लेकिन आज टॉप 5 देशों में है। बदलते हुए इस समय में भारत को तेल और गैस के विकल्प में और भी ईंधन की जरूरत है। ऐसा ही विकल्प है एथेनॉल। आज यहां बांस से एथेनॉल बनाने की शुरुआत हुई है, इसका फायदा हमारे किसानों को होगा। पीएम मोदी ने कहा कि इस प्लांट को चलाने के लिए बांस की खेती से किसानों को मदद देगी। लोग बांस खरीदेंगे। हर साल इस क्षेत्र में 200 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इस प्लांट से हजारों लोगों को फायदा होगा। आज हम बांस से एथेनॉल बनाने जा रहे हैं। लेकिन हमें वो दिन भी भूलना नहीं है, जब कांग्रेस की सरकार बांस काटने पर जेल में डाल देती थी। पीएम ने कहा कि वो बांस जो हमारे आदिवासियों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है, उसे काटने पर पाबंदी लगी हुई थी। हमारी सरकार ने इससे बैन हटाया। इससे नॉर्थ ईस्ट के लोगों को बहुत फायदा होगा।

हम आयात करके विदेशों की आमदनी बढ़ा रहे, इसे बदलना जरूरी
पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत सबसे तेज विकसित होने वाला देश है। जैसे-जैसे हम विकसित हो रहे हैं, वैसे-वैसे बिजली और ईंधन की जरूरतें भी बढ़ रही हैं। हम विदेश से बिजली और ईंधन आयात करते हैं और बदले में उन्हें लाखों रुपए देने पड़ते हैं। इससे विदेश में रोजगार और आमदनी होती है। इसे बदलना जरूरी है। इसलिए भारत को आत्मनिर्भर बनना जरूरी है और हम इस राह में चल पड़े हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि एक तरफ देश में कच्चे तेल के भंडार खोले जा रहे हैं, दूसरी तरफ ग्रीन एनर्जी को भी बढ़ाया जा रहा है। आप सभी ने सुना होगा लाल किले से मैने समुद्र मंथन की घोषणा की है। एक्सपर्ट बताते हैं कि हमारे समुद्र में भी बड़ी मात्रा में ऑयल और गैस के भंडार हो सकते हैं। ये देश के काम आए, इसके लिए हम नेशनल डीप वाटर एक्सप्लोरेशन मिशन शुरू करने जा रहे हैं।

आज का दिन विकसित असम-विकसित भारत की गौरवयात्रा के लिए अहम
पीएम मोदी ने गोलाघाट में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित असम-विकसित भारत की गौरवयात्रा के लिए आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। आज राज्य को 18 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट्स मिले हैं। ये सभी प्रयास विकसित असम का रास्ता और मजबूत करेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि असम भारत के उर्जा सामर्थ्य को बढ़ाने वाली धरती है। यहां से निकले पेट्रोलियम प्रोडक्ट देश को नई एनर्जी मिलती है। आज बांस से एथेनॉल बनाने वाले प्लांट का और पॉलीप्रोपाइलीन प्लांट का शिलान्यास हुआ है। ये प्लांट असम के विकास को गति देंगे। किसानों नौजवानों सभी के लिए नए अवसर बनाएंगे।

tranding
tranding
tranding