0 अंतिम दर्शन करने पहुंचीं रुपाली गांगुली हुईं भावुक, कई सेलेब्स शामिल हुए
मुंबई। बॉलीवुड के सीनियर एक्टर सतीश शाह का शनिवार दोपहर निधन हो गया। एक्टर 74 साल के थे और किडनी से जुड़ी समस्या से जूझ रहे थे। आज सुबह उनका पार्थिव शरीर हिंदुजा हॉस्पिटल से उनके घर लाया गया। जिसके बाद उनका अंतिम संस्कार मुंबई के विले पार्ले (वेस्ट) स्थित पवन हंस श्मशान भूमि में हुआ।
सतीश शाह के अंतिम संस्कार में फिल्म इंडस्ट्री के कई सेलेब्स शामिल हुए। टीवी शो साराभाई वर्सेस साराभाई में उनके ऑनस्क्रीन बेटे रोसेश का किरदार निभाने वाले राजेश कुमार और अशोक पंडित ने उन्हें कंधा दिया। फिल्ममेकर विवेक शर्मा ने इंटरव्यू में बताया कि शनिवार सुबह ही सतीश शाह से मेरी चैट हो रही थी। हम रोज बातें करते थे, एक-दूसरे को रील्स और दिलचस्प वीडियो भेजते थे। सतीश शाह का करीब डेढ़ साल से डायलिसिस चल रहा था। उन्होंने सुबह मुझसे कहा था कि नवंबर से हम काम शुरू करेंगे। उन्होंने मुझे अपनी एक सेल्फी भेजी थी और बोले थे – देख, मैंने 20-22 किलो वजन घटा लिया है, अब मैं कितना हैंडसम लग रहा हूं।'
कई बेहतरीन फिल्मों और टीवी शो का हिस्सा रहे सतीश शाह
सतीश शाह टीवी शो साराभाई वर्सेज साराभाई से फेमस हुए थे। उन्होंने मैं हूं ना (2004), कल हो ना हो (2003), फना (2006) और ओम शांति ओम (2007) जैसी कई मशहूर फिल्मों में काम किया था। साल 2008 में उन्होंने अर्चना पूरन सिंह के साथ टीवी शो कॉमेडी सर्कस में बतौर जज काम किया था। सतीश शाह के मैनेजर रमेश कदातला भी सतीश शाह को अंतिम विदाई देने पहुंचे। वही सतीश शाह को हिंदुजा हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि बीते दिन दोपहर करीब 2 बजे लंच के समय पहला निवाला लेते ही वो बेहोश हो गए। आधे घंटे बाद घर में एम्बुलेंस पहुंची और अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ऑनस्क्रीन बेटे सुमित राघवन ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
सतीश शाह के साथ पॉपुलर शो साराभाई वर्सेस साराभाई में काम कर चुके उनके ऑनस्क्रीन बेटे सुमित राघवन ने नम आंखों के साथ उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी है। सुमित राघवन ने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट कर कहा है- ‘2004 में हमने एक शो शुरू किया था और 70 एपिसोड के बाद हमने वो शो बंद कर दिया, क्योंकि तब वो चला नहीं। आज 21 साल बाद वो शो लोगों के दिलों की धड़कन बन चुका है। शो का नाम है साराभाई वर्सेस साराभाई। लोग उस शो के किरदारों से आइडेंटिफाई करने लगे हैं। लोग कहते हैं मैं घर का रोसेश हूं, मेरी बीवी मोनिका जैसे बिहेव करती है। लेकिन किसी ने ये नहीं कहा कि ये हमारे घर के इंद्रवदन हूं, क्योंकि इंद्रवदन एक ही हैं सतीश काका।’
आगे सुमित ने कहा, ‘वो आज हमें छोड़कर चले गए। ईश्वर जितना बड़ा हो रहा है, हम सबका बॉन्ड भी उतना ही मजबूत है। आज साराभाई परिवार का कर्ता पुरुष, सबसे सीनियर सदस्य हम सबको छोड़कर चले गए हैं। काफी दिनों से वो जूझ रहे थे। आखिरकार, जिंदगी बहुत निर्दयी हो सकती है। डैड आपका सफर अच्छा हो, आपसे दूसरी दुनिया में मिलूंगा।’
सतीश शाह की पत्नी को है अल्जाइमर, उनके लिए करवाई थी किडनी ट्रांसप्लांट
सतीश शाह के करीबी दोस्त रहे सचिन पिलगांवकर ने न्यूज 18 को दिए इंटरव्यू में बताया है कि वो और सतीश करीबी दोस्त थे। दोनों अक्सर एक-दूसरे की पार्टी में शामिल होते थे। वो डायलिसिस पर थे। उनकी पत्नी मधू को अल्जाइमर है। वो अपनी पत्नी के लिए लंबा जीना चाहते थे, जिसकी वजह से उन्होंने इसी साल किडनी ट्रांसप्लांट करवाई थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सतीश शाह के निधन पर दुख जताते सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा-सतीश शाह जी के निधन से अत्यंत दुखी हूं। वो भारतीय मनोरंजन जगत के एक सच्चे दिग्गज के रूप में हमेशा याद किए जाएंगे। उनकी सहज हास्य प्रतिभा और यादगार अभिनय ने अनगिनत लोगों के जीवन में मुस्कान बिखेरीं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं।