0 28 अक्टूबर को 90–100 किमी/घंटा की रफ्तार से टकरा सकता है
नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवात मोन्था आंध्र प्रदेश की तरफ बढ़ रहा है। यह 28 अक्टूबर की शाम या रात को आंध्रप्रदेश के काकीनाड़ा के पास तट से टकरा सकता है। तूफान के दौरान 90–100 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं, सेना को भी स्टैंडबाय पर रखा गया है। दरअसल, बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन आज रात तक डीप डिप्रेशन में बदल जाएगा और 27 अक्टूबर की सुबह तक चक्रवात मोन्था में बदल जाएगा। वहीं, चक्रवात मोन्था के खतरे को देखते हुए ओडिशा फायर विभाग पूरी तरह अलर्ट पर है। विभाग ने बताया कि 27 से 29 अक्टूबर के बीच तूफान के असर की आशंका है। सभी जरूरी इंतजाम कर लिए गए हैं।
मोन्था को लेकर ओडिशा में अलर्ट, प्रशासन बोला- पूरी तैयारी
फायर ब्रिगेड अधिकारियों ने कहा है कि वे पूरी तरह तैयार हैं। सभी पावर बोट, ओबीएम, पावर कटर और पोर्टेबल लाइट्स तैयार रखी हैं ताकि अंधेरे में भी राहत और बचाव किया जा सके। बालासोर डीएम ने कहा कि चक्रवात के सदर इलाके में लैंडफॉल की संभावना है। मौसम विभाग ने 27 से 29 अक्टूबर तक यलो अलर्ट और 30 अक्टूबर को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सभी विभागों 24 घंटे एक्टिव हैं। उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है, सूखी राशन सामग्री का इंतजाम किया गया है और मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त हिदायत दी गई है। वहीं गंजाम में मोन्था को लेकर प्रशासन ने जीरो कैजुअल्टी का लक्ष्य निर्धारित किया है। जिला कलेक्टर कीर्ति वासन वी ने सभी सरकारी कर्मचारियों को 30 अक्टूबर तक मुख्यालय में ही रहने के निर्देश दिए हैं।
सेना ने कहा- स्थिति पर हमारी नजर
पूर्वी मध्य अरब सागर और दक्षिण पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहे चक्रवाती सिस्टम के मद्देनजर भारतीय सेना को हाई अलर्ट पर रखा गया है। अगले 48 घंटों में तूफन मोंथा तेज होने की आशंका है। सेना ने कहा कि नेशनल डिसास्टर मैनेजमेंट असोसिएशन (एनडीएमए) और संबंधित राज्य सरकारों के साथ समन्वय में स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
तीन राज्य, जहां च्रकवात मोन्था का असर दिखेगा
0 आंध्र प्रदेश: 27 से 28 अक्टूबर तक यनम और रायलसीमा के कई इलाकों में भारी बारिश की आशंका है। तूफान से निपटने के लिए आज राज्य में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
0 ओडिशा: 28 और 29 अक्टूबर को कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। सबसे संवेदनशील जिलों में गंजम, गजपति, रायगढ़, कोरापुट और मलकानगिरी शामिल हैं।
0 तमिलनाडु: राज्य में कई जगहों पर बारिश की संभावना है। 26 से 28 अक्टूबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। चेन्नई में सबसे ज्यादा बारिश का अलर्ट है।
मप्र में कटी फसल बही, दिल्ली में सीजन का सबसे ठंडा दिन
मध्य प्रदेश के कई जिलों में कल रात से तेज बारिश हो रही है। श्योपुर में खेतों में काट कर रखा धान तेज बारिश में बह गया। इससे किसानों को बड़ा नुकसान हुआ। वहीं मध्य प्रदेश, राजस्थान, झारखंड में तेज बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। इधर, दिल्ली में रविवार की सुबह इस सीजन में सबसे ठंडी रही। पिछले दो साल में अक्टूबर का तापमान सबसे कम रिकॉर्ड किया गया जो की 15.8 डिग्री सेल्सियस रहा। रविवार सुबह आनंद विहार और वजीरपुर में लगातार दूसरे दिन एक्यूआई लेवल 400 से ज्यादा दर्ज हुआ। पंजाब के कपूरथला में एक्यूआई लेवल 1000 से ज्यादा रिकॉर्ड हुआ।