0 मां मीरा नायर ने मंच पर गले लगाया
0 विक्ट्री स्पीच में नेहरू का भाषण दोहराया
वॉशिंगटन डीसी। भारतीय मूल के डेमोक्रेट उम्मीदवार जोहरान ममदानी ने न्यूयॉर्क मेयर का चुनाव जीत लिया है। उन्हें 50.4% वोट मिले। वे मानसून वेडिंग और सलाम बॉम्बे जैसी फिल्में डायरेक्ट करने वाली मीरा नायर के बेटे हैं।
ममदानी पिछले 100 सालों में न्यूयॉर्क के सबसे युवा, पहले भारतवंशी और पहले मुस्लिम मेयर होंगे। अपनी विक्ट्री स्पीच में उन्होंने जवाहरलाल नेहरू के 15 अगस्त, 1947 की आधी रात को दिए गए 'ट्रिस्ट विद डेस्टिनी' का जिक्र किया। भाषण के बाद वे अपनी पत्नी के साथ 'धूम मचा ले' गाने पर झूमते नजर आए। मां मीरा नायर ने मंच पर आकर उन्हें गले लगा लिया। पिता महमूद ममदानी भी मौजूद रहे।
ममदानी के सामने 3 बड़ी चुनौतियां
1. अपने वादे पूरे करना
ममदानी ने वादा किया है कि वे न्यूयॉर्क में सभी बच्चों के लिए फ्री केयर शुरू करेंगे, सब्सिडी वाले घरों का किराया फ्रीज करेंगे, पब्लिक बसों में मुफ्त यात्रा देंगे और सिटी की अपनी किराने की दुकानें खोलेंगे। उनका कहना है कि इसके लिए अमीरों और बड़ी कंपनियों पर नए टैक्स लगाकर 9 अरब डॉलर जुटाए जाएंगे। लेकिन अर्थशास्त्रियों का मानना है कि इन वादों को पूरा करना बहुत मुश्किल है।
2. ट्रम्प का सामना
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प पहले ही चेतावनी दे चुके हैं कि वे न्यूयॉर्क की फेडरल फंडिंग रोक सकते हैं। अगर वे ऐसा कदम उठाते हैं तो ममदानी की परेशानी बढ़ सकती है।
3. डेमोक्रेटिक पार्टी में तालमेल बनाना
ममदानी डेमोक्रेटिक पार्टी के वामपंथी धड़े से आते हैं। ऐसा माना जा रहा है कि पार्टी के मध्यम मार्गी धड़े को खुश करना उनके लिए मुश्किल हो सकता है। कुल मिलाकर, ममदानी के लिए असली परीक्षा अब शुरू हुई है। अपने वादों को सच करना, विरोधियों के हमले झेलना और अपनी ही पार्टी में भरोसा बनाना।