Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 पीएम मोदी ने नितिन नबीन को सौंपी राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की कमान

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी में मंगलवार को औपचारिक रूप से नेतृत्व परिवर्तन हो गया। नितिन नबीन भाजपा के निर्विरोध 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं। मंगलवार को भाजपा मुख्यालय में इसका ऐलान किया गया। इस मौके पर पीएम मोदी ने उनका माला पहनाकर स्वागत किया। 

नितिन नबीन ने आज भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया। पार्टी मुख्यालय नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, निवर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में उनके नाम की आधिकारिक घोषणा की गई। 45 वर्षीय नितिन नबीन भाजपा के अब तक के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे, जिनसे संगठन को नई ऊर्जा, आक्रामक रणनीति और आगामी चुनावों के लिए मजबूत दिशा मिलने की उम्मीद की जा रही है। 
 
इससे पहले नबीन दिल्ली में भगवान वाल्मीकि मंदिर, गुरुद्वारा बंगला साहिब और झंडेवाला मंदिर गए और माथा टेका। 45 साल के नबीन पार्टी के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं। उनसे पहले अमित शाह 49 साल की उम्र में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए थे। भाजपा मुख्यालय में सोमवार को अध्यक्ष पद के चुनाव हुए थे। किसी और उम्मीदवार का नामांकन न आने से नबीन निर्विरोध चुने गए। नितिन को 14 दिसंबर 2025 को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था।

पीएम मोदी भाजपा मुख्यालय पहुंचे, नितिन नबीन से मिले
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 11:30 बजे भाजपा मुख्यालय पहुंचे। उनका स्वागत भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष  नितिन नबीन और केंद्रीय मंत्री और भाजपा के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया। जेपी नड्डा भी भाजपा मुख्यालय पहुंचे, नबीन से मुलाकात की। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तथा भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने भाजपा मुख्यालय में एक-दूसरे से बातचीत की।

पार्टी की अध्यक्ष चुनने की प्रक्रिया सौ प्रतिशत लोकतांत्रिक
मोदी ने कहा कि बीते कई महीनों से संगठन पर्व यानी कि पार्टी का छोटी सी ईकाई से लेकर अध्यक्ष चुनने की प्रक्रिया सौ प्रतिशत लोकतांत्रिक तरीके से चुनने की भारतीय जनता पार्टी के संविधान की आत्मा और उसमें बताई गई हर बात को ध्यान में रखकर चल रही है। आज उसका विधिपूर्वक समापन हुआ है। संगठन पर्व का यह आयोजन भाजपा की लोकतांत्रिक आस्था और कार्यकर्ता केंद्रित सोच का प्रतीक है।’ पीएम मोदी ने कहा-‘भारतीय जनता पार्टी के नवीन अध्यक्ष नितिन नबीन जी, हमारे पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्‌डा जी, भाजपा परिवार के वरिष्ठजन देशभर से आए साथी, सबसे पहले नितिन जी को दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल का अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई शुभकामनाएं देता हूं।

जेपी नड्डा ने कहा- नितिन पार्टी को आगे ले जाएंगे 
जेपी नड्डा ने कहा कि मैं नितिन जी को शुभकामनाएं देता हूं। अटल जी, कुशाभाऊ की परंपरा को आगे बढ़ाने  उन्हें 12वां अध्यक्ष बनाया गया है। नितिन जी बहुत ही छोटी उम्र में 5 बार विधायक रह चुके हैं। आपने सारे देश को समझा है। ऐसे नौजवान अध्यक्ष के रूप में आपने कार्यभार संभाला है। आपको बधाई। आप पार्टी को तेज गति से आगे ले जाएंगे। इसके लिए शुभकामनाएं देता हूं। मैं सभी को धन्यवाद देता हूं क्योंकि आप सभी ने पार्टी को चलाने के लिए मेरे साथ मिलकर काम किया। मुझे ताकत दी। जमीनी स्तर पर जो सहयोग उसका धन्यवाद। 

केंद्र सरकार ने नितिन नबीन को जेड-कैटेगरी की सुरक्षा दी
भाजपा के प्रेसिडेंट नितिन नबीन को केंद्र सरकार ने जेड-कैटेगरी की सुरक्षा दे दी है। यह ऐलान मंगलवार सुबह उनके कार्यभार संभालने के पहले किया गया। जेपी नड्डा को भी सरकार से इसी तरह का सुरक्षा कवर मिला था, जिसमें सीआरपीएफ वीआईपी सुरक्षा विंग व्यवस्था संभाल रही थी। केंद्रीय सुरक्षा सूची के तहत वीआईपी सुरक्षा कवर सबसे ऊंचे जेड-प्लस (एएसएल) से लेकर जेड-प्लस, जेड, वाय, वाय-प्लस और एक्स कैटेगरी तक होता है।

निर्विरोध चुने गए नितिन नबीन
नितिन नबीन का भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर बैठना तय था। सोमवार को उनके समर्थन में 37 सेट नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। चुनाव के रिटर्निंग ऑफिसर के. लक्ष्मण को सौंपे गए इन नामांकनों पर पार्टी के लगभग सभी शीर्ष नेताओं के हस्ताक्षर हैं। नितिन नबीन के नाम का प्रस्ताव रखने वालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, धर्मेंद्र प्रधान, भूपेंद्र यादव, किरेन रिजिजू, हरदीप सिंह पुरी और निवर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा जैसे दिग्गज नेता शामिल हैं। इससे साफ है कि नितिन नबीन को पार्टी नेतृत्व का व्यापक समर्थन प्राप्त है।

tranding
tranding