0 मुंबई में भाजपा गठबंधन को बढ़त
0 राउत का आरोप- 100 वार्डों में गिनती शुरू नहीं हुई
मुंबई। महाराष्ट्र के नगर निगम चुनाव में भाजपा गठबंधन एकतरफा जीत की ओर है। रुझानों में 29 नगर निगमों में से 23 में भाजपा गठबंधन को बढ़त है। एशिया के सबसे बड़े मुंबई के बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) में भाजपा+शिवसेना (शिंदे) अलायंस कुल 227 सीटों में से 115 सीटों पर आगे चल रहा है। वहीं इस चुनाव में ठाकरे बंधुओं को जबरदस्त झटका लगा है। ठाकरे परिवार 30 बाद मुंबई में सत्ता से बाहर हो गया है।
इसके अलावा नागपुर, पुणे, ठाणे, नवी मुंबई, पिंपरी चिंचवाड और नासिक में भी भाजपा गठबंधन को बढ़त है। लातूर में कांग्रेस ने जीत हासिल की है। 70 में से 43 सीटें जीतीं। शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने कहा- मुंबई में जिस तरह गिनती जारी है, उसे देखते हुए फाइनल नतीजे आधी रात तक नहीं आएंगे। जारी आंकड़े गलत हैं। करीब 100 वार्डों में अभी तक गिनती शुरू भी नहीं हुई।
शुक्रवार को नगर निगम चुनाव की सुबह 10 से काउंटिंग जारी है। राज्य में निगम चुनाव के लिए 15 जनवरी को वोटिंग हुई थी। 893 वार्डों में कुल 15,931 उम्मीदवार मैदान में हैं। नगर निगम की कुल 2869 सीटें हैं। इनमें से 68 उम्मीदवार निर्विरोध जीत हासिल कर चुके हैं।
लॉटरी सिस्टम से तय होगा मुंबई का मेयर
वरिष्ठ पत्रकार संदीप सोनवलकर ने कहा कि मुंबई बीएमसी का मेयर किस कैटेगरी का होगा, इसे लॉटरी सिस्टम से तय किया जाएगा। जैसे यह सीट महिला, ओबीसी या एससी होगी या ओपन रहेगी। इसका फैसला चुनाव आयोग लाटरी सिस्टम के माध्यम से करेगा।
हम 25 मेयर बनाने जा रहे हैंः सीएम फडणवीस
महाराष्ट्र निकाय चुनावों पर सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा- हमने पीएम मोदी के नेतृत्व में विकास के विजन के साथ ये चुनाव लड़ा। इसीलिए हमें इन चुनावों में रिकॉर्ड तोड़ जनादेश मिला है। इन नतीजों से साफ हो गया है कि महाराष्ट्र पीएम मोदी पर बहुत भरोसा करता है। भाजपा और महायुति 25 मेयर बनाने जा रही है।
मुंबई में भाजपा ऑफिस पहुंचे सीएम फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मुंबई स्थित बीजेपी ऑफिस पहुंचे। यहां उनका पार्टी नेताओं ने माला पहनाकर स्वागत किया। फडणवीस ने कहा कि इस जीत के लिए महाराष्ट्र की जनता का आभार है।
यह मैच ड्रॉ पर खत्म होने वाला हैः संजय राउत
शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने कहा कि अभी प्रतिक्रिया देने का समय नहीं आया है। मुंबई में जिस तरह से वोटों की गिनती चल रही है, उसे देखते हुए फाइनल नतीजे आधी रात तक नहीं आएंगे। जो आंकड़े जारी किए जा रहे हैं, वे गलत हैं। लगभग 100 वार्डों में तो अभी वोटों की गिनती शुरू भी नहीं हुई है। हालांकि मैं यह मानूंगा कि यह कांटे की टक्कर है। मुकाबला कड़ा है, लेकिन यह सच नहीं है कि शिवसेना (यूबीटी) बहुत पीछे है, जैसा कि कुछ लोग दावा कर रहे हैं। जो आंकड़े आप अभी देख रहे हैं, वे बदल जाएंगे। हमारे 60 कॉर्पोरेटर शिंदे गुट में शामिल हो गए थे। उनमें से लगभग सभी हार गए। शायद यह मैच ड्रॉ पर खत्म हो सकता है।