0 डॉक्टर बोले– अगले 72 घंटे क्रिटिकल
0 सनी देओल की टीम बोली-घबराने की कोई बात नहीं
मुंबई। दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की तबीयत सोमवार को अचानक बिगड़ गई। उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार उन्हें सांस लेने में तकलीफ के चलते वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।
डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए है। डॉक्टरों के मुताबिक धर्मेंद्र के लिए अगले 72 घंटे बेहद मुश्किल हैं। हालांकि उनकी स्थिति को लेकर सनी देओल की टीम की तरफ से बयान जारी किया गया है। बयान में कहा गया- 'हमेशा की तरह यह सिर्फ अफवाह हैं। सर बेहतर हो रहे हैं। वे ऑब्जर्वेशन में हैं। घबराने की कोई बात नहीं है। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक धर्मेंद्र के परिवार के सदस्य अस्पताल में मौजूद हैं। हेमा मालिनी धर्मेंद्र से मिलने अस्पताल पहुंची हैं। वहीं उनकी बेटियों को यूएसए से बुलाए जाने की खबर है।
हाल ही में उनकी अपकमिंग फिल्म 'इक्कीस' का ट्रेलर भी रिलीज हुआ था, जिसमें उन्होंने दमदार अभिनय किया है।
बॉलीवुड के सबसे हैंडसम एक्टर
भारतीय सिनेमा के इतिहास में धर्मेंद्र को सबसे हैंडसम एक्टर माना जाता है। एक बार धर्मेंद्र को देखकर देव आनंद ने कहा था कि ऐसी शक्ल मेरी क्यों नहीं है? उनकी सेहत और चेहरे की चमक देखकर एक बार दिलीप कुमार ने भी कहा था कि वे अगले जन्म में धर्मेंद्र जैसी शख्सियत पाना चाहते हैं। धर्मेंद्र उम्र के इस पड़ाव पर भी खुद को फिट रखे हुए हैं। उनका मानना है कि उम्र महज एक आंकड़ा होता है। वे श्रीदेवी और माधुरी दीक्षित के साथ रोमांटिक फिल्म करना चाहते थे।