0 नेशनल हाइवे-49 पर हादसा, बारात से लौट रहे थे स्कॉर्पियो सवार
0 सभी मृतक नवागढ़ के सड़कपारा और शांति नगर के रहने वाले
जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम सुकली में नेशनल हाइवे 49 पर देर रात ट्रक और स्कॉर्पियो के बीच आमने-सामने की टक्कर में 5 लोगों की मौत हो गई। हादसे में लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ा, जबकि 3 ने इलाज के दौरान जान गंवाई। हादसे में 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में शामिल राजेंद्र कश्यप (27) और पोमेश्वर जलतारे (33) इंडियन आर्मी के जवान थे। दोनों जवानों का जांजगीर में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बिलासपुर सिम्स रेफर किया गया। वहां तीनों का इलाज जारी है। सभी मृतक नवागढ़ के सड़कपारा और शांति नगर के रहने वाले हैं। ये सभी एक बारात से नवागढ़ लौट रहे थे, तभी ग्राम सुकली के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया। वहीं हादसे के विरोध में नवागढ़ में लोगों ने चक्काजाम किया। लोगों ने फरार ट्रक ड्राइवर की गिरफ्तारी और मृतक के परिजनों को तत्काल मुआवजा देने की मांग की। इधर दोनों जवानों का शव जांजगीर लाया गया, जहां सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
मृतकों के नाम
मृतकों विश्वनाथ देवांगन (43 वर्ष), राजेंद्र कश्यप (27 वर्ष), पोमेश्वर जलतारे (33 वर्ष), भूपेंद्र साहू (40 वर्ष) व कमलनयन साहू (22 वर्ष) शामिल हैं।
3 घायलों का बिलासपुर सिम्स में इलाज
हादसे में घायल सत्य नारायण साहू (35), संतोष साहू (30), दीपक केवट (25) तीनों को बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही, मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया। इसके बाद जब जवान राजेंद्र कश्यप का शव उनके घर पहुंचा तो परिजन रोते-बिलखते दिखाई दिए, वहीं लोगों की भीड़ अंतिम दर्शन के लिए जुट गई।
नवागढ़ में लोगों ने किया चक्काजाम
नवागढ़ में राछाभाटा चौक के पास लोगों ने चक्काजाम कर दिया। आरोपी ड्राइवर की गिरफ्तारी और मृतक के परिजन को तत्काल मुआवजा देने की मांग की। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रही।
श्रीनगर, सिक्किम में पोस्टेड थे जवान
मृतकों में शामिल राजेंद्र कश्यप श्रीनगर में पोस्टेड थे और अपनी शादी के लिए छुट्टी पर आए थे। उनकी शादी 18 नवंबर को हुई थी। पोमेश्वर जलतारे की पोस्टिंग सिक्किम में थी, जो 12 नवंबर को एक महीने की छुट्टी पर नवागढ़ आए थे। उन्हें 8 दिसंबर को लौटना था। पोमेश्वर की शादी को पांच साल हो चुके थे और उनका तीन साल का एक बेटा है। उनके पिता पुरुषोत्तम जलतारे खेती-किसानी का काम करते हैं। हादसे में जान गंवाने वाले सभी पांच लोग एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे। वे अपने दोस्त जयराम देवांगन की शादी में पंतोरा बारात में शामिल हुए थे। बारात से लौटते समय मंगलवार देर रात हादसा हो गया।