Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कनाडा में हुई गोली-बारी पर गहरा दुख जताया। उन्होंने पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और इस घटना को 'गहन शोक का क्षण' बताते हुए कनाडा के लोगों के साथ भारत की एकजुटता दोहरायी।
'एक्स' पर पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि कनाडा में हुई भीषण गोली-बारी से गहरा सदमा लगा है। मैं उन परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। इस गहरे दुख की घड़ी में भारत कनाडा के लोगों के साथ खड़ा है। 

खबरों के मुताबिक, बुधवार को कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया के एक स्कूल में हुई गोली-बारी में शूटर सहित दस लोगों की मौत हो गयी और कम से कम 25 लोग घायल हो गये। घटना के और विवरण भी सामने आ रहे हैं, लेकिन इस गोली-बारी ने पूरे कनाडा को झकझोर दिया है। दुनिया भर के नेताओं ने सहानुभूति और समर्थन जताया है।

प्रधानमंत्री मोदी का यह संदेश विदेशों में हिंसा की घटनाओं पर भारत आतंकवाद तथा नागरिकों पर होने वाले संवेदनहीन हमलों के खिलाफ देश के रुख को दर्शाता है। भारत ने लगातार निर्दोष लोगों को निशाना बनाने वाली हिंसक कृत्यों की निंदा की है, चाहे वह घरेलू स्तर पर हो या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर।
श्री मोदी के संदेश ने मानवीय एकजुटता पर जोर दिया है। इसमें इस बात पर जोर दिया गया कि इस तरह की त्रासदियां राष्ट्रीय और राजनीतिक सीमाओं से परे होती हैं।
कनाडा के अधिकारी इस घटना की जांच कर रहे हैं। वहीं इस जानमाल के नुकसान पर पूरे देश शोक की लहर है। लोग घायलों के ठीक होने की प्रार्थना कर रहे हैं। कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के टम्बलर रिज में एक उच्च विद्यालय और पास के एक घर में हुई गोलीबारी में संदिग्ध शूटर समेत 10 लोगों की मौत हुई है, जबकि 25 अन्य लोग घायल हुए हैं।

यह घटना मंगलवार की है। रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (आरसीएमपी) ने मंगलवार को बताया कि अधिकारियों ने स्थानीय समय के अनुसार, दोपहर करीब 1:20 बजे (भारतीय समयानुसार बुधवार तड़के 2:50 बजे) टम्बलर रिज माध्यमिक विद्यालय के पास गोली-बारी की सूचना पर कार्रवाई की।
आरसीएमपी ने कहा कि संदिग्ध हमलावर भी हमले में मारे गये लोगों के पास ही मरा मिला था। शायद उसने खुद को गोली मार ली थी। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि कोई और संदिग्ध फरार नहीं है।
घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। आरसीएमपी ने कहा कि सभी विद्यार्थी और कर्मचारियों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के प्रधानमंत्री डेविड एबी ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "आज रात टम्बलर रिज में हमारा दिल उन परिवारों के साथ है, जिन्होंने अपनों को खो दिया है।" उन्होंने आगे कहा, "सरकार आने वाले दिनों में समुदाय के लोगों को हर मुमकिन मदद देगी, क्योंकि हम सभी इस सोच से परे दुखद घटना से उबरने की कोशिश कर रहे हैं।"