Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 छत्तीसगढ़ के मीडिया दल ने सिक्किम के राज्यपाल से मुलाकात की
0 राज्यपाल ने सिक्किम के ऐतिहासिक रणभूमि स्थलों, चोला और डोकला दर्रे के महत्व से कराया अवगत
0 राज्यपाल ने कहा-केंद्र और राज्य सरकार मिलकर सिक्किम को सुदृढ़ व विकसित बनाने के लिए कार्यरत है
 
समवेत शिखर न्यूज़
गंगटोक। लोकभवन सिक्किम में सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर से पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) रायपुर के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के 12 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। यह दल 15 से 21 फरवरी तक सिक्किम के सात दिवसीय अध्ययन दौरे पर है। इस प्रवास का उद्देश्य केंद्र सरकार द्वारा संचालित महत्वाकांक्षी परियोजनाओं, बुनियादी ढांचे के विकास तथा सामरिक महत्व के कार्यों का प्रत्यक्ष अवलोकन करना है।
 राज्यपाल श्री माथुर ने इस अवसर पर सिक्किम को स्वच्छ और पर्यावरण के प्रति जागरूक राज्य बताते हुए इसकी अनेक पहलों सराहना की। इस बीच महिला प्रधान राज्य, सतत पर्यटन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की भी चर्चा की गई।
 राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल को सिक्किम के ऐतिहासिक रणभूमि स्थलों, चोला और डोकला दर्रे के महत्व से अवगत कराया और इन स्थानों का दौरा कर यहाँ के इतिहास को समझने तथा इसके विस्तार के लिए प्रेरित किया।
पत्रकारों के सड़क और हवाई संपर्क, जैविक उत्पादों के बाजार और पर्यटन ढांचे से संबंधित सवालों पर राज्यपाल ने आश्वस्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर इन क्षेत्रों को सुदृढ़ बनाने के लिए कार्यरत हैं। राज्यपाल श्री माथुर ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के अंतर-राज्यीय मीडिया संवाद राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करेंगे। विकास कार्यों की जानकारी को व्यापक बनाएंगे और देश की प्रगति को नई ऊर्जा प्रदान करेंगे।
इस दौरान मीडिया टीम ने पुराने लोकभवन का भी दौरा किया और जाना कि किस प्रकार यह भवन स्वतंत्रता-पूर्व ब्रिटिश राजनीतिक कार्यालय से राजभवन और अब लोकभवन के रूप में भारतीय लोकतंत्र की यात्रा का साक्षी रहा है।
यह दल 15 से 21 फरवरी तक सिक्किम के सात दिवसीय मीडिया  प्रवास पर है। इस प्रवास का उद्देश्य केंद्र सरकार द्वारा संचालित महत्वाकांक्षी परियोजनाओं, बुनियादी ढांचे के विकास तथा सामरिक महत्व के कार्यों का प्रत्यक्ष अवलोकन करना है, जिनमें सिक्किम की पहली रेल लिंक परियोजना सेवोक–रंगपो रेलवे लाइन का साइट विजिट शामिल है। इसके अतिरिक्त सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नाथू ला दर्रा, बाबा मंदिर और छांगू झील का दौरा किया जाएगा। दल वाइब्रेंट विलेज पहल और पेलिंग स्काईवॉक का भी भ्रमण करेगा।
प्रतिनिधिमंडल में छत्तीसगढ़ के प्रमुख मीडिया संस्थानों के 10 वरिष्ठ पत्रकार, एक अधिकारी और एक कर्मचारी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त सिक्किम राज्य से पत्र सूचना कार्यालय गंगटोक के सहायक निदेशक मानस प्रतिम शर्मा भी उपस्थित थे। दल का नेतृत्व सहायक निदेशक सुदीप्त कर और पुरुषोत्तम झा कर रहे हैं।

tranding