0 पहली बार मेजबान टीम ने खिताब जीता
0 फाइनल में रिकॉर्ड 255 रन बनाए
0 संजू सैमसन 89, ईशान 54 व अभिषेक ने 52 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली
अहमदाबाद। टी–20 वर्ल्डकप के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को शानदार 96 रनों से हराकर तीसरी बार वर्ल्डकप खिताब पर कब्जा कर लिया। इस जीत के साथ ही भारत लगातार दो बार टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम बनी। पहली बार किसी मेजबान टीम ने टी-20 वर्ल्डकप जीता है।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को टॉस जीतकर न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया।पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया ने 5 विकेट पर 255 रन बनाए थे। सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने टी-20 वर्ल्डकप फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर 89 रन बनाए। ईशान किशन ने 54 और अभिषेक शर्मा ने 52 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। आखिर में शिवम दुबे ने 8 गेंद पर 26 रन बनाए। न्यूजीलैंड से जिमी नीशम को 3 विकेट मिले।
जवाब में 256 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। साइफर्ट (52) और कप्तान सैंटनर (43) के अलावा कोई भी बैटर भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सका। इस तरह पूरी टीम 19 ओवर में ही 159 रन पर सिमट गई।न्यूजीलैंड को रनों के लिहाज से टी–20 वर्ल्डकप फाइनल में सबसे बड़ी हार मिली।
बुमराह प्लेयर ऑफ द मैच, सैमसन प्लेयर ऑफ द सीरीज
फाइनल मुकाबले में 15 रन देकर 4 विकेट लेने वाले जसप्रीत बुमराह प्लेयर ऑफ द मैच रहे। वहीं, 5 मैच में 3 फिफ्टी के सहारे 321 रन बनाने वाले संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ सीरीज चुना गया।
भारतीय पारी में बने खास रिकॉर्ड
0 टीम ने 7.2 ओवर में 100 रन पूरे किए। जो टी-20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों में किसी टीम से सबसे तेज 100 रन का रिकॉर्ड है।
0 भारतीय टीम ने पावरप्ले में वर्ल्ड कप के सबसे बड़े स्कोर की बराबरी की। पिछला रिकॉर्ड 92/1 था, जो 2024 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज ने बनाया था।
0 सैमसन टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर बन गए। उन्होंने वेस्टइंडीज के मार्लोन सैमुअल के 85 रन का रिकॉर्ड तोड़ा।