रायपुर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति से पार्टी की छत्तीसगढ़ प्रदेश मीडिया टीम की नई सूची जारी कर दी गई है। इसमें प्रदेश स्तर पर 3 सहसंयोजक, 10 प्रदेश प्रवक्ता और 11 मीडिया पैनलिस्ट की नियुक्ति की गई है।
पार्टी संगठन की ओर से जारी इस घोषणा में मीडिया विभाग को और अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने के उद्देश्य से विभिन्न पदों पर जिम्मेदारियां सौंपी गई है। नई टीम का उद्देश्य सरकार की योजनाओं, संगठन की गतिविधियों और पार्टी के विचारों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाना बताया गया है।
मीडिया टीम में प्रवीण साहू, गोविंदा गुप्ता व राहुल राय को प्रदेश सहसंयोजक बनाया गया है। इसी तरह गौरीशंकर श्रीवास, मुकेश शर्मा, अनुराग अग्रवाल, राजीव चक्रवर्ती, सुनील चौधरी, जसविंदर बग्गा, रविंद्र सिंह, वैभव बैस, तौकीर रजा व उमेश घोरमोड़े को प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही रामू नेताम, गोपाल बिष्ट, दयावंत धर बांधे, डॉ. अनामिका सिंह, रितेश मोहरे, निशिकांत पांडेय, वात्सल्य मूर्ति, डॉ. गंधर्व पांडेय, प्रियदर्शिनी दिव्य, पीयूष मिश्र व संतोष दास को मीडिया पैनलिस्ट बनाया गया है।
