Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 बिना वेटिंग के सिर्फ 2 मिनट में मिलेगा भरा हुआ सिलेंडर  
गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम के भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने देश का पहला 'एलपीजी एटीएम' यानी गैस वेंडिंग मशीन (जीवीएम) शुरू की है। इसे 'भारत गैस इंस्टा एलपीजी' नाम दिया गया है। यह पहला स्वचालित सिस्टम है, जो 24 घंटे खुला रहता है। इसमें आपकों 2 से 3 मिनट में ही सिलेंडर उपलब्थ हो जाता है।

बता दें कि अमरेरिका-इजराइल और इरान के बीच चल रही जंग की वजह से देशभर में सिलेंडर की किल्लत बढ़ गई है। हरियाणा भी इससे अछूता नहीं रहा है। कई जिलों में उपभोक्ताओं को डिलीवरी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। ऐसे में गुरुग्राम में लगाया गया यह 'एलपीजी एटीएम' एक बड़ी राहत लेकर आया है। यह मशीन एटीएम की तरह ही काम करती है। प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और कॉन्टैक्टलेस है। खास बात यह है कि इसके लिए 10 किलोग्राम वाले विशेष सिलेंडर बनाए गए है।

लोहे की सिलेंडर की जगह कंपोजिट सिलेंडर 
गुरुग्राम के सोहना क्षेत्र के सेक्टर 33 स्थित सेंट्रल पार्क फ्लावर वैली में इस 'एलपीजी एटीएम' की शुरुआत की गई है। इस एटीएम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें पारंपरिक भारी लोहे के सिलेंडरों के बजाय 'कंपोजिट सिलेंडर' का उपयोग किया जा रहा है। ये सिलेंडर फाइबर के बने होते हैं, जिनका वजन लोहे वाले सिलेंडर के मुकाबले करीब आधा (लगभग 15 किलो) होता है।

कंपोजिट सिलेंडरों के ये खासियत 
इन कंपोजिट सिलेंडर में गैस का स्तर साफ दिखाई देता है, जिससे आपको पता रहता है कि कितनी गैस बची है। फाइबर बॉडी होने के कारण इनमें जंग नहीं लगती, जिससे फर्श खराब नहीं होता। वजन कम होने से इन्हें एक जगह से दूसरी जगह ले जाना काफी आसान है।

10 किलोग्राम के दिए जा रहे सिलेंडर
फिलहाल यह सुविधा गुरुग्राम के उन ग्राहकों के लिए उपलब्ध है, जो भारत गैस (बीपीसीएल) से जुड़े हुए हैं। कंपनी ने इसे एक पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया है। फिलहाल यहां से 10 किग्रा के सिलेंडर दिए जा रहे हैं, जिन्हें भरने में मात्र 2 से 3 मिनट का समय लगता है।

स्मार्ट सेंसर सिस्टम भी लगाया गया 
इस मशीन की अपनी क्षमता करीब 10 सिलेंडरों की है। इसमें एक स्मार्ट सेंसर सिस्टम लगा है, जो स्टॉक कम होने पर तुरंत नजदीकी गैस एजेंसी को अलर्ट भेज देता है, ताकि मशीन को समय पर दोबारा भरा जा सके। खास बात यह है कि सिलेंडर 24x7 उपलब्ध रहता है।

रेजिडेंट्स बोले- एलपीजी एटीएम का मिल रहा फायदा
सोसाइटी के फैसिलिटी डिप्टी मैनेजर अमित खटाना ने बताया कि सेंट्रल पार्क फ्लावर वैली के निवासियों के लिए यह विशेष रूप से उपयोगी साबित हो रहा है, क्योंकि वे अब रात के समय या छुट्टी के दिन भी बिना किसी एजेंट के इंतजार के सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। यह मशीन बहुत सुविधाजनक है। पहले डिलीवरी का इंतजार करना पड़ता था, अब खुद जाकर 2 मिनट में काम हो जाता है। कई अन्य रेजिडेंट्स ने भी इसे 'स्मार्ट सिलेंडर' की दिशा में बड़ा कदम बताया है। यदि यह पायलट सफल रहा तो इसे अन्य शहरों और आवासीय कॉलोनियों में भी विस्तारित किया जा सकता है।

tranding
tranding