0 पीएम मोदी ने ईरान जंग पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मुख्यमंत्रियों के साथ की बैठक
0 चुनाव वाले राज्यों के मुख्यमंत्री इस बैठक में शामिल नहीं हुए
0 सरकार बोली- देश में लॉकडाउन नहीं लगेगा
नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पश्चिम एशिया के हालात को लेकर राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की। बैठक में ‘टीम इंडिया’ की भावना पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि सभी राज्य टीम इंडिया की तरह मिलकर काम करें और अपनी तैयारियां मजबूत रखें।
यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई। इसमें प्रधानमंत्री ने राज्यों से उनकी तैयारियों और योजनाओं की जानकारी ली। यह पहली बार है जब इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की। इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। चुनाव आचार संहिता लागू होने की वजह से चुनाव वाले राज्यों के मुख्यमंत्री इस बैठक में शामिल नहीं हुए।
इस बैठक का मकसद देशभर में तैयारियों की समीक्षा करना और संभावित संकट से निपटने के लिए एकजुट रणनीति बनाना है। खास बात यह है कि चुनावी राज्यों के मुख्यमंत्री आचार संहिता के कारण इसमें शामिल नहीं हुए, लेकिन उनके लिए अलग से मुख्य सचिव स्तर पर बैठक तय की गई है। सरकारी सूत्रों के अनुसार, पश्चिम एशिया में तेजी से बदलते हालात का असर भारत की ऊर्जा सुरक्षा, सप्लाई चेन और विदेशों में रह रहे भारतीयों पर पड़ सकता है। ऐसे में केंद्र सरकार राज्यों के साथ मिलकर एक मजबूत प्रतिक्रिया तैयार करना चाहती है। इस बैठक में राज्यों से सुझाव लेकर एक व्यापक राष्ट्रीय रणनीति को अंतिम रूप देने की कोशिश भी होगी।
देश में लॉकडाउन नहीं लगेगा : रिजिजू
इससे पहले सरकार ने कहा कि देश में लॉकडाउन नहीं लगेगा। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू समेत तीन मंत्रियों ने लॉकडाउन की खबरों को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि अफवाहों पर जनता ध्यान न दें। केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने कहा कि पीएम मोदी ने अपनी पूरी टीम को काम पर लगाया है, ताकि आम जनता को कोई तकलीफ न हो। सर्वदलीय बैठक में विपक्ष ने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि इतने बड़े संकट में सरकार ने सही कदम उठाए हैं। सरकार के हर फैसले में विपक्षी दल साथ देंगे।