0 ममता ने कहा- वोटर लिस्ट में घुसपैठिए तो मोदी कैसे जीते, पहले वे इस्तीफा दें
तिरुवनंतपुरम/गुवाहाटी/कोलकाता/चेन्नई। गृह मंत्री अमित शाह ने असम के गोलपाड़ा में चुनावी सभा में कहा कि राज्य में यूसीसी लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके बाद कोई चार शादी नहीं कर सकेगा। यूसीसी में कांग्रेस आदिवासियों को डराती है कि आप पर भी यूसीसी लगेगी, लेकिन आदिवासियों को इससे बाहर रखा जाएगा।
गृह मंत्री अमित शाह ने असम के गोलपाड़ा में कहा कि असम के युवा कहते हैं कि घुसपैठियों की संख्या बहुत बढ़ गई है। इतनी सारी आबादी बढ़ती है रोके कैसे। उनसे कहना चाहता हूं हम असम में यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) लाएंगे। अब कोई चार शादी नहीं कर पाएगा। यूसीसी में कांग्रेस आदिवासियों को डराती है कि आप पर भी यूसीसी लगेगी लेकिन आदिवासियों को यूसीसी से बाहर रखा जाएगा। यूसीसी किसके लिए लगाना है हमें मालूम है।
शाह ने कहा कि कांग्रेस ने कभी किसी आदिवासी महिला को देश का राष्ट्रपति नहीं बनाया, लेकिन मोदी ने इसे बदल दिया और द्रौपदी मुर्मू देश की पहली नागरिक बन गईं। उन्होंने कहा- आदिवासियों के विकास के लिए पीएम और असम सीएम ने एक रोडमैप तैयार किया है। इसे आगे बढ़ाने और लागू करने के लिए भाजपा को वोट दें।
मेघालय के पास गारो हिल्स में हाल ही में हुई हिंसा पर शाह ने कहा कि घुसपैठियों ने आदिवासी महिलाओं से शादी करके गारो काउंसिल में सत्ता हथियाने की कोशिश की, और इसी वजह से यह झगड़ा हुआ। गृह मंत्री ने कहा कि भाजपा ने असम में शांति बहाल की, लेकिन अगर 9 अप्रैल के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस कोई भी सीट जीतती है तो नॉर्थ-ईस्ट में फिर से अस्थिरता आएगी।
असमिया भाषा को शास्त्रीय दर्जा मिला
असम के गोलपाड़ा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वजह से असमिया भाषा को शास्त्रीय भाषा का दर्जा मिला है। राज्य में बड़े पैमाने पर जमीन पर अवैध कब्जे थे, जिन्हें मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने पिछले पांच साल में हजारों एकड़ जमीन खाली कराई है। अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 8 हजार से ज्यादा आदिवासी कलाकारों की पारंपरिक चाय जनजाति नृत्य प्रस्तुतियां भी देखी हैं।
कांग्रेस ने राज्य को घुसपैठियों का हब बनाया, क्षेत्र को अशांत रखा
असम के गोलपाड़ा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने क्षेत्र को अशांत बनाए रखा और असम के युवाओं की मौत का राजनीतिक लाभ उठाया। असम को घुसपैठियों का हब बना दिया। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में आती है, तो घुसपैठिए आदिवासी इलाकों तक पहुंच जाएंगे।
टीएमसी चुनाव में गड़बड़ी की कोशिश कर रहीः सुवेंदु अधिकारी
भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि टीएमसी चुनाव में गड़बड़ी करने की कोशिश कर रही है। मोदी ने कहा है कि पश्चिम बंगाल से 'जंगल राज' खत्म कर दिया जाएगा।
पीएम मोदी को पहले इस्तीफा देना चाहिएः सीएम ममता
वहीं पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि अगर वोटर लिस्ट में घुसपैठियों के नाम थे, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले भी उनके वोट से जीत चुके हैं। ऐसे में पहले उन्हें इस्तीफा देना चाहिए। ममता ने दक्षिण दिनाजपुर में चुनावी रैली के दौरान कहा कि बंगाल में अधिकारियों के तबादले इस तरह किए गए, जिससे बाहरी लोगों का राज्य में आना आसान हो सके। मालदा में दो दिन पहले न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाने की घटना पर ममता बनर्जी ने एआईएमआईएम और आईएसएफ को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कांग्रेस और भाजपा पर उकसाने का आरोप लगाया।
पार्टी ने प्रचार का काम दिया है, पूरा करूंगाः अन्नामलाई
भाजपा नेता के अन्नामलाई ने केरल के कन्नूर में कहा- इस चुनाव में, मेरा रोल पूरे तमिलनाडु में कैंडिडेट्स के लिए प्रचार करना है। पार्टी ने मुझे पुडुचेरी और केरल में प्रचार की जिम्मेदारी दी है। इसके बाद मुझे पूरे तमिलनाडु में सभी भाजपा और एनडीए कैंडिडेट्स के लिए प्रचार करना है। पार्टी ने मुझे यही ज़िम्मेदारी दी है। मैं वह जिम्मेदारी पूरी करूंगा।