0 असम के इतिहास में सबसे ज्यादा वोटिंग का आंकड़ा
0 केरलम में 49 साल में दूसरी रिकॉर्ड वोटिंग हुई
0 असम में चुनाव संबंधी हिंसा में 30 लोग घायल व 7 गिरफ्तार
0 पुडुचेरी में कांग्रेस और भाजपा समर्थकों में झड़प
गुवाहाटी/तिरुवनंतपुरम/पुडुचेरी। देश के दो राज्यों असम, केरलम और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में गुरुवार (9 अप्रैल) को एक ही चरण में विधानसभा चुनाव के लिए शाम 6 बजे तक वोटिंग हुई। चुनाव आयोग के अनुसार रात 8 बजे तक असम में 85.38%, केरलम में 78.01% व पुडुचेरी में 89.81% मतदान हुआ। इस चुनाव में असम के इतिहास में सबसे ज्यादा वोटिंग का आंकड़ा है। वहीं केरलम में भी पिछले 49 सालों में दूसरी सबसे ज्यादा वोटिंग हुई। 1977 में रिकॉर्ड 79.2% मतदान हुआ था।
असम में चुनाव संबंधी हिंसा में करीब 30 लोग घायल हो गए और सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। श्रीभूमि जिले के पथारकंडी में कांग्रेस और भाजपा समर्थकों की इस झड़प में करीब 25 लोग घायल हो गए, दो की हालत गंभीर है।
पुडुचेरी में मन्नादिपेट में पोलिंग बूथ पर कांग्रेस और भाजपा समर्थकों में झड़प हो गई। पुलिस ने भीड़ पर लाठीचार्ज किया। पुडुचेरी के सीएम सीएम रंगास्वामी वोट डालने के लिए पोलिंग बूथ तक बाइक से पहुंचे।
केरलम में पूर्व रक्षा मंत्री और कांग्रेस लीडर एके एंटनी ने तिरुवनंतपुरम में वोट डाला। असम के सीएम हिमंता बिस्व सरमा ने गुवाहाटी में मां कामाख्या मंदिर में पूजा की। इसके बाद पत्नी के साथ जालुकबाड़ी में वोट डाला।
असम में 126 सीटों पर 41 पार्टियों के 722 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, केरलम में 2.71 करोड़ वोटर 890 उम्मीदवारों में से अपना नेता चुनेंगे। यहां 140 सीटें हैं। पुडुचेरी में 30 सीटों के लिए वोटिंग हुई।
असम में कांग्रेस कैंडिडेट ने ईवीएम तोड़ी, भाजपा- कांग्रेस समर्थक भिड़े
असम में चुनाव संबंधी हिंसा में करीब 30 लोग घायल हो गए। सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने न्यूज एजेंसी को बताया कि श्रीभूमि जिले के पथारकंडी से कांग्रेस उम्मीदवार कार्तिक सेना सिन्हा रंगमती बूथ में घुस गए और पीठासीन अधिकारी से बहस करने लगे। उनका दावा था कि फर्जी वोटर्स ने असली लोगों के वोट डाले हैं। जब पीठासीन अधिकारी ने इस आरोप का खंडन किया, तो उन्होंने ईवीएम तोड़ दी। इसके बाद कांग्रेस और भाजपा समर्थकों ने आपस में हाथापाई शुरू कर दी। इस झड़प में करीब 25 लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। उन्हें इलाज के लिए करीमगंज सिविल अस्पताल भेजा गया है। श्रीभूमि की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लीना डोले मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया।सिन्हा का सीधा मुकाबला असम के मंत्री और भाजपा उम्मीदवार कृष्णेंदु पॉल से है।
असम, केरलम, पुडुचेरी चुनाव के प्रमुख अपडेट्स
0 असम के श्रीभूमि जिले के पथारकंडी में कांग्रेस कैंडिडेट ने ईवीएम तोड़ दी। इसके चलते यहां करीब तीन घंटे तक वोटिंग रुकी रही। चुनाव अधिकारियों ने दूसरी ईवीएम रखी तब वोटिंग फिर शुरू हुई।
0 असम के बरपेटा में सुबह से तेज बारिश के कारण वोटिंग में परेशानी आई।
0 केरलम के कन्नूर में वोटिंग खत्म होने के समय शाम 6 बजे के बाद भी कई बूथ पर वोटर्स की लंबी लाइन लगी दिखाई दी।
0 केरलम के सीएम पिनाराई विजयन ने कन्नूर में आरसी अमला बेसिक अपर प्राइमरी स्कूल में वोट डाला। केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद सुरेश गोपी ने त्रिशूर में मतदान किया।
0 पुडुचेरी में रोबोट ने पोलिंग बूथ पर आए वोटर्स का स्वागत किया।
केरलम में चांडी ओमन ने विरोध जताते हुए काले कपड़े पहनकर वोट दिया
कोट्टायम (केरलम) में पूर्व सीएम ओमन चांडी के बेटे, कांग्रेस उम्मीदवार चांडी ओमन ने गुरुवार को पुथुपल्ली में मां और बहन के साथ वोट डाला। वे विरोध के प्रतीक के रूप में काले कपड़े पहने थे। पुथुपल्ली उपचुनाव जीतने वाले चांडी ओमन अब यूडीएफ, एलडीएफ और एनडीए के बीच महत्वपूर्ण मुकाबले में यूडीएफ के गढ़ को बरकरार रखने की कोशिश कर रहे हैं। ओमन ने भावुक स्वर में कहा कि यह वह दिन है जब पुथुपल्ली और केरल एलडीएफ सरकार के खिलाफ मतदान कर रहे हैं। मेरे विरोध करने के कई कारण हैं, सिर्फ एक नहीं। उन्होंने कहा कि मेरे पिता को सिर्फ दो-तीन साल नहीं, बल्कि नौ साल तक परेशान किया गया, चाहे एलडीएफ विपक्ष में हो या सरकार में। उन्होंने सौर ऊर्जा मामले का जिक्र किया, जिसमें पूर्व सीएम पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगा था, जिसे सीबीआई ने जांच के बाद क्लीन चिट दे दी थी। इस मामले के पीछे जो लोग थे, उन्हें एलडीएफ ने संरक्षण दिया और यह स्थिति आज तक बनी हुई है। यह इसी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन है। उन्होंने कहा कि इससे केरल और पुथुप्पल्ली दोनों के दिलों को ठेस पहुंची है।
तीन राज्यों की चार सीटों पर उपचुनाव में बंपर वोटिंग
तीन राज्यों की चार विधानसभा सीटों पर गुरुवार को उपचुनाव के लिए वोटिंग हो रही है।
नगालैंड के कोरिडांग विधानसभा क्षेत्र में दोपहर 3 बजे तक 75.06% वोटिंग हुई। वहीं त्रिपुरा के धर्मनगर में 70.09% मतदाताओं ने वोट डाले। वहीं कर्नाटक की दो विधानसभा सीटों पर गुरुवार को हुए उपचुनावों में शाम 5 बजे तक 60 प्रतिशत से अधिक वोटिंग हुई।
बागलकोट में 65.68 फीसदी जबकि दावनगेरे दक्षिण में 63.04 फीसदी वोटिंग हुई।
त्रिपुरा के धर्मनगर उपचुनाव में शाम 5 बजे तक 79.84 फीसदी वोटिंग हुई।