0 कहा- पार्टी के 10 में से 7 सांसद उनके साथ
0 अशोक मित्तल ने ईडी छापे के 10वें दिन भाजपा प्रवेश किया
चंडीगढ़/नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के 10 राज्यसभा सांसदों में से 7 सांसद भाजपा में शामिल होंगे। इसका ऐलान पंजाब से राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने शुक्रवार शाम को 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया। उन्होंने बताया कि राज्यसभा सांसद संदीप पाठक, अशोक कुमार मित्तल, हरभजन सिंह, विक्रमजीत सिंह साहनी, स्वाति मालीवाल, राजेंदर गुप्ता हमारे साथ हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके साथ संदीप पाठक और अशोक मित्तल भी मौजूद थे। अशोक मित्तल लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के चेयरमैन हैं और जालंधर में उनके घर 10 दिन पहले (15 अप्रैल) ईडी ने छापेमारी की थी। राघव चड्ढा, संदीप पाठक, अशोक मित्तल ने भाजपा मुख्यालय पहुंचकर पार्टी प्रवेश किया। बाकी चार सांसद अभी सामने नहीं आए हैं। स्वाति मालीवाल ने कहा कि मैं इटानगर में हूं। शाम को दिल्ली लौटकर बात करूंगी। पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव हैं।
दलबदल कानून नहीं लगेगाः राघव
राघव चड्डा ने बताया कि पार्टी के दो-तिहाई सांसदों ने यह फैसला लिया, इसलिए दलबदल कानून लगने का कोई मतलब नहीं है। राघव चड्ढा ने कहा पिछले कुछ सालों से, मुझे यह महसूस हो रहा था कि मैं गलत पार्टी में सही आदमी हूं। हमने यह फैसला किया है कि हम संविधान के प्रावधानों का इस्तेमाल करते हुए खुद को भाजपा में मिला लेंगे।
अब राज्यसभा आप व भाजपा की स्थिति
राज्यसभा में अभी आम आदमी पार्टी के 10 सांसद हैं। 7 सांसदों के भाजपा में शामिल होने पर अब सिर्फ 3 सांसद ही रह पाएंगे। वहीं लोकसभा में भी आप के 3 सांसद ही हैं। वहीं भाजपा के इस समय के 106 राज्यसभा सांसद हैं। आप के 7 सांसदों के आने पर उनके सांसदों की संख्या बढ़कर 113 हो जाएगी।