Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 चश्मदीद बोले- 7 राउंड फायरिंग हुई, गेस्ट टेबल के नीचे छिपे, हमलावर पकड़ाया
वॉशिंगटन डीसी। अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में सालाना व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट डिनर के दौरान फायरिंग हो गई। शनिवार शाम के इस कार्यक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, पत्नी मेलानिया और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस समेत कई बडे़ अफसर मौजूद थे।

न्यूज एजेंसी के मुताबिक हमलावर ने होटल के बॉलरूम के बाहर फायरिंग की। ट्रम्प और गेस्ट बॉलरूम के अंदर थे। ट्रम्प ने बताया कि हमलावर को पकड़ लिया गया है। पहले खबर आई थी कि हमलावर को मार गिराया गया। हमले के करीब डेढ़ घंटे बाद ट्रम्प ने मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका के संविधान पर हमला हुआ। सीक्रेट सर्विस ने मेरी जान बचाई। सुरक्षाकर्मियों ने बहादुरी से काम किया। जिस अफसर को गोली लगी, वह सुरक्षित है। उसने बुलेटप्रूफ जैकेट पहनी थी। हमलावर के पास पावरफुल गन थी।

डिनर के दौरान फायरिंग करने वाला शख्स कौन
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावर की पहचान 31 साल के कोल टॉमस एलन के रूप में हुई है। वह अमेरिका के कैलिफोर्निया का है। पब्लिक रिकॉर्ड्स के अनुसार, एलन पार्ट-टाइम टीचर और वीडियो गेम डेवलपर था। उसकी प्रोफाइल के मुताबिक, वह दिसंबर 2024 में ‘टीचर ऑफ द मंथ’ चुना गया था। उसने कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेकनोलॉजी से 2017 में मैकेनिकल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया। पिछले साल कैलिफोर्निया स्टेट यूनिवर्सिटी डोमिंगुएज हिल्स से कंप्यूटर साइंस में मास्टर्स डिग्री हासिल की थी।

जहां कार्यक्रम, उसी होटल में ठहरा था हमलावर
पुलिस विभाग के अंतरिम चीफ जेफरी कैरोल के मुताबिक, हमलावर उसी होटल में मेहमान था, जहां व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट का डिनर कार्यक्रम हो रहा था। जिस कमरे में वह ठहरा था, पुलिस उसकी भी जांच कर रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावर के पास एक शॉटगन, एक हैंडगन और कई चाकू थे। वॉशिंगटन डीसी की मेयर ने बताया कि हमलावर का अभी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
अमेरिकी अटॉर्नी ने बताया कि हमलावर पर दो आरोप लगे हैं। पहला, हिंसक अपराध के दौरान हथियार इस्तेमाल करना। दूसरा, खतरनाक हथियार से फेडरल अधिकारियों पर हमला करना। हमलावर को सोमवार को फेडरल अदालत में पेश किया जाएगा।

ट्रम्प बोले- आज की शाम काफी हलचल भरी रही
ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा, वॉशिंगटन में आज की शाम काफी हलचल भरी रही। सीक्रेट सर्विस और लॉ एन्फोर्समेंट एजेंसियों ने शानदार काम किया। उन्होंने तेजी से कार्रवाई की। हमलावर को पकड़ लिया गया है और मैंने सुझाव दिया है कि कार्यक्रम जारी रखें।

लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहींः पीएम मोदी 
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर राहत जताई कि राष्ट्रपति ट्रम्प, फर्स्ट लेडी और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस समेत सब सुरक्षित है। उन्होंने आगे लिखा कि लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है और इसकी स्पष्ट शब्दों में निंदा की जानी चाहिए। 

हमलवार ने कमला हैरिस को दिया था 25 डॉलर का चंदा
फेडरल इलेक्शन कमीशन (एफईसी) के रिकॉर्ड के मुताबिक, एलन ने अक्टूबर 2024 में कमला हैरिस के राष्ट्रपति चुनाव अभियान को 25 डॉलर का चंदा दिया था। लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, उसने 2017 में कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (कैलटेक) से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया था। इसके बाद कैलिफोर्निया स्टेट यूनिवर्सिटी-डोमिंगुएज हिल्स से कंप्यूटर साइंस में मास्टर्स डिग्री हासिल की। पब्लिक रिकॉर्ड्स के मुताबिक, वह पार्ट-टाइम टीचर और वीडियो गेम डेवलपर था।

चश्मदीद बोले- तेज धमाके की आवाज सुनी, मेजों के नीचे दुबके रहे
न्यूज एजेंसी की रिपोर्टर रीना भारद्वाज ने बताया, वॉशिंगटन के हिल्टन होटल के बैंक्वेट हॉल में अफरा-तफरी मच गई। मैंने सबसे पहले एक तेज आवाज सुनी। मुझे लगा कि शायद बर्तनों के गिरने की आवाज थी। लेकिन कुछ ही सेकेंड में मैंने देखा कि वेटर अपनी ट्रे लेकर अंदर भाग रहे थे और सुरक्षित जगह ढूंढ रहे थे। तभी मुझे लगा कि कुछ गड़बड़ है। टेबल पर बैठे लोग नीचे छिप गए। जब मुझे लगा कि अब उठना सुरक्षित है, तो मैंने देखा कि सुरक्षाकर्मी लंबी बंदूकें लिए मंच पर खड़े थे। अमेरिकी राष्ट्रपति को बाहर ले जाया जा चुका था। स्कॉट बेसेंट, काश पटेल, पीट हेगसेथ, विटकॉफ समेत उनके सभी कैबिनेट सदस्यों को एक-एक करके बाहर ले जाया गया। कार्यक्रम जल्द ही फिर से शुरू होने वाला है, यही घोषणा की गई है। सीएनएन की व्हाइट हाउस चीफ कॉरस्पॉन्डेंट कैटलिन कोलिंस ने बताया कि हम हिल्टन के बॉलरूम के अंदर थे। गोलियों की आवाज सुनाई देने के कुछ ही मिनटों के अंदर एजेंटों ने कमरे को घेर लिया और मुख्य गलियारे से दौड़ते हुए अंदर आए। क्योंकि कैबिनेट के अधिकारी पूरे कमरे में अलग-अलग जगहों पर बैठे थे, इसलिए उनमें से कई लोग जमीन पर ही लेटे रहे और जब राष्ट्रपति को मंच से बाहर निकाला जा रहा था, तब तक वे मेजों के नीचे दुबके रहे।

व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर सालाना कार्यक्रम है
कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर मीडिया और राजनीति का एक एक खास सालाना कार्यक्रम होता है। इसे व्हाइट हाउस कवर करने वाले पत्रकारों का संगठन व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट्स एसोसिएशन आयोजित करता है। इसमें राष्ट्रपति खुद पर, अपने विरोधियों पर और मीडिया पर मजाक करते हैं। ट्रम्प पिछले साल इसमें शामिल नहीं हुए थे। वे 2011 में एक गेस्ट के रूप में आए थे। तभी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने उनका मजाक बनाया था, जिसके बाद ट्रम्प ने राष्ट्रपति चुनाव लड़ने का फैसला किया था।

2024 में चुनाव से पहले ट्रम्प पर गोली चली थी
13 जुलाई 2024 को ट्रम्प पर पेंसिल्वेनिया में एक चुनावी रैली के दौरान जानलेवा हमला हुआ था। बटलर शहर में कैंपेन रैली को संबोधित करते समय एक हमलावर ने 400 फीट की दूरी से असॉल्ट राइफल से गोलियां चलाईं, जिसमें एक गोली ट्रम्प के दाहिने कान के ऊपरी हिस्से को छूती हुई निकल गई। गोली चलने के बाद सीक्रेट सर्विस के एजेंट्स ने तुरंत ट्रम्प को चारों तरफ से घेर लिया था और सुरक्षित बाहर ले गए। ट्रम्प को अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें जल्द ही छुट्टी मिल गई। सुरक्षाकर्मियों ने हमलावर को तुरंत मार गिराया। इस घटना में रैली में शामिल एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। ट्रम्प ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था, 'मुझे ईश्वर ने उन्हें बचाया।'

tranding
tranding
tranding