Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के सत्ता में आने के बाद महिलाओं के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं और राज्य के महत्वाकांक्षी युवाओं के लिए रोजगार प्रोत्साहन कार्यक्रम शुरू किए जायेंगे।

श्री मोदी ने सोमवार को बैरकपुर में एक रैली में कहा कि भाजपा विश्वास पर आधारित जनता की सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि हम जनता की सरकार लाएंगे जो विश्वास की सरकार होगी। उन्होंने कहा कि मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि बैरकपुर और बंगाल 'मेक इन इंडिया' का केंद्र बनेंगे।' उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बंद और बीमार कारखानों को प्रभावित करने वाले मुद्दों का समाधान किया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने युवाओं के लिए "पांच आश्वासन" देते हुए कहा, "सरकारी भर्ती विज्ञापन नियमित रूप से जारी किए जाएंगे। सभी रिक्त पद भरे जाएंगे और सरकारी कर्मचारी तृणमूल कांग्रेस के भय से मुक्त होंगे।" उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार के अंतर्गत राज्य कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग के लाभ प्राप्त होंगे।

श्री मोदी ने रोजगार के अवसरों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि कंटेंट निर्माण, गेमिंग और अन्य रचनात्मक उद्योगों के लिए नए प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा बंगाल के रचनात्मक युवाओं के लिए नए रास्ते खोलेगी।

उन्होंने ग्रामीण रोजगार बढ़ाने का वादा करते हुए कहा कि गांवों में वी-जी रामजी योजना के तहत 125 दिन की रोजगार गारंटी योजना लागू कीजाएगी। कारीगरों एवं मत्स्य पालन क्षेत्र से जुड़े लोगों को केंद्र सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ मिलेगा।

छोटे व्यापारियों के लिए श्री मोदी ने कहा, "स्ट्रीट वेंडर्स को पीएम स्वनिधि योजना से जोड़ा जाएगा और उनकी आजीविका को मजबूत करने के लिए उन्हें स्वनिधि कार्ड दिए जाएंगे।"

प्रधानमंत्री ने व्यापक कल्याणकारी उपायों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए दोहराया कि भाजपा सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मुफ्त राशन और पक्के मकानों के लिए 1.5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा।

उन्होंने "मातृ शक्ति भरोसा कार्ड" की भी घोषणा की, जिसके अंतर्गत महिलाओं को प्रतिवर्ष 36,000 रुपये मिलेंगे। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं को 21,000 रुपये, प्रसव के बाद 5,000 रुपये और शिक्षा के लिए 50,000 रुपये की सहायता मिलेगी।

श्री मोदी ने सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस को निशाना बनाते हुए आरोप लगाया कि एक "संगठन राज" विकास में बाधा डाल रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी दो इंजन वाली सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि हर घर में नल जल पहुंचे। राष्ट्रवादी भावना को जगाते हुए श्री मोदी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस का उल्लेख करते हुए कहा, "नेताजी ने कहा था, 'मुझे खून दो और मैं तुम्हें आजादी दूंगा।' यह एक नई क्रांति है, और यह आपके वोट के जरिए आएगी।"

उन्होंने मतदाताओं से भाजपा को समर्थन देने का आह्वान करते हुए कहा, "हमें अपना वोट देकर आशीर्वाद दें और हम बंगाल को तृणमूल के डर से, भ्रष्टाचार के डर से, सिंडिकेट राज से, महिलाओं पर अत्याचार से, बेरोजगारी से और घुसपैठ से मुक्त करेंगे।