Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 पीएम मोदी ने कहा-आजादी के बाद पहली बार ऐसा हुआ
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि खेती को स्मार्ट किए बिना, किसान को सशक्त किए बिना ये संभव नहीं है। खेती और देश की प्रगति में संबंध को इस तरह समझ सकते हैं। गरीबी को लेकर वर्ल्ड बैंक की स्टडी आई। इसमें बताया गया कि भारत के 50 करोड़ गरीबों ने गरीबी को मात दी। गांवों में बहुत तेजी से गरीबी घटी है। संयोग देखिए, बीते दशक में भारत में कृषि की विकास दर 4% से ज्यादा रही। ये आजादी के बाद पहला देश है, जब एग्रीकल्चर सेक्टर ने इतनी ग्रोथ हासिल की। इसी दौरान गांवों में बड़ी संख्या में गरीबों ने गरीबी को हराया है।

पीएम ने यह बात इंडिया टुडे ग्रुप के भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 में कही। दो दिवसीय सम्मेलन दिल्ली के भारत मंडपम में हुआ। इसमें 2,000 से ज्यादा किसान, नीति निर्माता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और ग्लोबल एक्सपर्ट्स शामिल हुए।

खेती को स्मार्ट करना जरूरी
पीएम मोदी ने कहा कि मैंने लाल किले से शक्ति की सप्तधारा की चर्चा की, जिसमें कृषि की बात थी। खेती और देश की प्रगति में संबंध को इस तरह समझ सकते हैं कि खेती को स्मार्ट किए बिना, किसान को सशक्त किए बिना ये संभव नहीं है।

खेती-किसानी हमारी संस्कृति-परंपरा है
पीएम मोदी ने कहा कि अभी दिवाली गुजरी, अब छठ की छटा छाई है। हमारे यहां कई त्योहार जैसे बिहू, ओणम, बैसाखी खेती से जुड़े हैं। यानी खेती-किसानी हमारी संस्कृति-परंपरा है, हमारे सामाजिक जीवन का आधार है।

भारत दूध उत्पादन में दुनिया में नंबर एक
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत हर साल 4 लाख करोड़ का एग्रीकल्चर प्रोडक्ट एक्सपोर्ट कर रहा है। भारत आज दूध उत्पादन में दुनिया में नंबर एक है। दालों, जूट, चावल में हम नंबर 1 हैं। गेहूं, मिलेट्स में भारत नंबर-2 है। ये आंकड़े बताते हैं कि भारत के किसानों का सामर्थ्य कितना बड़ा है।

पहले की सरकारों ने किसानों पर ध्यान नहीं दिया
पीएम मोदी ने कहा कि जिन्होंने दशकों तक सरकारें चलाईं, वे इतने से ही संतुष्ट हो गए कि किसानों ने अन्न के भंडार भर दिए। सिर्फ अन्न के गोदाम भरना काफी नहीं होता। समय के साथ बाजार बदले। मौसम बदला, टेक्नोलॉजी बदली। पहले इस पर भी ध्यान नहीं दिया गया।