0 कल 4000 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे
0 राज्य के 50वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे
गंगटोक। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार दोपहर 3 बजे सिक्किम की राजधानी गंगटोक पहुंचे। इसके बाद उन्होंने लिबिंग हेलिपैड से गवर्नर हाउस (लोक भवन) तक उन्होंने रोड शो किया। सिक्किम के राज्य बनने के 50 साल पूरे होने के जश्न के बीच यह रोड शो जनभावनाओं, सांस्कृतिक गौरव और उत्साह का प्रतीक बन गया। मोदी दो दिवसीय सिक्किम दौरे पर हैं। मंगलवार को वे राज्य के 50वें स्थापना दिवस समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे और 4000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।
परंपरागत नेपाली टोपी पहने पीएम मोदी मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के साथ खुले वाहन में सवार होकर लिबिंग हेलिपैड से लोक भवन तक करीब 2 किलोमीटर लंबे रोड शो में शामिल हुए। सड़कों के दोनों ओर हजारों लोग सुबह से ही मौजूद थे। हाथों में तिरंगा, नारों की गूंज और तालियों की आवाज़ के बीच पीएम मोदी का जोरदार स्वागत किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पीएम का स्वागत
सिक्किम पहुंचने पर पीएम मोदी के स्वागत में कोई कसर नहीं छोड़ी गई। पूरा माहौल उत्साह से भरा रहा। पारंपरिक सिक्किमी नृत्य दलों की प्रस्तुतियां हुई और स्थानीय वाद्य यंत्रों की गूंज सुनाई दी। लोक संस्कृति के रंग ने गंगटोक को सिक्किम की सांस्कृतिक पहचान का जीवंत मंच बना दिया। यह रोड शो सिर्फ राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि सिक्किम की सांस्कृतिक विरासत का सार्वजनिक उत्सव बन गया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी के साथ रोड शो में मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग, सिक्किम बीजेपी अध्यक्ष डीआर थापा मौजूद रहे। वहीं, राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर पहले ही लोक भवन पहुंच चुके थे और उन्होंने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। राज्य की भौगोलिक और सामरिक संवेदनशीलता को देखते हुए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। सिक्किम की सीमाएं चीन से लगती हैं, इसलिए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क रहीं।
बता दें कि 16 मई 2025 को सिक्किम को राज्य बने 50 साल पूरे हुए थे। तब पीएम वर्चुअली 50वें स्थापना दिवस समारोह से जुड़े थे। मंगलवार को एक साल से चल रहे समारोह का समापन होगा।
4 हजार करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास
पीएम अपने दो दिवसीय दौरे पर शिक्षा, स्वास्थ्य, कनेक्टिविटी, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, पर्यावरण और कृषि से जुड़ी लगभग 4 हजार करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इनमें नामची में 100 बेड का अस्पताल, देओराली में 30 बेड का अस्पताल, तीस्ता नदी पर दो डबल-लेन स्टील पुल और गंगटोक में सिविल सर्विस ऑफिसर्स इंस्टीट्यूट शामिल हैं।
प्रधानमंत्री 'डबल-लेन स्टील आर्क पुलों' की भी रखेंगे आधारशिला
इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी 160 स्कूलों में आईटी-सक्षम बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को भी लॉन्च किया जाएगा। कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए, पीएम मोदी तीस्ता नदी पर सिरवानी और लोअर समदोंग में दो 'डबल-लेन स्टील आर्क पुलों' की आधारशिला रखेंगे, और बर्डहांग से किचूडुमरा होते हुए नामची तक जाने वाली सड़क का उद्घाटन करेंगे। बिजली क्षेत्र में, वे गंगटोक में पारेषण और वितरण नेटवर्क के नवीनीकरण का उद्घाटन करेंगे।